51. डाकू ग्रस्त क्षेत्र में सुपरविजन Supervision in Daku Area
वर्ष 1998 की बात है। उस समय शिक्षाकर्मी प्रोजेक्ट में डिप्टी डायरेक्टर के पद पर कार्यरत था। हमने प्रोजेक्ट में ऐसे दूरस्थ स्थानों पर स्कूल खोल रखे थे जहाँ सरकार स्कूल चलाने में असमर्थ थी। राजस्थान के करौली जिले में कैलादेवी अभयारण्य में भी एक मिडिल स्कूल खोल रखा था। वह स्कूल जंगल के एकदम अंदर था। उस स्कूल में इंस्पेक्शन के लिए कोई भी उच्चाधिकारी तीन सालों से नहीं गया था। चूँकि सारे राजस्थान के प्रोजेक्ट के मिडिल स्कूल मेरे अधीन थे इसलिए मैंने सोचा कि अपने को जाकर देखना चाहिए। किसी ने यह नहीं बताया था कि वह क्षेत्र डाकुग्रस्त है। खैर मैंने वहाँ विजिट फिक्स की। उदयपुर से गंगापुर सिटी ट्रैन से गया और वहां रहने वाले एक परिचित के यहाँ ठहरा। स्कूलों पर सुपरविजन के लिए वहां के स्थानीय शिक्षक को लगा रखा था। वह सुबह एक जीप लेकर आया और हम विजिट के लिए निकल पड़े। उस जंगल की पेराफेरी पर ही रहने वाले एक पथप्रदर्शक शिक्षाकर्मी को लिया। बीहड़ जंगलों और नदी नालों में होते हुए हमारी जीप जा रही थी। मार्ग में एक एनीकट पर 5 -6 व्यक्ति नहा रहे थे। वहां एक व्यक्ति ने हमारे पथप्रदर्शक से हाथ का इशारा कर पूछा कि तुम्हारे साथ कौन है। उसने भी हाथ के इशारे से समझा दिया। खैर हम जैसे तैसे स्कूल पहुंचे। उस जंगल में भी बच्चों को फर्राटे से अंग्रेजी बोलते देख मुझे बहुत ख़ुशी हुई। हमारे विद्यालयों का शिक्षा का स्तर बहुत अच्छा था। सारे राज्य से हमारे स्कूलों की मांग रहती थी। हम सुपरविजन के लिए जहाँ भी जाते यह आवश्यक था कि वहां के पेरेंट्स से सीधी बात करके आये। पेरेंट्स मीटिंग के लिए एक घंटी बजाई गई, चूँकि उनको पहले से ही सूचित किया हुआ था,कुछ ही समय में 100 से भी अधिक पेरेंट्स आ गए। अधिकांश लम्बे-चौड़े, बड़ी-बड़ी मूंछों वाले लोग थे। बैठक शुरू हुई, परिचय हुआ, मैंने अपनी बात रखी। जब उनकी बारी आयी तो मुखिया उठा। उसके बात शुरू करते ही मुझे कंपकंपी छूट गई। वह बोला, " हुकुम, आपतो जानते हो, यहाँ अधिकांश बच्चे हम डाकुओं की संताने हैं। " आगे क्या बोला मुझे ध्यान नहीं, क्योंकि मेरी तो हालत खराब थी। मैंने अपने पथप्रदर्शक की तरफ प्रश्नवाचक निगाहों से देखा जैसे पूछ रहा था कि मुझे बताया क्यों नहीं , वो मुस्कुरा रहा था। खैर २ मिनट में मैंने अपने को संभाल लिया यह सोचकर कि सिर दिया ऊखल में तो मुसल से क्या डरना, अब जो होगा देखा जाएगा। मुखिया के शब्द कान पड़े " यहाँ किसी खाकी वर्दी वाले की आने की हिम्मत नहीं है साहब , यहां आप जैसे गुरुदेव ही कदम रख सकते हैं क्योंकि आप हमारे बच्चों के लिए अच्छा काम कर रहे है। " खैर मुझे बातें जो करनी थी की। उन लोगों के साथ दाल बाटी का खाना खाया । उन्होंने हैंड पंप खुदवाने की विनती की। इतने में तेज मुसळधार बारिश आ गई। 4 बज गई थी। सबने राय दी कि आपको वर्षा रुकने पर अब निकल जाना चाहिए। आधा घंटे में बारिश थम गई। पर हमारे मार्गदर्शक ने हाथ खड़े कर दिए , उसने कहा, क्योंकि जिस रस्ते से आएं हैं उनमे जो नदी नाले थे उनमे पानी आ गया होगा जीप नहीं जा पाएगी। तब एक डाकू बोला " आप मेरा विश्वास करो तो मैं आपको जंगल के बाहर तक पहुंचा देता हूँ।" मरता क्या न करता, मैंने उस डाकू से कहा, "अब तो आप पर ही विश्वास करना पड़ेगा आखिर इतनी देर से जो आपके साथ हूँ मुझे आप पर पूरा भरोसा है। " खैर साहब, उसने नए रास्ते से हमें बाहर पहुंचा दिया, रास्ते में 2 घंटे में डाकुओं के बहुत किस्से सुनाए। मेरा डर गायब हो चूका था। जंगल के अंदर ही उससे विदा ली। उसके विदा होते ही मैंने अपने पथप्रदर्शक से लहजे में कह, " तुमने यह क्यों नहीं बताया कि यह डाकुओं का क्षेत्र है। " वह बोला , " सर , पहले बता देता तो शायद आप जाते ही नहीं। स्कूल खुलने के बाद आप पहले अधिकारी हैं जो यहाँ आये हैं। " मैंने उससे पूछा, " जाते वक्त जो लोग एनीकट पर नहाते हुए मिले वो कौन थे " उसने कहा," सर, वो डाकू राम सिंह था, उसके ऊपर 50 हजार का इनाम है। उसकी प्रेमिका है सूरज , वह भी डाकू है। " इनका पूरे क्षेत्र में बहुत खौफ है। खैर हम घर पहुंचे, वहां जाने पर मैंने जीप वाले से कहा कि कल फलानी जगह चलना है। वह मेरे पावों में गिर पड़ा, मुझे माफ़ करो, पूरे समय उसकी घिग्घी बंधी रही थी. पूरी यात्रा मैं वह चुप ही रहा था। मैंने उससे कहा," तू तो मीणा जाति से है , इन्ही लोगों की जाति का है, डरता क्यों है ? " वो बोला , " काहे का मीणा साहब, मैं तो व्यापार करता हूँ , पैदाइशी भले ही मीणा हूँ पर अब काम तो बनिए का करता हूँ। इसलिए वैसा ही मन हो गया है। "
उसको विदा किया। कलेक्टर से मिला, उन्हें हैंड पंप लगाने की बात की , वहाँ मेरे जाने की बात सुनकर कलेक्टर को आश्चर्य हुआ। 3 महीने में वहां हैंडपंप खुद गया। मेरे पास डाकू मुखिया का लिखा आभार का पोस्ट कार्ड आया। वह काफी समय तक तो मेरे पास सुरक्षित था पर फिर पता नहीं कहाँ गया। मुझे आज भी यह घटना याद आती है, कभी कभी विचार आता था कि यदि वह बंधक बना लेते तो।