vidyarthi,shikshak,shiksha adhikari ke roop me anubhut shiksha ki chunautiyan : kuchh sansmaran
Friday, October 17, 2025
Saturday, August 7, 2021
51. डाकू ग्रस्त क्षेत्र में सुपरविजन Supervision in Daku Area
वर्ष 1998 की बात है। उस समय शिक्षाकर्मी प्रोजेक्ट में डिप्टी डायरेक्टर के पद पर कार्यरत था। हमने प्रोजेक्ट में ऐसे दूरस्थ स्थानों पर स्कूल खोल रखे थे जहाँ सरकार स्कूल चलाने में असमर्थ थी। राजस्थान के करौली जिले में कैलादेवी अभयारण्य में भी एक मिडिल स्कूल खोल रखा था। वह स्कूल जंगल के एकदम अंदर था। उस स्कूल में इंस्पेक्शन के लिए कोई भी उच्चाधिकारी तीन सालों से नहीं गया था। चूँकि सारे राजस्थान के प्रोजेक्ट के मिडिल स्कूल मेरे अधीन थे इसलिए मैंने सोचा कि अपने को जाकर देखना चाहिए। किसी ने यह नहीं बताया था कि वह क्षेत्र डाकुग्रस्त है। खैर मैंने वहाँ विजिट फिक्स की। उदयपुर से गंगापुर सिटी ट्रैन से गया और वहां रहने वाले एक परिचित के यहाँ ठहरा। स्कूलों पर सुपरविजन के लिए वहां के स्थानीय शिक्षक को लगा रखा था। वह सुबह एक जीप लेकर आया और हम विजिट के लिए निकल पड़े। उस जंगल की पेराफेरी पर ही रहने वाले एक पथप्रदर्शक शिक्षाकर्मी को लिया। बीहड़ जंगलों और नदी नालों में होते हुए हमारी जीप जा रही थी। मार्ग में एक एनीकट पर 5 -6 व्यक्ति नहा रहे थे। वहां एक व्यक्ति ने हमारे पथप्रदर्शक से हाथ का इशारा कर पूछा कि तुम्हारे साथ कौन है। उसने भी हाथ के इशारे से समझा दिया। खैर हम जैसे तैसे स्कूल पहुंचे। उस जंगल में भी बच्चों को फर्राटे से अंग्रेजी बोलते देख मुझे बहुत ख़ुशी हुई। हमारे विद्यालयों का शिक्षा का स्तर बहुत अच्छा था। सारे राज्य से हमारे स्कूलों की मांग रहती थी। हम सुपरविजन के लिए जहाँ भी जाते यह आवश्यक था कि वहां के पेरेंट्स से सीधी बात करके आये। पेरेंट्स मीटिंग के लिए एक घंटी बजाई गई, चूँकि उनको पहले से ही सूचित किया हुआ था,कुछ ही समय में 100 से भी अधिक पेरेंट्स आ गए। अधिकांश लम्बे-चौड़े, बड़ी-बड़ी मूंछों वाले लोग थे। बैठक शुरू हुई, परिचय हुआ, मैंने अपनी बात रखी। जब उनकी बारी आयी तो मुखिया उठा। उसके बात शुरू करते ही मुझे कंपकंपी छूट गई। वह बोला, " हुकुम, आपतो जानते हो, यहाँ अधिकांश बच्चे हम डाकुओं की संताने हैं। " आगे क्या बोला मुझे ध्यान नहीं, क्योंकि मेरी तो हालत खराब थी। मैंने अपने पथप्रदर्शक की तरफ प्रश्नवाचक निगाहों से देखा जैसे पूछ रहा था कि मुझे बताया क्यों नहीं , वो मुस्कुरा रहा था। खैर २ मिनट में मैंने अपने को संभाल लिया यह सोचकर कि सिर दिया ऊखल में तो मुसल से क्या डरना, अब जो होगा देखा जाएगा। मुखिया के शब्द कान पड़े " यहाँ किसी खाकी वर्दी वाले की आने की हिम्मत नहीं है साहब , यहां आप जैसे गुरुदेव ही कदम रख सकते हैं क्योंकि आप हमारे बच्चों के लिए अच्छा काम कर रहे है। " खैर मुझे बातें जो करनी थी की। उन लोगों के साथ दाल बाटी का खाना खाया । उन्होंने हैंड पंप खुदवाने की विनती की। इतने में तेज मुसळधार बारिश आ गई। 4 बज गई थी। सबने राय दी कि आपको वर्षा रुकने पर अब निकल जाना चाहिए। आधा घंटे में बारिश थम गई। पर हमारे मार्गदर्शक ने हाथ खड़े कर दिए , उसने कहा, क्योंकि जिस रस्ते से आएं हैं उनमे जो नदी नाले थे उनमे पानी आ गया होगा जीप नहीं जा पाएगी। तब एक डाकू बोला " आप मेरा विश्वास करो तो मैं आपको जंगल के बाहर तक पहुंचा देता हूँ।" मरता क्या न करता, मैंने उस डाकू से कहा, "अब तो आप पर ही विश्वास करना पड़ेगा आखिर इतनी देर से जो आपके साथ हूँ मुझे आप पर पूरा भरोसा है। " खैर साहब, उसने नए रास्ते से हमें बाहर पहुंचा दिया, रास्ते में 2 घंटे में डाकुओं के बहुत किस्से सुनाए। मेरा डर गायब हो चूका था। जंगल के अंदर ही उससे विदा ली। उसके विदा होते ही मैंने अपने पथप्रदर्शक से लहजे में कह, " तुमने यह क्यों नहीं बताया कि यह डाकुओं का क्षेत्र है। " वह बोला , " सर , पहले बता देता तो शायद आप जाते ही नहीं। स्कूल खुलने के बाद आप पहले अधिकारी हैं जो यहाँ आये हैं। " मैंने उससे पूछा, " जाते वक्त जो लोग एनीकट पर नहाते हुए मिले वो कौन थे " उसने कहा," सर, वो डाकू राम सिंह था, उसके ऊपर 50 हजार का इनाम है। उसकी प्रेमिका है सूरज , वह भी डाकू है। " इनका पूरे क्षेत्र में बहुत खौफ है। खैर हम घर पहुंचे, वहां जाने पर मैंने जीप वाले से कहा कि कल फलानी जगह चलना है। वह मेरे पावों में गिर पड़ा, मुझे माफ़ करो, पूरे समय उसकी घिग्घी बंधी रही थी. पूरी यात्रा मैं वह चुप ही रहा था। मैंने उससे कहा," तू तो मीणा जाति से है , इन्ही लोगों की जाति का है, डरता क्यों है ? " वो बोला , " काहे का मीणा साहब, मैं तो व्यापार करता हूँ , पैदाइशी भले ही मीणा हूँ पर अब काम तो बनिए का करता हूँ। इसलिए वैसा ही मन हो गया है। "
उसको विदा किया। कलेक्टर से मिला, उन्हें हैंड पंप लगाने की बात की , वहाँ मेरे जाने की बात सुनकर कलेक्टर को आश्चर्य हुआ। 3 महीने में वहां हैंडपंप खुद गया। मेरे पास डाकू मुखिया का लिखा आभार का पोस्ट कार्ड आया। वह काफी समय तक तो मेरे पास सुरक्षित था पर फिर पता नहीं कहाँ गया। मुझे आज भी यह घटना याद आती है, कभी कभी विचार आता था कि यदि वह बंधक बना लेते तो।
Sunday, May 10, 2020
39. स्थानांतरण हेतु रिश्वत की मांग Demand of bribe for Transfer
ग्रामीण विद्यालय में संस्था प्रधान के रूप में कार्य करते हुए 4 साल हो गए थे। सन 1988 की बात है, राजनेता मित्र ने शहर में ट्रांसफर कराने में असमर्थता व्यक्त कर दी थी। एक दिन मैं अपने अंकल से मिलने गया था। उन्होंने कहा आज तुम्हारा डायरेक्टर मेरे साथ था। मैंने इस अवसर का उपयोग किया। मैंने ट्रांसफर की बात की, उन्होंने उसी समय डायरेक्टर साहब से फोन पर बात की। उन्होंने कहा तेरा काम हो जाएगा।
एक दिन एक शिक्षक नेता मेरे पास आया। उसने कहा ट्रांसफर कराना है क्या? मैंने कहा कि कराना तो है ही। वह घुमा फिरा कर बात करते हुए 5000 रूपए पर आ गया। मैंने मना कर दिया। शाम को मैं अपने एक मित्र के पास गया, ऐसे ही उक्त बात पर भी चर्चा हुई। उसने कहा कि अरे चलो अभी बात करते हैं। उसने अपने पास रखे पैसे लिए और मुझे साथ लेकर निकला । रास्ते में एक राजनेता मिला गया , उसने कहा चलो घूम कर आते हैं। हम उसकी जीप में बैठ गए। घूमने में रात की दस बज गई। हमने उस शिक्षक नेता के पास जाना कैंसिल कर दिया। मेरा मित्र बहुत पीछे पड़ा पर मेरा मन नहीं माना।
घर आया, पिताजी ने कहा तेरे स्टाफ का एक लेक्चरर आया था वह यह लिफाफा दे गया है। मैंने लिफाफा खोला, वह मेरे शहर के स्कूल में ट्रांसफर का आदेश था, यह काम अंकल की सिफारिश से ही हुआ था। यदि मैं शिक्षक नेता और मित्र की बातों में आ जाता तो बिना बात ही पैसों की हानि हो जाती।
मैंने नए स्कूल में ज्वाइन किया। वह स्कूल एक कद्दावर क्षेत्रीय राजनेता के क्षेत्र का था। उसकी सिफारिश के बिना कोई उस स्कूल में नहीं रह सकता था। शिक्षा मंत्री भी मेरे शहर का ही था। वह नेता शिक्षा मंत्री का खास था। स्कूल में दो शिक्षक भी उसके खास थे जो हमेशा शिक्षा मंत्रीजी के घर पर हाजिरी देते रहते थे। उनको यह आश्चर्य था कि यह व्यक्ति यहाँ कैसे आ गया। यहाँ तक कि मंत्रीजी भी आश्चर्यचकित थे पर वह किसी से नहीं बोले । उनके खास आदमियों ने जब जोर देकर पूछा तो मंत्रीजी ने एक अन्य प्रभावशाली नेता का नाम लेकर बताया था कि फलाने व्यक्ति की सिफारिश थी। पर सत्य तो सिर्फ मैं और अंकल ही जानते थे। खेर मैं चुप ही रहा और लोगों को भ्रम में रहने दिया।
पर वह स्थानीय राजनेता और दोनों शिक्षक सरदर्द बने हुए थे। स्कूल टाइम में दोनों शिक्षक उस राज नेता को लेकर मंत्रीजी के यहाँ जाने के बहाने खिसक लेते थे। वह राजनेता मेरे ज्वाइन करने के बाद कभी मेरे विद्यालय में नहीं आया था। एक दिन मैंने उसको अंदर बुलवाया। मैंने उनसे अनुरोध किया कि वे टीचर्स को लेकर न जाएं इससे स्कूल डिस्टर्ब रहता है। वह नेता समझ गया फिर भी वे टीचर मंत्रीजी के यहाँ चले जाते थे। मैं एक दिन मंत्रीजी के घर गया। मैंने अपनी बात कही। वे बोले, "अरे ये दोनों बिना बात यहीं बैठे रहते हैं। आप तो रोक लो, मेरे यहाँ कोई काम नहीं रहता है। आम शिक्षकों पर अपना रोब जमाने के लिए यहीं जमे रहते हैं। " मैंने इसके बाद उनको रोकना चालू कर दिया। वह नाराज रहने लगे। एक दिन उन्होंने कहा कि हम नहीं जाते हैं तो मंत्रीजी नाराज हो जाएंगे । मैंने कहा "चिंता मत करो, मैं मंत्रीजी से मिल चूका हूँ। " फिर सारा कुछ शान्ति से चला।
दो सबक मैंने लिए। पहला कि ट्रांसफर आदि के लिए कभी किसी के झांसे में नहीं आना। दर असल उस शिक्षक नेता को पता लग गया था कि मेरा ट्रांसफर हो गया है क्योंकि आदेश तीन दिन पहले हो गए थे। इसलिए वह कुछ पैसे बनाने के जुगाड़ में लग गया था। नौकरी के दौरान अपने इतने ट्रांसफर कराए पर कभी एक पैसा खर्च नहीं किया। दूसरा सबक यह लिया कि कोई भी राजनेता या बड़ा अधिकारी यह पसंद नहीं करता है कि हर ऐरा गेरा व्यक्ति उनसे संपर्कों का बेजा लाभ उठाए।
37. मतदान केंद्र पर चुनाव के दौरान गोलियां चलने का भय Fear of bullets at polling booth.
पहले तो चुनाव कराना ही अपने आप में भारी तनावभरा होता है, और अगर वह मतदान केंद्र अतिसंवेदनशील हो तो उसका तनाव उस दिन से प्रारम्भ हो जाता है जिस दिन चुनाव केंद्र का आंवटन होता है। अतिसंवेदनशील केंद्र का मतलब है वहां लड़ाई झगडे आदि कुछ भी हो सकता है। पंचायत चुनाव में ऐसे ही एक केंद्र पर रिटर्निंग ऑफिसर के रूप में चुनाव कराने सौभाग्य प्राप्त हुआ। लोक सभा की तुलना में विधान सभा, विधान सभा की तुलना में पंचायत चुनाव करना अधिक कठिन होता है। पंचायत में चुनाव रिटर्निंग अफसर को उम्मीदवारों के नामांकन पत्र लेने, उन्हें स्वीकार अस्वीकार करने, चुनाव चिह्न देने , मत पत्र तैयार करने , चुनाव कराने, मतगणना कराने , रिजल्ट घोषित करने और शपथ दिलवाने तक के कार्य करने होते हैं। इस चुनाव में केंद्र के रिटर्निंग ऑफिसर के पास कलेक्टर के चुनाव सम्बन्धी सभी अधिकार हस्तांतरित होते हैं।
जब पहाड़ी क्षेत्र के मतदान केंद्र पर पहुंचे तो वहां का इतिहास मालूम किया। पता चला कि प्रमुख दलों की और से चिरप्रतिद्वंदी ही सरपंच का चुनाव लड़ रहे हैं। वे भी साधारण नहीं बल्कि पार्टी में बहुत अच्छा वर्चस्व रखने वाले। पिछले चुनाव में ब उम्मीदवार की तरफ से की गई गोलीबारी में अ घायल हो गया था। घायल अ उम्मीदवार चुनाव हारा हुआ था। अ ने इस चुनाव में चुनौती दे रखी थी कि यदि इस बार भी उसका प्रतिद्वंदी ब जीता तो उसकी लाश ही पोलिंग बूथ के बाहर आएगी। अब हमारी हालत तो और ख़राब हो गई। रातों की नींद गायब। चुनाव के हर कदम पर अड़चने आयीं।
सबसे पहले जब नामांकन स्वीकार करने की बारी आई तो अ उम्मीदवार ने ब के शिक्षा कर बाकी होने के आधार पर नामांकन ख़ारिज करने की बात की , तो ब ने उसके रसीद दिखा दी। दूसरा नाम वापसी के समय हुआ, अ के दबाव में ब के लोग वार्ड पांच का नामांकन जमा नहीं करा पाए थे। पर एक व्यक्ति ने वार्ड पंच का परचा भर ही दिया था। नाम वापसी के समय से 2 मिनट पूर्व अ के लोग उस उम्मीदवार को पकड़ लाए। मुझसे फॉर्म माँगा मैंने दे दिया। ब नाम वापसी फॉर्म न देने का दबाव बना रहा था पर यह कहकर कि मेरी घडी के हिसाब से अभी समय बाकी है मैंने वह दे दिया। खींचातानी में उम्मीदवार ने फॉर्म भर दिया। तब तक नाम वापसी का समय निकल गया। मैंने फॉर्म लेने से मना कर दिया। दूसरा पक्ष नाराज हो गया। अ का छोटा भाई मेरा क्लास फेलो था , मैंने उसे समझाया, वह नाराज होता हुआ भी मान गया।
मतदान वाले दिन Dy SP के नेतृत्व में एक स्पेशल फाॅर्स मेरे यहाँ थी। जोनल मेजिस्ट्रेट भी वहीँ डेरा डाले हुए थे। मतदान के समय दो गुंडे किस्म के लोग ब के पक्ष में प्रचार कर रहे थे जो कि गैर कानूनी था। वे दोनों जोनल मजिस्ट्रेट के परिचित थे पर वे कुछ न बोले तथा मुझे बुलाकर उन्हें मना करने के लिए कहा। मैं भी उन दोनों को अच्छी तरह जानता था। पर मेने अनजान बन कर उन्हें मना किया। वे वहां से चले गए।
मत गणना का समय आया। मतों की गड्डियां बनाई गई। लगभग बराबर थी। पर गिनती के बाद अ 50 वोटों से जीत गया, हम भीं यही चाह रहे थे कि वह जीते वरना गोलियां चल जाती। अ ने अपने आदमियों को बंदूकें लेकर जंगल में पेड़ों पर बैठा रखा था। खैर चुनाव भयंकर तनाव में संपन्न हुआ। उस दौरान और भी कई तनावभरी बातें हुईं जिनका उल्लेख नहीं किया है। कुछ वर्षों के बाद की बात है एक उम्मीदवार ने दूसरे उम्मीदवार के 10 लोगों सड़क पर कुचल कुचल कर मार डाला था। सोचिये कितने खतरनाक लोग थे वे।
36. आम चुनाव का न भूलाया जा सका वह दिन Aam chunaw ka na bhulaya ja saka wah din
सरकारी कर्मचारियों को लोग आराम तलबी और काम चोर प्राणी मानते हैं, पर वे नहीं जानते कि उसे कैसी कैसी विचित्र परिस्थितियों का सामना करना पड़ता है। जनगणना, आम चुनाव, पशु गणना , आर्थिक सर्वे और भी बहुत कुछ कार्य उसे करना पड़ते हैं। और बेचारा शिक्षक तो अपने जॉब चार्ट से इतर कार्य ही करता रहता है।और चुनाव कराना तो बहुत ही तनाव भरा कार्य होता है। जबसे सरकारी सेवा में आया तबसे सारे ही चुनाव कराएं होंगे। ऐसे कई क्षण आये जब भयंकर तनाव का सामना करना पड़ा। तीन घटनाएं उल्लेखनीय थीं। आज मैं एक घटना के बारे में बता रहा हूँ। विधान सभा के आम चुनाव थे। मैं प्रिसाइडिंग ऑफिसर था। सुदूर पहाडी क्षेत्र के गॉंव में मेरे पोलिंग बूथ पर चुनाव के सुचारु संचालन की समस्त जिम्मेदारी मेरी थी। मेरी टीम में 5 पोलिंग ऑफिसर थे। मतदान प्रारम्भ हो चूका था। शाम के कोई साढ़े चार बजे थे। मतदान बहुत ठंडा पड़ चूका था। इक्के दुक्के मतदाता वोट डालने आ रहे थे।
अचानक मैंने देखा कि सौ-डेढ़सौ लोगों का हुजूम तेजी से हमारे बूथ की तरफ आ रहा है। सोचा यार अब इतने लोग और वोट डालेंगे तो शाम के आठ बजे यहाँ से फारिक नहीं हो पाएंगे। मैंने पुलिस को भेजा, वह लोट कर आया और बोला, "सर! मामला गंभीर है। " मैंने पूछा , " क्या हुआ ?" उसने जो बताया वह वास्तव में बहुत ही गंभीर मुद्दा था। उसने बताया था कि गांव वालों की शिकायत है कि अपनी टीम के किसी पोलिंग अफसर ने किसी महिला के साथ जबरदस्ती करने की कोशिश की है। बाप रे ,दिमाग एक दम ख़राब, भयंकर तनाव। इतने में उसकी आवाज सुनाई दी, " वो आपसे बात करना चाहते हैं। " सबसे पहले मैंने उस व्यक्ति को भगा दिया। फिर मैं बाहर गया। स्कूल के परकोटे पर खड़ा होकर उनको सम्बोधित किया। भीड़ में वह महिला भी थी और बढ़ चढ़ कर बोल रही थी। उसके आचरण को देख कर यह तो समझ गया था कि उस महिला का चाल चलन सही नहीं हो सकता। मैंने अपनी तरफ से माफ़ी मांगते हुए दोषी के खिलाफ कार्यवाही का आश्वासन दिया। तथा कहा कि चार पांच जिम्मेदार व्यक्ति आ जाएं आगे बात करने के लिए।
चार लोग अंदर आ गए। मैंने पुलिस जो कि एक सीनियर व्यक्ति था से मामले को सँभालने के लिए कहा। पुलिस ऐसे मामलों को हैंडल करने में एक्सपर्ट होती है। कुछ देर बाद उसने आकर कहा कि सर 500 रु मांग रहे हैं। जैसे ही यह बात उसने कही मैंने सोच लिया कि अब मामला सुलझ जाएगा। नेगोसिएशन कर मामला 50 रुपए पर सुलटा, यह घटना 80 के दशक की है।
दरअसल हुआ यह था कि मतदान दल में एक सदस्य नया नया विधुर हुआ था, अन्य सदस्यों ने उसे यह कह कर चढ़ाया कि इस गाँव के अधिकांश पुरुष मुंबई में काम करते हैं। उनकी कुछ महिलाऐं आसानी से पटाई जा सकती है। सम्बंधित व्यक्ति ने एक महिला से शाम को 4 बजे स्कूल के पीछे जंगल में मिलने की बात करली थी। चूँकि भीड़ नहीं थी अतः वह व्यक्ति मुझसे दीर्घशंका का कहकर उस महिला से मिलने चला गया था। जंगल में उसने महिला का हाथ पकड़ा ही था कि एक लड़की ने उनको देख लिया। महिला ने भी उस लड़की को देख लिया था। जैसा कि ऐसे मामलों में होता है उस महिला ने गाँव में जाकर दूसरी कहानी बना दी।
परन्तु इस घटना ने मेरी इस मान्यता को बल प्रदान किया कि अधिकतर ऐसे मामले रजामंदी के होते हैं पर पकडे जाने पर सारा दोष पुरुष पर मढ़ दिया जाता है। इस घटना के बाद से मैं अपने दल के सदस्यों को पहले ही ऐसी कोई हरकत न करने के लिए आगाह कर देता था। ऐसी परिस्थिति के तनाव को भुग्तभोगी ही समझ सकता है। उक्त घटना का काफी विवरण तो मैंने दिया ही नहीं है।
Wednesday, April 29, 2020
38. नया विद्यालय और मंत्री का दबाव Naya vidyalay aur mantri ka dabaaw
38. मंत्री द्वारा धमकी एवं दबाव Threats and pressure by the minister
अपने राजनेता मित्र जो कि उस समय विधायक थे , की मदद से आदिवासी क्षेत्र के विद्यालय से स्थानान्तरित होकर शहर के नजदीकी विद्यालय में कार्य ग्रहण किया। विद्यालय का बोर्ड परीक्षा का परिणाम बहुत कम होने से मुझे लगाया गया था। यह नब्बे के दशक की बात है। वहां कार्यभार ग्रहण करने पर पता लगा कि उस विद्यालय में राजनैतिक दखलंदाजी बहुत अधिक थी। छोटी-छोटी बातों पर छोटे-मोटे नेता दखल दिया करते थे।
उस समय स्थानीय क्षेत्र का एक नेता उप मंत्री के पद पर नियुक्त था। उस मंत्री की अपनी ही पार्टी के मेरे गाँव के लोकल नेता से अनबन थी। एक बार मैं 2 दिन के अवकाश पर था। मेरी अनुपस्थिति में वह मंत्री विद्यालय में आया। उसने मेरे बारे में पूछा। उसे मेरे अवकाश पर होने की जानकारी दी गई पर वो मानने को तैयार नहीं हुआ। उसने हस्ताक्षर पंजिका में एब्सेंट लगाना चाहा। उसके साथ आये अधिकारी ने समझाया कि ये गजेटेड ऑफिसर है और अवकाश पर है और इस बात के प्रमाण हैं तो अनुपस्थिति दर्ज करना गलत होगा। वह मेरे स्टाफ को निर्देश देकर गया कि अपने प्रिंसिपल से बोलना कि वह उससे आकर मिले।
मुझे जब इस बात की जानकारी मिली तो मैं उससे मिलने गया। सर्दी के दिन थे, सुबह कोई 9 बजे मैं उस मंत्री के निवास पर पहुंचा। मैंने देखा कि वह आराम से धूप में लेटा हुआ था और एक व्यक्ति उसके मालिश कर रहा था। मैंने अपना परिचय दिया। उसने मुझे धमकाते हुए कहा, "तुम्हे उस स्कूल में रहना है या नहीं !" मैंने कोई जवाब नहीं दिया। फिर वह बोला, " स्कूल की बिल्डिंग अधूरी पड़ी है तुम क्या कर रहे हो , ऐसा लगता है कि तुम्हे को कोई रूचि नहीं है, मैं तुम्हारा ट्रांसफर कर दूंगा।" मैंने धीरे से कहा. "सर मुझे इस क्षेत्र के विधायक जी लेकर आये हैं। " वह एकदम चौंक गया, क्योंकि वह मेरे राजनेता मित्र से दबता था। वह एकदम तुम से आप पर आता हुआ बोला , " आप विधायक जी को कैसे जानते हो ? " मैंने बताया कि वे मेरे मित्र और क्लास फेलो हैं। वह बोला , " अरे आप तो अपने ही आदमी निकले !" उसका लहजा एकदम से मित्रवत हो गया था। वह जानता था कि मेरा विधायक मित्र बहुत ही खास व्यक्ति का काम ही करता है। उसने कहा था ," आपके सरपंच ने स्कूल में बरामदे का काम अधूरा छोड़ रखा है, कई बार पैसा स्वीकृत करने के बाद भी वह काम पूरा नहीं कर रहा है, एक रिपोर्ट तैयार कर मेरे पास भेज देना मैं उसको सबक सिखाना चाहता हूँ। " मैं स्वीकृति में गर्दन हिलाकर आ गया।
मैंने कोई रिपोर्ट नहीं बनाई और न भेजी क्योंकि मेरे विधायक मित्र ने मुझसे कहा था कि तू स्थानीय राजनीति में मत उलझना और किसी को पता भी मत लगने देना कि तू मेरा मित्र हैं वरना मेरी पार्टी के लोकल नेता तेरा जीना हराम कर देंगे क्योंकि वे मेरे प्रतिद्वंदी हैं। मुझे स्थानीय नेताओं से बनाकर भी चलना था मैंने कूटनीति से काम लिया, मैं सफल रहा , वे लोग भी मुझे अपना आदमी ही समझते थे।
मैं इस एपिसोड के बाद इसी निष्कर्ष पर पहुंचा कि सरकारी अफसर और बड़े व्यापारी को राजनेताओं से बनाकर चलना चाहिए भले ही वह किसी भी दल से हो। और इसका संतुलन बनाए रखना ही सबसे बड़ी कला है। निजी क्षेत्र में काम करने वाले छोटे कर्मचारियों को तो नहीं पर बड़े अधिकारीयों को भी संतुलन बनाकर चलना पड़ता है।
35. आधी रात में भूत ने मेरे घर का दरवाजा खटखटाया At mid night ghost knocked the door of my home
वर्ष 1986 में बस्ती से दूर कब्रिस्तान के पास स्थित क्वार्टर में रहते हुए कुछ और ऐसी घटनाएं हुईं जिनको शेयर करने का लोभ नहीं रोक पा रहा हूँ। आधी रात को अचानक जोर जोर से घर का दरवाजा भड़ भड़ाने की तेज आवाज से नींद उड़ी। घडी देखी रात के एक बज रहे थे। इतनी रात को कौन हो सकता है, डर लगा। कोई सर सर कर बुला रहा था। खिड़की में से झाँक कर देखा, पूछा, " कौन है? " घबराई आवाज में कोई बोलै, " सर मैं ! मैं गजेंद्र सिंह, गणित टीचर। जल्दी दरवाजा खोलिये सर !" तब तक मुझे उसकी शक्ल दिखाई दे गई थी। फटाफट दरवाजा खोला, उसने अंदर घुसते से ही दरवाजा बंद कर चिटकनी चढ़ा दी थी।
मैंने पूछा, " इतनी रात को, क्या बात है ?" वह बोला , " कुछ लोग भूत-भूत, चोर- चोर चिल्लाते हुए मेरे पीछे लट्ठ आदि लेकर आ रहे हैं। " इतने में कुछ लोगों के नजदीक आने का शोर सुनाई दिया। उन्होंने दरवाजा खटखटाया, मैंने खिड़की में से झांक कर पूछा, " क्या है ?" वे लोग बोले कि आपके इधर एक भूत आया है, हम उसके पीछे आएं हैं। मैंने कहा था कि भूत ऐसे आते हैं क्या? ऐसे अपने लट्ठों से वे डर जाते हैं क्या ? वो कैसा दिख रहा था ? उनमे से कोई बोला था सर लम्बा चौड़ा सफ़ेद कपड़ों में, कोई चोर भी हो सकता है , हमने उसे कब्रिस्तान में देखा था। मैंने कहा, " हाँ आया है, मेरे पास बैठा है, अपने लठ्ठ वगैरह रख दो तो मिलवाऊं " यह कहते हुए दरवाजा खोला। गजेंद्र सिंह को आगे कर कहा था कि यह रहा आपका भूत। 10 -12 लोग थे वे। उसको देखकर सबके सब हंसने लगे।
वास्तव में हुआ यह था कि वह अच्छा लम्बा-जम्बा जाट था , हमेशा खादी का सफ़ेद कुरता पाजामा पहनता था, , शौच के लिए जंगल में जा रहा था, घड़ी नहीं रखता था, चांदनी रात के कारण वह सुबह हो गई समझ गया था , डरपोक नहीं था, भूत प्रेत में विश्वास नहीं करता था, वह समय बचाने के लिए कब्रिस्तान में से गुजर रहा था, किसी ने उसे वहां देखा और अंधविश्वासी लोगों ने उसे भूत समझ लिया।
दरअसल गाँव में सरकारी कर्मचारियों के आवास न होने से दूर से आने वाले लोगों को समस्या रहती है। आवास अगर बने भी होते हैं तो बस्ती से दूर जहाँ एकांत में कोई रहना नहीं चाहता , उनका रखरखाव भी सही नहीं होता है। आप लोगों में अधिकांश के लिए ऐसी स्थितियों की कल्पना करना भी कठिन है।
Subscribe to:
Posts (Atom)
