Sunday, May 10, 2020

39. स्थानांतरण हेतु  रिश्वत की मांग  Demand of bribe for Transfer 

           ग्रामीण विद्यालय में संस्था प्रधान के रूप में कार्य  करते हुए 4 साल हो गए थे। सन 1988 की बात है, राजनेता मित्र ने शहर में ट्रांसफर कराने में असमर्थता व्यक्त कर दी थी। एक दिन मैं अपने अंकल से मिलने गया था। उन्होंने कहा आज तुम्हारा डायरेक्टर मेरे साथ था। मैंने इस अवसर का उपयोग किया। मैंने ट्रांसफर की बात की, उन्होंने उसी समय डायरेक्टर साहब से फोन पर बात की। उन्होंने कहा तेरा काम हो जाएगा। 
                एक दिन एक शिक्षक नेता मेरे पास आया। उसने कहा ट्रांसफर  कराना है क्या? मैंने कहा कि कराना तो है ही। वह घुमा फिरा  कर बात करते हुए 5000 रूपए पर आ गया। मैंने मना कर दिया। शाम को मैं अपने एक मित्र के पास गया, ऐसे ही उक्त बात पर भी चर्चा हुई। उसने कहा कि अरे चलो अभी बात करते हैं। उसने अपने पास रखे पैसे लिए और मुझे साथ लेकर निकला । रास्ते में एक राजनेता मिला गया , उसने कहा चलो घूम कर आते हैं। हम उसकी जीप में बैठ गए। घूमने में रात की दस बज गई। हमने उस शिक्षक नेता के पास जाना कैंसिल  कर दिया। मेरा मित्र बहुत पीछे पड़ा पर मेरा मन नहीं माना।  
             घर आया, पिताजी ने कहा तेरे स्टाफ का एक लेक्चरर आया था वह यह लिफाफा दे गया है। मैंने लिफाफा खोला, वह मेरे शहर के स्कूल में ट्रांसफर का आदेश था, यह काम अंकल की सिफारिश से ही हुआ था। यदि मैं शिक्षक नेता और मित्र की बातों में आ जाता तो बिना बात ही पैसों की हानि हो जाती। 
           मैंने नए स्कूल में ज्वाइन किया। वह स्कूल एक कद्दावर क्षेत्रीय राजनेता के क्षेत्र का था। उसकी सिफारिश के बिना कोई उस स्कूल में नहीं रह सकता था। शिक्षा मंत्री भी मेरे शहर का ही था। वह नेता शिक्षा मंत्री का खास था। स्कूल में दो शिक्षक भी उसके खास थे जो हमेशा शिक्षा मंत्रीजी  के घर पर हाजिरी देते रहते थे। उनको यह आश्चर्य था कि यह व्यक्ति यहाँ कैसे आ गया। यहाँ तक कि मंत्रीजी  भी आश्चर्यचकित थे  पर वह किसी से नहीं बोले । उनके खास आदमियों ने जब जोर देकर पूछा तो मंत्रीजी ने एक अन्य प्रभावशाली नेता का नाम लेकर बताया था कि फलाने व्यक्ति की सिफारिश थी। पर सत्य तो सिर्फ मैं और अंकल ही जानते थे। खेर मैं चुप ही रहा और लोगों को  भ्रम में रहने दिया। 
            पर वह स्थानीय राजनेता और दोनों शिक्षक सरदर्द बने हुए थे। स्कूल टाइम में दोनों शिक्षक उस राज नेता को लेकर मंत्रीजी के यहाँ जाने के बहाने खिसक लेते थे। वह राजनेता मेरे ज्वाइन करने के बाद कभी मेरे विद्यालय में नहीं आया था। एक दिन मैंने उसको अंदर बुलवाया। मैंने उनसे अनुरोध किया कि वे टीचर्स को लेकर न जाएं इससे स्कूल डिस्टर्ब रहता है। वह नेता समझ गया फिर भी वे टीचर मंत्रीजी के यहाँ चले जाते थे। मैं एक दिन मंत्रीजी के घर गया। मैंने अपनी बात कही। वे बोले,  "अरे ये दोनों बिना बात यहीं बैठे रहते हैं। आप तो रोक लो, मेरे यहाँ कोई काम नहीं रहता है। आम शिक्षकों पर अपना रोब  जमाने के लिए यहीं जमे रहते हैं। " मैंने इसके बाद उनको रोकना चालू कर दिया। वह नाराज रहने लगे। एक दिन उन्होंने कहा कि हम नहीं जाते हैं तो मंत्रीजी नाराज हो जाएंगे । मैंने कहा "चिंता मत करो, मैं मंत्रीजी से मिल चूका हूँ। " फिर सारा कुछ शान्ति से चला। 
          दो सबक मैंने लिए। पहला कि ट्रांसफर आदि के लिए कभी किसी के झांसे में नहीं आना।  दर असल उस शिक्षक नेता को पता लग गया था कि मेरा ट्रांसफर हो गया है क्योंकि आदेश तीन दिन पहले हो गए थे। इसलिए वह कुछ पैसे बनाने के जुगाड़ में लग गया था। नौकरी के दौरान  अपने इतने ट्रांसफर कराए पर कभी एक पैसा खर्च नहीं किया।  दूसरा सबक यह लिया कि कोई भी राजनेता या बड़ा अधिकारी यह पसंद नहीं करता है कि हर ऐरा गेरा व्यक्ति उनसे संपर्कों का बेजा लाभ उठाए।   

37. मतदान केंद्र पर चुनाव के दौरान गोलियां चलने का भय Fear of bullets at polling booth. 

           पहले तो चुनाव कराना ही अपने आप में भारी तनावभरा होता है, और अगर वह मतदान केंद्र अतिसंवेदनशील हो तो उसका तनाव उस दिन से प्रारम्भ हो जाता है जिस दिन चुनाव केंद्र का आंवटन होता है। अतिसंवेदनशील केंद्र का मतलब है वहां लड़ाई झगडे आदि कुछ भी हो सकता है। पंचायत चुनाव में  ऐसे ही एक  केंद्र पर रिटर्निंग ऑफिसर के रूप में चुनाव कराने सौभाग्य प्राप्त हुआ। लोक सभा की तुलना में विधान सभा, विधान सभा की तुलना में पंचायत चुनाव करना अधिक कठिन होता है। पंचायत में चुनाव रिटर्निंग अफसर को उम्मीदवारों के नामांकन पत्र लेने, उन्हें स्वीकार अस्वीकार करने, चुनाव चिह्न देने , मत पत्र  तैयार करने , चुनाव कराने, मतगणना कराने , रिजल्ट घोषित करने और शपथ दिलवाने तक के कार्य करने होते हैं। इस चुनाव में केंद्र के रिटर्निंग ऑफिसर के पास कलेक्टर के चुनाव सम्बन्धी सभी अधिकार हस्तांतरित होते हैं। 
           जब पहाड़ी क्षेत्र के मतदान केंद्र पर पहुंचे तो वहां का इतिहास मालूम किया। पता चला  कि  प्रमुख दलों की और से चिरप्रतिद्वंदी ही सरपंच का चुनाव लड़ रहे हैं। वे भी साधारण नहीं बल्कि पार्टी में बहुत अच्छा वर्चस्व रखने वाले। पिछले चुनाव में ब  उम्मीदवार की तरफ से की गई गोलीबारी में अ  घायल हो गया था। घायल अ उम्मीदवार चुनाव हारा हुआ था। अ  ने इस चुनाव में चुनौती दे रखी थी कि यदि इस बार भी उसका प्रतिद्वंदी ब  जीता तो उसकी लाश ही पोलिंग बूथ के बाहर आएगी। अब हमारी हालत तो और ख़राब हो गई। रातों की नींद गायब। चुनाव के हर कदम पर अड़चने आयीं। 
         सबसे पहले जब नामांकन स्वीकार करने की बारी आई तो अ उम्मीदवार ने ब के शिक्षा कर बाकी होने के आधार पर नामांकन ख़ारिज करने की बात की , तो ब ने उसके रसीद दिखा दी। दूसरा नाम वापसी के समय हुआ, अ के दबाव में ब के लोग वार्ड पांच का नामांकन जमा नहीं करा पाए थे। पर एक व्यक्ति ने वार्ड पंच का परचा भर  ही दिया था। नाम वापसी के समय से 2 मिनट पूर्व अ के लोग उस उम्मीदवार को पकड़ लाए। मुझसे फॉर्म माँगा मैंने दे दिया। ब नाम वापसी फॉर्म न देने का दबाव बना रहा था पर यह कहकर कि मेरी घडी के हिसाब से अभी समय बाकी है मैंने वह दे दिया। खींचातानी में उम्मीदवार ने फॉर्म भर दिया। तब तक नाम वापसी का समय निकल गया। मैंने फॉर्म लेने से मना कर दिया। दूसरा पक्ष नाराज हो गया। अ का छोटा भाई मेरा क्लास फेलो था , मैंने उसे समझाया, वह नाराज होता हुआ भी मान गया।   
          मतदान वाले दिन  Dy SP के नेतृत्व में एक स्पेशल फाॅर्स मेरे यहाँ थी। जोनल मेजिस्ट्रेट भी वहीँ डेरा डाले हुए थे। मतदान के समय दो गुंडे किस्म के लोग ब के पक्ष में प्रचार कर  रहे थे जो कि गैर कानूनी था। वे दोनों जोनल मजिस्ट्रेट के परिचित थे पर वे कुछ न बोले तथा मुझे बुलाकर उन्हें मना  करने के लिए कहा। मैं भी उन दोनों को अच्छी तरह जानता था। पर मेने अनजान बन कर उन्हें मना  किया। वे वहां से चले गए। 
         मत गणना का समय आया।  मतों की गड्डियां बनाई गई। लगभग बराबर थी। पर गिनती के बाद अ 50 वोटों से जीत गया, हम भीं यही चाह  रहे थे कि वह जीते वरना  गोलियां चल जाती। अ ने अपने आदमियों को बंदूकें लेकर जंगल में पेड़ों पर बैठा रखा था। खैर चुनाव भयंकर तनाव में संपन्न हुआ। उस दौरान और भी कई तनावभरी बातें हुईं जिनका उल्लेख नहीं किया है। कुछ वर्षों के बाद की बात है एक उम्मीदवार ने दूसरे उम्मीदवार के 10 लोगों सड़क पर कुचल कुचल कर मार डाला था। सोचिये कितने खतरनाक लोग थे वे। 

36. आम चुनाव का न भूलाया जा सका वह दिन Aam chunaw ka na bhulaya ja saka wah din 

          सरकारी कर्मचारियों को लोग आराम तलबी और काम चोर प्राणी  मानते हैं, पर वे नहीं जानते कि उसे कैसी कैसी विचित्र परिस्थितियों का सामना करना पड़ता है। जनगणना, आम चुनाव, पशु गणना , आर्थिक सर्वे और भी बहुत कुछ कार्य उसे करना पड़ते हैं। और बेचारा शिक्षक तो अपने जॉब  चार्ट से इतर कार्य ही करता रहता है।और चुनाव कराना तो बहुत ही तनाव भरा कार्य होता है। जबसे सरकारी सेवा में आया तबसे सारे ही चुनाव कराएं होंगे। ऐसे कई क्षण आये जब भयंकर तनाव का सामना करना पड़ा। तीन घटनाएं उल्लेखनीय थीं। आज मैं एक घटना के बारे में बता रहा हूँ। विधान सभा के आम चुनाव थे। मैं प्रिसाइडिंग ऑफिसर  था। सुदूर पहाडी क्षेत्र के गॉंव में मेरे पोलिंग बूथ पर चुनाव के सुचारु संचालन  की समस्त जिम्मेदारी मेरी थी। मेरी टीम में 5 पोलिंग ऑफिसर थे। मतदान प्रारम्भ हो चूका था। शाम के कोई साढ़े चार बजे थे। मतदान बहुत ठंडा पड़  चूका था। इक्के दुक्के मतदाता वोट डालने आ रहे थे।
       अचानक मैंने देखा कि सौ-डेढ़सौ लोगों का हुजूम तेजी से हमारे बूथ की तरफ आ रहा है। सोचा यार अब इतने लोग और वोट डालेंगे तो शाम के आठ बजे यहाँ से फारिक नहीं हो पाएंगे। मैंने  पुलिस को भेजा, वह लोट कर आया और बोला, "सर! मामला गंभीर है। " मैंने पूछा , " क्या हुआ  ?" उसने जो बताया वह वास्तव में बहुत ही गंभीर मुद्दा था। उसने बताया था कि गांव वालों की शिकायत है कि अपनी टीम के किसी पोलिंग अफसर ने किसी महिला  के साथ जबरदस्ती करने की कोशिश की है। बाप रे ,दिमाग एक दम  ख़राब, भयंकर तनाव। इतने में उसकी आवाज सुनाई दी, " वो आपसे बात करना चाहते हैं। " सबसे पहले मैंने उस व्यक्ति को भगा दिया। फिर मैं बाहर गया। स्कूल के परकोटे पर खड़ा होकर उनको सम्बोधित किया। भीड़ में वह महिला भी थी  और बढ़ चढ़ कर बोल रही थी। उसके आचरण को देख कर यह तो समझ गया था कि उस महिला का चाल चलन सही नहीं हो सकता।  मैंने अपनी तरफ से माफ़ी मांगते हुए दोषी के खिलाफ कार्यवाही का आश्वासन दिया। तथा कहा कि चार पांच जिम्मेदार व्यक्ति आ जाएं आगे बात करने के लिए। 
       चार लोग अंदर आ गए। मैंने पुलिस जो कि एक सीनियर व्यक्ति था से मामले को सँभालने के लिए कहा। पुलिस ऐसे मामलों को हैंडल करने में एक्सपर्ट होती है। कुछ देर बाद उसने आकर कहा कि सर 500 रु मांग रहे हैं। जैसे ही यह बात उसने कही मैंने सोच लिया कि अब मामला सुलझ जाएगा। नेगोसिएशन कर मामला 50 रुपए पर सुलटा, यह घटना 80 के दशक की है। 
       दरअसल हुआ यह था कि मतदान दल में एक सदस्य नया नया विधुर हुआ था, अन्य सदस्यों ने उसे यह कह कर चढ़ाया कि इस गाँव के अधिकांश पुरुष मुंबई में काम करते हैं। उनकी कुछ महिलाऐं  आसानी से पटाई जा सकती है। सम्बंधित व्यक्ति ने एक महिला से शाम को 4 बजे स्कूल के पीछे जंगल में मिलने की बात करली थी। चूँकि भीड़ नहीं थी अतः वह  व्यक्ति मुझसे दीर्घशंका का कहकर उस महिला से मिलने चला गया था। जंगल में उसने महिला का हाथ पकड़ा ही था कि एक लड़की ने उनको देख लिया। महिला ने भी उस लड़की को देख लिया था।  जैसा कि ऐसे मामलों में होता है उस महिला ने गाँव में जाकर दूसरी कहानी बना दी। 
        परन्तु इस घटना ने मेरी इस मान्यता को बल प्रदान किया कि अधिकतर ऐसे मामले रजामंदी के होते हैं  पर पकडे जाने पर सारा दोष पुरुष पर मढ़ दिया जाता है। इस घटना के बाद से मैं अपने दल के सदस्यों को पहले ही ऐसी कोई हरकत न करने के लिए आगाह कर देता था। ऐसी परिस्थिति के तनाव को भुग्तभोगी ही समझ सकता है। उक्त घटना का काफी विवरण तो मैंने दिया ही नहीं है।    

Wednesday, April 29, 2020

38. नया विद्यालय और मंत्री का दबाव Naya vidyalay aur mantri ka dabaaw

38.  मंत्री द्वारा धमकी एवं दबाव Threats and pressure by the minister 

               अपने राजनेता मित्र जो कि उस समय विधायक थे , की  मदद से आदिवासी क्षेत्र के विद्यालय से स्थानान्तरित होकर शहर के नजदीकी विद्यालय में कार्य ग्रहण किया। विद्यालय का बोर्ड परीक्षा का परिणाम बहुत कम होने से मुझे लगाया गया था। यह नब्बे के दशक की बात है। वहां कार्यभार ग्रहण करने पर पता लगा कि उस विद्यालय में राजनैतिक दखलंदाजी बहुत अधिक थी। छोटी-छोटी बातों पर छोटे-मोटे नेता दखल दिया करते थे। 
               उस समय स्थानीय क्षेत्र का एक नेता उप मंत्री के पद पर नियुक्त था। उस मंत्री की अपनी ही पार्टी के मेरे गाँव के लोकल नेता से अनबन थी। एक बार मैं 2 दिन के अवकाश पर था। मेरी अनुपस्थिति में वह मंत्री विद्यालय में आया। उसने मेरे बारे में पूछा।  उसे मेरे अवकाश पर होने की जानकारी दी गई पर वो मानने को तैयार नहीं हुआ। उसने हस्ताक्षर पंजिका में एब्सेंट लगाना चाहा। उसके साथ आये अधिकारी ने समझाया कि ये गजेटेड ऑफिसर है और अवकाश पर है और इस बात के प्रमाण हैं तो अनुपस्थिति दर्ज करना गलत होगा। वह मेरे स्टाफ को निर्देश देकर गया कि अपने  प्रिंसिपल  से बोलना कि वह उससे आकर मिले। 
              मुझे जब इस बात की जानकारी मिली तो मैं उससे मिलने गया। सर्दी के दिन थे, सुबह कोई 9 बजे मैं उस मंत्री के निवास पर पहुंचा। मैंने देखा कि वह आराम से धूप में लेटा  हुआ था और एक व्यक्ति उसके मालिश कर रहा था। मैंने अपना परिचय दिया। उसने मुझे धमकाते  हुए कहा, "तुम्हे उस स्कूल में रहना है या नहीं !" मैंने कोई जवाब नहीं दिया।  फिर वह बोला, " स्कूल की बिल्डिंग अधूरी पड़ी है तुम  क्या कर  रहे हो , ऐसा लगता है कि तुम्हे  को कोई रूचि नहीं है, मैं तुम्हारा  ट्रांसफर कर दूंगा।" मैंने धीरे से कहा. "सर मुझे इस क्षेत्र के विधायक जी लेकर आये हैं। " वह एकदम चौंक गया, क्योंकि वह मेरे राजनेता मित्र से दबता था। वह एकदम  तुम से आप पर आता हुआ बोला , " आप विधायक जी को कैसे जानते हो ? " मैंने बताया कि वे मेरे मित्र और क्लास फेलो हैं। वह बोला , " अरे आप तो अपने ही आदमी निकले !" उसका लहजा एकदम से मित्रवत हो गया था। वह जानता था कि मेरा विधायक मित्र बहुत ही खास व्यक्ति का काम ही करता है। उसने कहा था ," आपके  सरपंच ने स्कूल में बरामदे का काम अधूरा छोड़ रखा है, कई बार पैसा स्वीकृत करने के बाद भी वह काम पूरा नहीं कर रहा है, एक रिपोर्ट तैयार कर मेरे पास भेज देना मैं उसको सबक सिखाना चाहता हूँ। " मैं स्वीकृति में गर्दन हिलाकर आ गया। 
             मैंने कोई रिपोर्ट नहीं बनाई और न भेजी क्योंकि मेरे विधायक मित्र ने मुझसे कहा था कि तू स्थानीय राजनीति में मत उलझना और किसी को  पता भी मत लगने देना कि तू मेरा मित्र हैं वरना मेरी पार्टी के लोकल नेता तेरा जीना हराम कर देंगे क्योंकि वे मेरे प्रतिद्वंदी हैं। मुझे स्थानीय नेताओं से बनाकर भी चलना था मैंने कूटनीति से काम लिया,  मैं सफल रहा , वे लोग भी मुझे अपना आदमी ही समझते थे।  
            मैं इस एपिसोड के बाद इसी निष्कर्ष  पर पहुंचा  कि सरकारी अफसर और बड़े व्यापारी को राजनेताओं से बनाकर चलना चाहिए भले ही वह किसी भी दल से हो। और इसका संतुलन बनाए रखना ही सबसे बड़ी कला है। निजी क्षेत्र में काम करने वाले छोटे कर्मचारियों को तो नहीं पर बड़े अधिकारीयों को भी संतुलन बनाकर चलना पड़ता है।  

35. आधी रात में भूत ने मेरे घर का दरवाजा खटखटाया At mid night ghost knocked the door of my home  

              वर्ष  1986 में बस्ती से दूर कब्रिस्तान के पास स्थित क्वार्टर में रहते हुए कुछ और ऐसी घटनाएं हुईं जिनको शेयर करने का लोभ नहीं रोक पा रहा हूँ। आधी रात को अचानक जोर जोर से घर का दरवाजा भड़ भड़ाने की तेज आवाज से नींद उड़ी। घडी देखी रात के एक बज रहे थे। इतनी रात को कौन हो सकता है, डर लगा। कोई सर सर कर बुला रहा था। खिड़की में से झाँक कर देखा, पूछा, " कौन है? " घबराई आवाज में कोई बोलै, " सर मैं ! मैं गजेंद्र सिंह, गणित टीचर। जल्दी दरवाजा खोलिये सर !" तब तक मुझे उसकी शक्ल दिखाई दे गई थी।  फटाफट दरवाजा खोला, उसने अंदर घुसते से ही दरवाजा बंद कर चिटकनी चढ़ा दी थी। 
             मैंने पूछा, " इतनी रात को, क्या बात है ?" वह बोला , " कुछ लोग भूत-भूत, चोर- चोर चिल्लाते हुए  मेरे पीछे लट्ठ आदि लेकर आ रहे हैं। " इतने में कुछ लोगों के नजदीक आने का शोर सुनाई दिया।  उन्होंने दरवाजा खटखटाया, मैंने खिड़की में से झांक कर पूछा, " क्या है ?" वे लोग बोले कि आपके इधर एक भूत आया है, हम उसके पीछे आएं हैं। मैंने कहा था कि भूत  ऐसे आते हैं क्या? ऐसे अपने लट्ठों से वे डर जाते हैं क्या ? वो कैसा दिख रहा था ? उनमे से कोई बोला था सर लम्बा चौड़ा सफ़ेद कपड़ों में, कोई चोर भी हो सकता है , हमने उसे कब्रिस्तान में देखा था। मैंने कहा, " हाँ आया है, मेरे पास बैठा है, अपने लठ्ठ वगैरह रख दो  तो मिलवाऊं " यह कहते हुए दरवाजा खोला। गजेंद्र सिंह को आगे कर कहा था कि यह रहा आपका भूत। 10 -12 लोग थे वे। उसको देखकर सबके सब हंसने लगे।   
           वास्तव में हुआ यह था कि वह अच्छा लम्बा-जम्बा जाट था , हमेशा खादी  का सफ़ेद कुरता पाजामा पहनता था, , शौच के लिए जंगल में जा रहा था, घड़ी नहीं रखता था, चांदनी रात के कारण वह सुबह हो गई समझ गया था , डरपोक नहीं था, भूत प्रेत में विश्वास नहीं करता था, वह  समय बचाने के लिए कब्रिस्तान में से गुजर रहा था, किसी ने उसे वहां देखा और अंधविश्वासी लोगों ने उसे भूत समझ लिया।          
         दरअसल गाँव में सरकारी कर्मचारियों के आवास न होने से दूर से आने वाले लोगों को समस्या रहती है। आवास अगर बने भी होते हैं तो बस्ती से दूर जहाँ एकांत में कोई रहना नहीं चाहता , उनका रखरखाव भी सही नहीं होता है। आप लोगों में अधिकांश के लिए ऐसी स्थितियों की कल्पना करना भी कठिन है।   

Friday, April 24, 2020

34. लूटने का  सिस्टम  और भूत लग जाने का भय   - system of loot  and fear ghost. 

             वर्ष 1985 में  जब एक अच्छे खूबसूरत शहर से ठेठ आदिवासी क्षेत्र के छोटे से गाँव में पहुंचा तो आवास एक बड़ी समस्या के रूप में सामने आया। विद्यालय से जुड़े छात्रावास में कुछ दिन गुजारे। उसमे रहना क़ानून सम्मत नहीं था। विद्यालय के पास ही क्वार्टर बने हुए थे उसमें से एक लिया। बिजली थी नहीं क्योंकि उन् क्वार्टर में कोई रहता नहीं था। उसके दो कारण थे पहला तो वह बस्ती से दूर बने थे और दूसरा कब्रिस्तान की जमीं से जुडी जमीन पर बने हुए थे। लोग डर के कारण नहीं रहते थे। बिजली का कनेक्शन स्कूल से लिया। टॉयलेट चालू अवस्था में नहीं थे।  आवास की तलाश की थी पर बड़ी मुश्किल से चार पांच पक्के घरों में कहीं किराये पर  कमरा उपलब्ध नहीं था। इतने छोटे गाँव में लम्बी अवधी के लिए रहने का काम पहली बार पड़ा था। चुनावों में लगने वाली ड्यूटी के कारण चार पांच राते ऐसे गाँव में गुजारने का अवसर मिला   था।  इसलिए शौच के लिए जंगलों में जाने की आदत हो गई थी। कई पाठको को तो इस चीज का अनुभव ही नहीं होगा। आज तो छोटे बच्चों को इधर उधर बैठने के लिए कहो तो नहीं बैठते है। 
            रोज जंगल में जाते थे। जंगली जानवरों का डर रहता था।  मैं जंगल में कुछ ज्यादा ही दूर चला जाता था। एक बार किसी शुभचिंतक ने आगाह किया कि जंगल में शौच या घूमने के लिए अकेले मत जाओ और अधिक दूर मत जाओ। मैंने कहा बस्ती के पास तो आवागमन रहता है। उसने कहा, " जंगली जानवर का इतना डर नहीं जितना यहाँ के आदिवासियों का है। " मैंने पूछा, " आदिवासियों का कैसा डर ?" उसने कहा,  "इन आदिवासियों में कई लुटेरे किस्म के लोग होते हैं। और अंगूठी चैन पहनकर तो बिलकुल भी मत जाओ!" मैंने कहा, " अरे यार लूट ही तो लेंगे और क्या करेंगे।!" वह बोला , " आपको यहाँ का   लूट का  सिस्टम पता नहीं है। " मैंने कहा , " लूट का भी सिस्टम होता है क्या !" वह बोला , " हाँ , लूट  का अनोखा सिस्टम  है, यदि आपने कहा कि ये ले ले और मुझे जाने दे , तो जानते हो वह क्या करेगा ? वह कहेगा हम मेहनत का कमाते हैं और यूँ कहकर दो चार जड़ देगा। उसकी मेहनत  हो गई। " मैंने कहा , "पिटाई करना मेहनत  है !" "हाँ उनके अनुसार यह मेहनत ही है."उसका जवाब था। खेर साहब अंगूठी चैन उतार कर रख दी और क्वार्टर के टॉयलेट को चालू करवाने का उपक्रम शुरु किया। 
          दूसरी घटना और भी रोचक है। रात के अंधेर में शौच की इच्छा हुई। रात 2 बज रहे थे। जंगल में जाने का सवाल ही नहीं था। क्वार्टर एक टेकरी पर बना हुआ था। रात में क्वार्टर के पीछे लगभग सो सवासो मीटर उतर कर एक खडडा देखकर उसमे निपट कर आया।  सुबह उठकर उस तरफ निगाह डाली तो वह खडडा तो कोई कब्र निकली। अब भयंकर टेंशन हो गया। हालांकि मुझे भूत प्रेत में बिलकुल भी विश्वास नहीं  है पर आठ दस दिन तो बहुत तनाव रहा यह सोचकर कि कहीं मुझे भूत न लग जाए। क्योंकि लोगों का ऐसा विश्वास है कि ऐसी जगहों पर लघुशंका आदि करने से प्रेतात्मा आप पर हावी हो जाते है। लोगों को बताया।  कुछ टोटके सुझाए।  पर मैंने कुछ नहीं किया। इसी डर से घर में भी नहीं बताया कि कोई उपचार टोटका  न बता दे।  खेर काफी समय बाद यह भय दूर हुआ।  
          

33.पदौन्नति पर कार्यग्रहण की रौचक दास्ताँ Padaunnati par karygrahan ki rauchak dasatan

33.पदौन्नति पर कार्यग्रहण की रौचक दास्ताँ Interesting story of Joining on Promotion 

               लोक सेवा आयोग से लिखित परीक्षा और इंटरव्यू के बाद व्याख्याता से RES में चयन हुआ और सेकेंडरी स्कूल के प्रधानाध्यापक पद पर  नियुक्ति हुई। नहीं चाहते हुए भी आखिर बहुत सोच विचार और मानसिक द्वन्द के बाद ज्वाइन करने का निर्णय लिया। आदिवासी क्षेत्र के सुदूर ग्राम जिसको की जिले का कालापानी माना जाता था वहां ज्वाइन करना था। 
              13 जुलाई ,1985 को प्रातः 5 बजे शहर से बस पकड़ कर 8 बजे एक कस्बे में पहुंचा। यहां से दूसरी बस पकड़नी थी। गाँव में जाने वाली उस बस को देखा तो टेंशन हो गया। ऐसी बस की तो कोई कल्पना भी नहीं कर सकता था। बस की खिड़कियों   के कांच नहीं थे ,उसकी जगह टाट के परदे लटक रहे थे। हलकी हलकी बारिश शुरू हो गई थी तो बस में जाकर बैठा। फटी हुई सीटें जिनमें से जगह जगह स्पंज झांक रहा था। धीरे धीरे वह बस ठसाठस भर गई। सवारियां छत पर भी चढ़ गयीं थी। मैं सोचने लगा क्या वाकई 38 साल हो गए हमको आजाद हुए और ये विकास हुआ?
             बस एक झटके के साथ रवाना हुई। बस का ऊपरी हिस्सा अर्थार्थ छत का हिस्सा चरमराहट की आवाज के साथ पीछे की और झुका लगा कि अभी टूट जाएगा। ब्रेक लगते तो यह हिस्सा आगे जाता। न्यूटन का पहला नियम यानी जड़त्व का नियम याने Law of Inertia याद आने लगा , कितना सटीक उदाहरण है ये बच्चों को नियम समझाने के लिए यह विचार कौंधा था।  बाद में इस उदाहरण को पढ़ाने के दौरान खूब मजे ले लेकर उपयोग में भी  लिया था। लगभग 2 घंटे में  27  किमी दूरी तय कर हिचकोले खाती , आगे पीछे झुकती , उछलती कूदती, शरीर की पूरी मशक्कत कराती हुई जंगल की रानी अपने गंतव्य पर पहुंची, जी हाँ बस का नाम था जंगल की रानी।
            चूँकि शनिवार था, वापस लौटने का विचार करके आया था इसलिए केवल एक बैग के अलावा कुछ नहीं था पास में। वह बेग हाथ में झुलाता  हुआ पूछता हुआ स्कूल की और बढ़ा।  स्कूल के रास्ते में स्कूल से कुछ ही पहले एक कुआ था। उसकी पक्की मुंडेर पर चॉक से बड़े बड़े अक्षरों में लिखा था ' स्कूल  का बाबू चोर है ". दिमाग में एक जोर का झटका लगा, ये क्या चक्कर है यार, क्या सबसे पहले इससे भिड़ना पड़ेगा ? 
            स्कूल में पहुंचे, अपना परिचय दिया, सारा स्टाफ एकत्र हो गया , 35 व्यक्तियों का स्टाफ था, एक दो जने खुसर पुसर कर रहे थे ये तो एकदम लड़का सा लग रहा है। हालांकि उम्र 35 हो चुकी थी पर दीखता कम ही उम्र का था। इस उम्र के कम ही लोग चयनित होते थे। तो  उनको आश्चर्य हो रहा था। वहां एक दो युवाओं को छोड़कर सभी 40 से ऊपर के शिक्षक लग रहे थे। 5 कमरों का स्कूल, 90 छात्र , मैं तो बड़ी बड़ी स्कूल में रह चूका था जहाँ एक एक सेक्शन में 60 छात्र होते थे  तथा  से 800 से 2500 तक छात्र होते थे।  अजीब सी कुंठा ने घेर लिया। विचार आया अभी जोइनिंग फाड़  दूँ और पुनः अपने शहर चला जाऊं। पर इस शर्म ने कि लोग मजाक बनाएंगे इस फूहड़ विचार को त्याग दिया। सबसे पहला आदेश चपरासी  को दिया कि जाकर कुए की दिवार पर लिखी बात को मिटा के आओ, उनके साथ एक युवा शिक्षक को भेजा। स्टाफ सम्बंधित बाबू की और देखकर हंसने लगा था। 
             खेर शाम को लौटते वक्त यही सोचता रहा कि हमें अभी विकसित होने में पचासों  साल और लगेंगे। सारे रास्ते यह सोचता रहा कि गलत निर्णय  है। पर अब पछताए क्या होत जब चिड़िया चुग गई खेत। 
           
          

Saturday, April 18, 2020

32.  प्रधानाध्यापक पद पर चयन और ज्वाइन करने की दुविधा 

              मैंने बहुत तैयारी के बाद PSC (Public Service Commission) या लोक सेवा आयोग की  प्रधानाध्यापक हेतु आयोजित RES परीक्षा में भाग लिया। 250 पद के लगभग 110000 शिक्षकों ने परीक्षा में भाग लिया। 2 माह बाद रिजल्ट आया और 750 सफल रहे उम्मीदवारों की मेरिट सूची जारी की गई जिसमें  मेरा नाम भी था। 3 माह बाद इंटरव्यू की  डेट्स डिक्लेर की गई। चूँकि शहर में पोस्टिंग थी. फिजिक्स का व्याख्याता होने से ट्यूशन भी अच्छी  खासी आ जाती थी तथा शहर में भौतिकी के व्याख्याता के रूप में अच्छी  प्रतिष्ठा थी अतः मैं प्रधानाध्यापक बनकर शहर छोड़कर जाना नहीं चाहता था। मैंने इंटरव्यू में नहीं जाने का निर्णय किया अतः कोई तैयारी  भी नहीं की। 
             इंटरव्यू से एक दिन पहले स्टाफ रूम में चाय के समय हमारे प्रिन्सिपल साहब ने पूछा कि कल आपका इंटरव्यू है तैयारी करली  होगी ? मैंने कहा , " सर , मैं नहीं जा रहा हूँ। "  " क्या! " उनके मुंह से आश्चर्य से निकला। वह बोले, " 150 के स्टाफ में से तुम्हारा अकेले  का नंबर आया है, समझते हो कि क्या मूर्खता करने जा रहे हो? तुमको जाना पड़ेगा , और यदि कल स्कूल में आ गए तो तुम्हारी लीव लगा दूंगा। " उनकी इस झिड़की के बाद मैंने अपना मानस बदला और शाम की ट्रैन से रवाना हो गया। 
           तैयारी तो कुछ भी नहीं की थी और चयन हो जाए इसकी भी कोई ईच्छा नहीं थी। सुबह 10 बजे लोक सेवा आयोग के दफ्तर में पहुँच गया। कुछ समझ में आये उसके पहले ही साक्षात्कार के लिए आवाज पड़  गई क्योंकि उस दिन के बेच में मेरा नाम पहला ही था। इंटरव्यू बेधड़क निश्चिंत होकर दिया क्योंकि असफल होने का डर था ही नहीं। चूँकि मैं स्कूल की और विभाग की विभिन्न गतिविधियों में जुड़ा रहता था अतः बहुत सारी   जानकारियां थी। साक्षात्कार अच्छा हुआ। लगभग 2 माह बाद फ्री समय में स्कूल में कैरम खेल रहा था, एक साथी चिल्लाया कि अरे आपका रिजल्ट आ गया।  मुझे कोई उत्सुकता नहीं थी और सोच रहा था नाम न आये तो अच्छा।  उसने मेरा रोल नंबर पूछा। मैंने बता दिया। उसने देखकर कहा आपका चयन हो  गया है। मेरिट में 82 वा स्थान है। अब टेंशन चालू हो गया। 
          नियुक्ति आदेश आने के बाद मैंने प्रार्थना पत्र देकर जोइनिंग डेट को आगे सरकवा  लिया ताकि और सोच सकूँ। मेरे मन ने कहा  ज्वाइन नहीं करना ही ठीक रहेगा। इस दुविधा का पता प्रिंसिपल साहब को लग गया था। उन्होंने मुझे बुलाया और समझाया। उन्होंने पूछा, " क्या आप इसी विभाग में आगे भी नौकरी करना चाहोगे ?" "हाँ" मैंने जवाब दिया।  उन्होंने आगे कहा, " आज आपको मौका मिला है, आपने यह अवसर खो दिया तो आप बहुत पिछड़ जाओगे। " उनकी जिस बात ने मुझे सबसे अधिक सोचने के लिए मजबूर किया वह थी , " भविष्य में यदि आपका कोई जूनियर जिसको आप यहाँ आदेश देते हैं, आपका बॉस बन कर आ गया और उसने कोई आदेश दिया तो आपको कैसा लगेगा, इस बात पर विचार कर निर्णय लेना। "  
         घर आकर मैंने बहुत सोचा और मैं इसी निष्कर्ष पर पहुंचा कि अपने जूनियर का सहायक होना मेरे आत्मसम्मान को चोट पहुंचाएगा, मैं फ़्रस्ट्रेशन में आ जाऊँगा। दूसरे दिन मैंने प्रिंसिपल सर से कहा कि मुझे रिलीव कर दें। 
         बाद में 10 +2 स्कीम अगले साल से लागू हो गई।  फिजिक्स के व्याख्याता का महत्व और बढ़ गया क्योंकि इंजीनियरिंग और मेडिकल में सीधे हायर सेकंडरी के बाद एडमिशन होने लग गए थे। आज सोचता हूँ कि अपनी ख्याति के अनुरूप मैं आर्थिक दृष्टि से बहुत कमाई करता और शायद किसी अच्छे कोचिंग संस्थान का संचालक होता। मेरा एक मित्र जो कि कोटा में एक नामवर कोचिंग संस्थान में अच्छे प्रशासनिक स्तर पर कार्यरत है उसने  बाद में मुझे अपने शहर में इंस्टिट्यूट की शाखा खोलने का प्रस्ताव किया था पर मेरी धारा बदल चुकी थी।  खैर  यह तो If-but वाली फ़ालतू की  बात है, ऐसा होता तो क्या होता और वैसा होता तो  क्या होता। लेकिन व्यक्ति को दूरदृष्टि रखना चाहिए।  हाँ  यह बात जरूर है अपनी प्रकृति के अनुरूप मैं अपने जूनियर की अधीनता तो अवश्य ही नहीं सहन कर सकता था। 

Friday, April 17, 2020

31 अपने शहर में ट्रांसफर की कहानी Apne shahar me transfer ki kahani 

         जुलाई  1980 का द्वितीय सप्ताह, मुझे मलेरिया हो जाने  के कारण मैं छुट्टी पर था, रात के कोई 8 बज रहे होंगे मैं लेटा हुआ था , मेरा एक शिक्षक मित्र आया और बोला, "तेरा ट्रांसफर हो गया है। " मैं खुश हो गया क्योंकि शहर में ट्रांसफर चाहने वालों की विभागीय सूची  में मेरा नाम सबसे ऊपर था।  लेकिन वो खुशी क्षणिक थी। उसने बताया था कि ट्रांसफर दूसरे जिले में हुआ है। उसने कहा कि ट्रांसफर G. O. अर्थार्थ government order से हुआ है। उसने बताया था कि G. O. किसी विधायक की सिफारिश पर ही होते है तेरा मित्र विधायक बन गया है और वह अभी10 बजे वाली नाईट बस से राजधानी के लिए निकल रहा है तू उससे जाकर मिल।    
        ट्रांसफर के बुखार के चलते मेरा मलेरिया का बुखार रफू चक्कर हो चूका था ।  मैं बस स्टैंड गया। अपने मित्र से मिला। तत्काल कोई कागज़ नहीं मिला। वहां जमीन  पर पड़े एक सिगरेट केस को उठाकर  उस  पर सारा विवरण नोट किया। उसको विदा किया। दूसरे दिन से मैं अपने स्कूल जाने लगा था।  विद्यालय के प्रिंसिपल पर मेरा इम्प्रैशन अच्छा था वो मुझे छोड़ने के लिए कतई तैयार नहीं  थे।  बच्चे भी हड़ताल पर उतर गए। उन्हें बड़ी मुश्किल  से समझाया।  प्रिन्सिपल साहब ने भी उन्हें आश्वासन दिया कि वाे मेरा ट्रांसफर कैंसिल करवा देंगे। बच्चे मान गए। 
         चार दिन बाद मैं ट्रैन में बैठा हुआ था। शहर के दो रेलवे स्टेशन थे। मैं पहले स्टेशन से बैठता था। दूसरे रेलवे स्टेशन पर ट्रैन रुकी , दूसरे स्टेशन से बैठने वाले , रोज आने जाने वाले एक साथी ने कहा तू यहाँ क्या कर रहा है।  उसने बताया कि  तेरा ट्रांसफर शहर के सबसे नामवर स्कूल में हो गया था। मैं उसी स्टेशन से उतर कर किराये की साइकिल लेकर उप निदेशक के कार्यालय में पहुंचा, वहां से अपना आदेश लिया, बस स्टैंड आया , बस से अपने स्कूल पहुंचा और उसी दिन रिलीव  होकर वापस आ गया।  मुझे प्रिंसिपल साहब ने तत्काल रिलीव कर दिया।  जिस तेजी से आदेश परिवर्तित हो रहे थे उन्होंने कहा कि तुम्हारा तत्काल ज्वाइन करना जरुरी  है। चूँकि वह आर्डर मेरे हित  में था उन्होंने देर नहीं  की। 
       दूसरे दिन नए स्कूल में कार्यभार ग्रहण करने गया। मेरी वजह से जो लेक्चरर हटा था वो प्रिंसिपल का ख़ास था। पर उसको जाना पड़ा, वो छुट्टी लेकर बैठ गया । प्रिंसिपल ने उसके लिए खूब  प्रयास किये। 20  दिन बाद उसका स्थानांतरण कैंसिल हुआ और मुझे फिर से जिले से बाहर भेज दिया गया। तक़दीर से उस दिन मेरा विधायक मित्र शहर में ही था, उससे मिला, नया नया विधायक बना था, काफी उत्साही और हेल्पिंग था , वो अधिकारी से जाकर भीड़ गया , काफी विवाद के बाद आखिर उस अधिकारी ने फिर से मेरा स्थानांतरण कर दिया पर इस बार शहर के सबसे बदनाम स्कूल में। 
     यह वही स्कूल था जहाँ मैंने  हायर सेकेंडरी की पढाई की थी। पर इस पूरी घटना से मैंने सबक लिया कि अपने कर्मचारियों के हितों के अनुकूल अधिकारी को निर्णय लेने चाहियें। मैं अपने विधायक मित्र का भी सदैव अहसान मंद रहा, वह बाद में भी मेरे बहुत काम आया, और ये बता दूँ यह विधायक मित्र मेरा सहपाठी छात्रनेता था जिसकी वजह से मेरा M.Sc. Physics में एडमिशन हुआ था।