8 . विद्यालय के अनुशासनप्रिय प्रिंसिपल सर का अनुशासन ! Vidyalay ke anushasanpriy principal sir ka anushasan!
हायर सेकेंडरी स्कूल जिसकी कक्षा 9 में मैं पढ़ रहा था उसके प्रिंसिपल सर की छवि एक अनुशासनप्रिय प्रिंसिपल की थी। हमारे स्कूल में ही नहीं सम्पूर्ण शिक्षा विभाग में उनका दबदबा था। विभाग की विभिन्न महत्वपूर्ण गतिविधियों में उनकी सर्वोच्च भूमिका होती थी इसलिए स्कूल में उनके दर्शन यदा कदा ही होते थे। व्यक्ति काफी अच्छे थे। उनकी अनुपस्थिति में भी विद्यालय एकदम शांति से चलता था क्योंकि सभी शिक्षक और छात्र इस बात से चौकन्ने रहते थे कि पता नहीं कब वे आ जाएं।
उस ज़माने में पानी की बोतल ले जाने का चलन नहीं था, एक दिन प्यास लगने पर विद्यालय में बाहर बनी हुई पानी की टंकी से पानी पीकर मैं जैसे ही स्कूल के चौक में पुनः प्रविष्ठ हुआ प्रिंसिपल सर सामने पड़ गए, मैंने उन्हें पहले कभी देखा नहीं था इसलिए पहचानता नहीं था, उन्होंने मुझे देखा तो अपने पास बुलाया और पूछा, " यहाँ क्या कर रहा है ?" मैंने जवाब दिया "पानी पीने गया था ". वह बोले, "यह कोई पानी पीने की जगह है, घर पर पानी नहीं है क्या ?" यह कह कर उन्होंने मेरे गाल पर हलके से चपत (जिंदगी की चौथी थप्पड़ )लगाई और बोले , " चलो भागो यहाँ से " . मैं एकदम से कक्षा की और दौड़ा। पीछे से आवाज आई, " उधर कहाँ जा रहा है बाहर जाने का रास्ता इधर है। " मैंने पीछे मुड़कर देखा और बोला, "कक्षा में जा रहा हूँ। " यह सुनकर उन्होंने फिर से अपने पास बुलाया और पूछा, "झूँठ बोलता है, कौनसी कक्षा में पढता है, तुम्हारी शिफ्ट तो सुबह होती है, अभी यहाँ क्या कर रहा है?" एक साथ इतनी बातें , मैंने कहा, "सर, कक्षा 9 A में पढता हूँ। ""क्या!!!" उनके मुँह से आश्चर्य से निकला। इतने में एक अध्यापक जी उधर आ गए, उन्होंने बताया कि यह कक्षा 9 का नया एडमिशन है।
मैं खड़ा हुआ उनके नए आदेश की प्रतीक्षा करते हुए उनके चेहरे को गौर से देख रहा था। उन्होंने मेरे सर पर हाथ फेरते हुए मधुर वाणी में कहा," पहले बताना चाहिए था न कि नवी कक्षा में पढ़ते हो, तू तो बहुत छोटा लगता है, मुझे तो अब भी विश्वास नहीं हो रहा." यह कह कर उन्होंने कक्षा में जाने हेतु कहा। मैं समझ गया उन्होंने मुझे किसी छोटी कक्षा का छात्र समझ लिया था। मैं उस कक्षा का ही नहीं बल्कि उस शिफ्ट का सबसे छोटा लड़का था। विद्यालय में भर्ती हुआ तब सबसे छोटा और ग्यारहवीं में सबसे लम्बा।
खैर, इतने अनुशासनप्रिय प्रिंसिपल का अनुशासन एक साल बाद कहीं ठहर न पाया। हुआ यूँ कि कक्षा 10 और ग्यारह में अध्ययन के दौरान एक प्रसिद्द अभिनेता की एक प्रसिद्द फिल्म की शूटिंग हुई , दो से तीन साल तक चली इस शूटिंग को देखने के लिए सारा स्कूल खाली हो जाता था। क्योंकि फिल्म की अधिकांश शूटिंग हमारे विद्यालय के इलाके में ही हुई थी। पढ़ाई पूर्णतः चौपट हो गई। मैं सोचता हूँ कि उस परिस्थिति में कोई भी प्रिंसिपल होता तो वो विद्यालय का अनुशासन बनाए रखने में सफल नहीं हो पाता। वैसे वो भी तो स्वयं विद्यालय में कम ही आ पाते थे।
अगले ब्लॉग में 9. भौतिकी के अध्यापक और उनसे मिली सीख !