39. स्थानांतरण हेतु रिश्वत की मांग Demand of bribe for Transfer
ग्रामीण विद्यालय में संस्था प्रधान के रूप में कार्य करते हुए 4 साल हो गए थे। सन 1988 की बात है, राजनेता मित्र ने शहर में ट्रांसफर कराने में असमर्थता व्यक्त कर दी थी। एक दिन मैं अपने अंकल से मिलने गया था। उन्होंने कहा आज तुम्हारा डायरेक्टर मेरे साथ था। मैंने इस अवसर का उपयोग किया। मैंने ट्रांसफर की बात की, उन्होंने उसी समय डायरेक्टर साहब से फोन पर बात की। उन्होंने कहा तेरा काम हो जाएगा।
एक दिन एक शिक्षक नेता मेरे पास आया। उसने कहा ट्रांसफर कराना है क्या? मैंने कहा कि कराना तो है ही। वह घुमा फिरा कर बात करते हुए 5000 रूपए पर आ गया। मैंने मना कर दिया। शाम को मैं अपने एक मित्र के पास गया, ऐसे ही उक्त बात पर भी चर्चा हुई। उसने कहा कि अरे चलो अभी बात करते हैं। उसने अपने पास रखे पैसे लिए और मुझे साथ लेकर निकला । रास्ते में एक राजनेता मिला गया , उसने कहा चलो घूम कर आते हैं। हम उसकी जीप में बैठ गए। घूमने में रात की दस बज गई। हमने उस शिक्षक नेता के पास जाना कैंसिल कर दिया। मेरा मित्र बहुत पीछे पड़ा पर मेरा मन नहीं माना।
घर आया, पिताजी ने कहा तेरे स्टाफ का एक लेक्चरर आया था वह यह लिफाफा दे गया है। मैंने लिफाफा खोला, वह मेरे शहर के स्कूल में ट्रांसफर का आदेश था, यह काम अंकल की सिफारिश से ही हुआ था। यदि मैं शिक्षक नेता और मित्र की बातों में आ जाता तो बिना बात ही पैसों की हानि हो जाती।
मैंने नए स्कूल में ज्वाइन किया। वह स्कूल एक कद्दावर क्षेत्रीय राजनेता के क्षेत्र का था। उसकी सिफारिश के बिना कोई उस स्कूल में नहीं रह सकता था। शिक्षा मंत्री भी मेरे शहर का ही था। वह नेता शिक्षा मंत्री का खास था। स्कूल में दो शिक्षक भी उसके खास थे जो हमेशा शिक्षा मंत्रीजी के घर पर हाजिरी देते रहते थे। उनको यह आश्चर्य था कि यह व्यक्ति यहाँ कैसे आ गया। यहाँ तक कि मंत्रीजी भी आश्चर्यचकित थे पर वह किसी से नहीं बोले । उनके खास आदमियों ने जब जोर देकर पूछा तो मंत्रीजी ने एक अन्य प्रभावशाली नेता का नाम लेकर बताया था कि फलाने व्यक्ति की सिफारिश थी। पर सत्य तो सिर्फ मैं और अंकल ही जानते थे। खेर मैं चुप ही रहा और लोगों को भ्रम में रहने दिया।
पर वह स्थानीय राजनेता और दोनों शिक्षक सरदर्द बने हुए थे। स्कूल टाइम में दोनों शिक्षक उस राज नेता को लेकर मंत्रीजी के यहाँ जाने के बहाने खिसक लेते थे। वह राजनेता मेरे ज्वाइन करने के बाद कभी मेरे विद्यालय में नहीं आया था। एक दिन मैंने उसको अंदर बुलवाया। मैंने उनसे अनुरोध किया कि वे टीचर्स को लेकर न जाएं इससे स्कूल डिस्टर्ब रहता है। वह नेता समझ गया फिर भी वे टीचर मंत्रीजी के यहाँ चले जाते थे। मैं एक दिन मंत्रीजी के घर गया। मैंने अपनी बात कही। वे बोले, "अरे ये दोनों बिना बात यहीं बैठे रहते हैं। आप तो रोक लो, मेरे यहाँ कोई काम नहीं रहता है। आम शिक्षकों पर अपना रोब जमाने के लिए यहीं जमे रहते हैं। " मैंने इसके बाद उनको रोकना चालू कर दिया। वह नाराज रहने लगे। एक दिन उन्होंने कहा कि हम नहीं जाते हैं तो मंत्रीजी नाराज हो जाएंगे । मैंने कहा "चिंता मत करो, मैं मंत्रीजी से मिल चूका हूँ। " फिर सारा कुछ शान्ति से चला।
दो सबक मैंने लिए। पहला कि ट्रांसफर आदि के लिए कभी किसी के झांसे में नहीं आना। दर असल उस शिक्षक नेता को पता लग गया था कि मेरा ट्रांसफर हो गया है क्योंकि आदेश तीन दिन पहले हो गए थे। इसलिए वह कुछ पैसे बनाने के जुगाड़ में लग गया था। नौकरी के दौरान अपने इतने ट्रांसफर कराए पर कभी एक पैसा खर्च नहीं किया। दूसरा सबक यह लिया कि कोई भी राजनेता या बड़ा अधिकारी यह पसंद नहीं करता है कि हर ऐरा गेरा व्यक्ति उनसे संपर्कों का बेजा लाभ उठाए।