Tuesday, December 31, 2019

30. आपातकाल में व्याप्त भय और उसके परिणाम fear of emergency and its effects 

              1975 में आपातकाल लगा, उसी अवधि  में मेरा स्थानांतरण रेगिस्तानी क्षेत्र से मेरे शहर के पास स्थित कस्बे में हो गया। शहर से मात्र 55 किमी दूर और ट्रैन का साधन होने से डेली अप डाउन की जगह थी। परन्तु आपातकाल के कारण हर मामले में कठोरता बरती जा रही थी। सब कुछ प्रशासन के हाथ में आ गया था। अतः वहां एक कमरा ले लिया था। शुरू में रहने लगे पर परिवार बड़ा था और माँ की सहायता के लिए पत्नी को वहां रखना जरुरी समझ रोजाना आना जाना शुरू हो गया। रोजाना सुबह 8 बजे घर से निकलते थे और रात 9 से 10 बजे लौटते थे। विद्यालय के प्रिंसिपल काफी अच्छे थे पर स्टाफ के साथ विवाद होता रहता था। एक लेक्चरर का तो रोजाना विवाद होता था। देरी से आने और जल्दी चले जाने के आदि उस लेक्चरर के खिलाफ कार्यवाही हुई और उसे अनिवार्य सेवानिवृत्ति दे दी गई। इससे बाकी सारे स्टाफ में भय का वातावरण बन गया।
            छोटी छोटी बातों से भी भय लगता था। मैं प्रिंसिपल का पक्ष लेता था। इससे बाकी स्टाफ वाले मुझे बुरा भला कहते थे। एक दिन अवकाश लेने की जरुरत पड़ी , प्रिंसिपल साहब कभी किसी का अवकाश स्वीकृत नहीं करते थे। स्टाफ का एक सदस्य बोला,  "बड़ा समर्थक है न तू प्रिंसिपल का, बेटा अब जा छुट्टी लेने, पता चल जाएगा।" वैसे प्रिंसिपल पर मेरा अच्छा इम्प्रैशन था पर फिर भी डर लग रहा था। मैंने एप्लीकेशन प्रिंसिपल सर के सामने रखी। उन्होंने पूछा, "क्या है ?" मैंने कहा , " सर, कल की छुट्टी चाहिए। " उन्होंने चुपचाप स्वीकृति दे दी। स्टाफ के दो तीन सदस्य यह देखने के लिए क्या होता, छुप कर कमरे के दरवाजे के पास कान लगाए थे।  जब मैं बाहर आया तो बोले आज तो प्रिंसिपल ने अपनी जन्मपत्री में जूता मार दिया। यह तो एक उदहारण है, ऐसी छोटी छोटी कई बाते थी जिनका भी भय रहता था।      
             संजय गांधी के पांच सूत्रीय कार्यक्रम का सर्वाधिक जोर था। हर कर्मचारी अधिकारी को कार्यक्रम से सम्बंधित टार्गेट दे दिए गए थे। सबसे अधिक कठिन टारगेट था परिवार नियोजन कार्यक्रम। हर कर्मचारी को प्रतिवर्ष दो दो नसबंदी के केस लाने"  थे। जोर जबरदस्ती शुरू हो गई थी। पुलिस विभाग और चिकित्सा विभाग तो इसमें बहुत आगे थे, लेकिन अन्य विभागों की स्थिति अलग थी। हर पांच सात दिन में प्रिंसिपल साहब पूछते नसबंदी केस का क्या हुआ। मेरी भुआ की लड़की ने नसबंदी करवाई तो उसमे मोटिवेटर में मेरा नाम लिखवा लिया। इस प्रकार एक केस तो हो गया पर दूसरा केस आपात्काल की समाप्ति तक भी नहीं ला पाया था। लेकिन शिक्षण से ज्यादा तनाव तो इस एक केस का रहा, कई रातों की नींद हराम हो गई। 
             स्टाफ में इमरजेंसी की आलोचना होती रहती थी, सभी भाग लेते थे उस चर्चा में, पर किसी ने मेरी शिकायत उच्चाधिकारियों से कर दी। शुरू से ही मैं राजनैतिक दृष्टि से  जागरूक रहा हूँ इस लिए चर्चा में बढ़चढ़कर भाग लेता था। मुझे पैतृक शासन पसंद नहीं था। मुझसे जवाब माँगा गया। मेरे जवाब का मुख्य आधार था कि मेरा स्थानांतरण तो इमरजेंसी में ही हुआ है इसलिए मैं तो सत्तारूढ़ पार्टी से ही हूँ। खेर बच गए।
           इमरजेंसी ख़त्म हुई, तब  जाकर भय का वातावरण दूर हुआ। लेकिन बाद में लगा कि यदि जोर जबरदस्ती नहीं हुई होती , इंदिरा गांधी और संजय गांधी दुबारा जीत कर आ जाते तो  पांच सूत्रीय कार्यक्रम सफल हो जाता। आज  भारत का स्वरुप  दूसरा ही होता। मेरे जैसे लोग जो अनुशासन को सबसे अधिक महत्व देते हैं उसे वे दिन अच्छे लगते हैं पर जोर जबरदस्ती का कोई स्थान नहीं होना चाहिए। 

29 मानो या न मानो, बद्दुआ का असर होता ही है ! Believe it or not, Evil wishes have bed effect 

          1973 की बात है। श्री कल्ला मेरे स्कूल में प्रिंसिपल रह चुके थे। मेरे वहां ज्वाइन करने से 2 माह पहले ही उनका ट्रांसफर हुआ था। लेकिन चूँकि रिटायरमेंट के 2 साल ही बाकी थे वे वहां से  जाना नहीं चाहते थे। उनको उस  स्कूल से बहुत लगाव था।  सरल प्रकृति के ईंमानदार व्यक्ति श्री कल्ला ने अपने स्वयं के 10000 रुपयों से स्कूल में 2 कमरों का निर्माण कराया था। उस समय ये बहुत बड़ी रकम थी। उन्होंने अपना ट्रांसफर कैंसिल करवा लिया। परन्तु शिक्षकों के र गुट ने उन्हें ट्रांसफर पर जाने के लिया मजबूर किया। जुलाई माह में रेगिस्तान की तपती रेत  पर गिरा कर उस गुट के ख़ास गुंडे किस्म के लड़कों से पिटवाया गया। कोई शिक्षक उस गुट के डर  से उन्हें बचाने नहीं गया। उन्हें जूतों की माला पहना. काला मुंह कर एवं गधे पर बैठा  कर विदा किया गया था उनका अपराध यह था कि एक पीटीआई के फर्जी यात्रा बिलों का भुगतान करने से मना  कर दिया था। उनके स्थान पर तत्कालीन प्रिंसिपल श्री गर्ग आये थे। एक साथ मोर्चा न खोल कर श्री गर्ग ने तीन साल में धीरे धीरे कर के साम, दाम,दंड, भेद की नीति  का उपयोग कर उन ग्रुप को  छिन्न भिन्न कर दिया था। 
         परन्तु श्री कल्ला की बद्दुआओं का असर बाद में  देखने को मिला। जिसको हम सबने अनुभव किया। इस र गुट में चार टीचर्स प्रमुख थे। एक शिक्षक जो हमारे विद्यालय में उस समय भी था उसे दहेज़ के झूंटे आरोप में जेल हो गई। जेल के दौरान उसकी दोनों किडनी फ़ैल हो गई, अस्पताल में हम उससे मिलने गए तो वह फूट फूट कर रोने लगा, उसके मुंह से निकलने वाले शब्द थे मुझे कल्ला साहब के साथ बदसलूकी की सजा मिली है।  कुछ दिनों बाद उसकी डेथ हो गई।
        दूसरा  जिस पीटीआई   की वजह से छात्रों द्वारा श्री कल्ला जी की पिटाई की गई थी उसके साथ तो बहुत ही बुरा हुआ। उसका ट्रांसफर हमारे यहाँ से हो चूका था। वह पास ही के गाँव में था। एक दिन वह ऊँट पर बैठा हुआ बाजार से गुजर रहा था। मार्ग में कुछ लड़कों ने ऊंट की नकेल खींच कर उसको भड़का दिया। ऊंट ने उस शिक्षक को गिरा दिया। जिस जगह गिरा उसी जगह पर एक फ्रूट जूस की दुकान थी। लड़कों ने फलों के खोके के पटिये निकाल कर उनसे उसे पीटना चालु कर दिया। वह बचने के लिए दुकान पर ग्राहको के बैठने के रखी बेंच के नीचे घुस गया। लड़कों ने उसके पैरों को ही निशाना बना लिया। जो सबसे चौकाने वाली बात थी वह यह थी कि वे लड़के उसके वे ही खास लड़के थे  जिन्होंने श्री कल्ला की पिटाई की थी। लोगों ने बचाया। पर तब तक पावों में काफी घाव हो गए थे। वह अस्पताल में भर्ती हुआ। गैगरिन हो गया था  दोनों पैर जांघों के यहाँ से काट दिए गए थे। हमें जब पता चला तो हाल चाल पूछने  गए तो  उसके मुंह से जो शब्द निकले वह थे, " मैं अपनी करनी का फल भुगत रहा हूँ। "
          तीसरा शिक्षक साइकिल पर स्कूल से घर जा रहा था उसको ट्रक ने टक्कर मार दी। उसकी रीढ़ की हड्डी में चोट लगने से वह लकवाग्रस्त हो गया। चौथा शिक्षक जो हमारे स्कूल में ही था  वह पागल सा हो गया था। वह अक्सर तीनों मौतों के लिए खुद को जिम्मेदार मानता था, वह कहता था वह चाहता तो सज्जन व्यक्ति श्री कल्ला के साथ हुए घटनाक्रम को रोक सकता था पर वह मूक दर्शक बना रहा इसलिए वह घटना हुई और श्री कल्ला जैसे धार्मिक व्यक्ति की बददुआ नहीं लगती। लेकिन इस सबसे बड़ी बात, कल्ला साहब ने टक्कर में घायल शिक्षक की आर्थिक मदद की, दोनों पांव कटने से विकलांग शिक्षक के घर जाकर हर संभव मदद का आश्वासन दिया। 
         कुल मिलाकर मैं तो इसी निष्कर्ष पर पहुंचा कि सरल, साधू प्रकृति के इंसान को यदि बेवजह कष्ट पहुँचाया जाएगा तो उसका फल इसी जन्म में भुगतना ही पड़ेगा। मेरी तो यह भी मान्यता है कि यदि आपने कोई अच्छे कर्म किये हैं तो उसका सुफल मिलेगा और बुरे कर्म किये हैं तो उसे भुगतना ही पड़ेगा। यहाँ जोड़ बाकी नहीं होती, अच्छे कर्म करने से बुरे कर्म समाप्त नहीं होते। बस यह जरूर है कि मन को कुछ शांति मिल जाती है। लेकिन अंत में यदि बद्दुआओं का असर होता है तो क्या दुआओं का असर नहीं होगा ? अवश्य होता है। 

28.परीक्षा परिणाम बदलने के लिए प्रिंसिपल के साथ दुर्व्यवहार Misbehavior with the Principal to Change the Result

28.परीक्षा परिणाम बदलने के लिए प्रिंसिपल के साथ दुर्व्यवहार Misbehavior with the Principal to Change the Result 

                              सत्तारूढ़  दल के युवा राजनेता ने प्रिंसिपल के मारा थप्पड़ )
            1975  की बात है। मुझे इस स्कूल में 3 वर्ष हो गए थे। विद्यालय के प्रिंसिपल श्री गर्ग  को भी तीन साल हो गए थे। वो मेरे से 2 माह पूर्व ही इस  विद्यालय में आये थे। लोग चर्चा करते कि विद्यालय के शिक्षकों के दो गुटों र गुट और ज गुट के आपसी झगड़े में फंसकर इनसे पहले के प्रिंसिपल श्री कल्ला को बेइज्जत होकर वहां से विदा होना पड़ा था। 
           हमारे प्रिंसिपल श्री गर्ग ने विद्यालय में होने वाली परीक्षा में नक़ल की परिपाटी को ख़त्म कर दिया था , विद्यालय का परीक्षा परिणाम भी अच्छा आने लग गया था। फिर भी र गुट के एक दो शिक्षक बच गए थे। चूँकि उनकी ताकत घट गई थी इसलिए वे बाहरी ताकतों का इस्तेमाल करने लग गए थे। जुलाई के तृतीय  सप्ताह में लोकल परीक्षा की सप्लीमेंटरी परीक्षा हो गई थी। र गुट  के भयंकर दबाव के  बाद भी उनके एक खास छात्र को श्री गर्ग ने उत्तीर्ण नहीं किया था। उस ग्रुप के बचे खुचे शिक्षकों में बहुत आक्रोश था। 7 अगस्त को रिजल्ट घोषित हुआ था। 9 अगस्त को रात्रि 9 बजे श्री गर्ग अपने एक मित्र को बस स्टैंड पर छोड़ने गए थे। वहां पर र गुट से सम्बंधित एक स्थानीय राजनेता ने श्री गर्ग के साथ हाथ पाई की , उनको एक थप्पड़ भी मार दिया। 
           दूसरे दिन सुबह स्कूल जाने पर हमें घटना का पता चला। हमने प्रिंसिपल साहब से कहा, सर चुप बैठने  से काम नहीं चलेगा। वो बोले देखो देश में इमरजेंसी लगा दी गई  है, उस राजनेता के खिलाफ अपन कुछ नहीं कर सकते। तब तक  इमरजेंसी क्या होती है और उसके  प्रभाव होंगे कुछ अनुमान नहीं था क्योंकि देश में पहली बार ऐसा हुआ था। फिर भी यह अनुमान तो हो ही गया था कि सरकारी लोगों के पास काफी ताकत आ गई थी। हमने प्रिंसिपल साहब को जैसे तैसे तैयार किया, थाने में FIR कराई। चुपचाप जाकर बैंक के फोन से कलेक्टर को फोन लगाया। तत्काल कार्यवाही हुई। सम्बंधित का गिरफ़्तारी वारंट निकला। वो बंदा अंडरग्राउंड हो गया। लेकिन चूँकि वह सत्तारूढ़ दल की युवा विंग का स्थानीय व्यक्ति था तो बच गया। 
         गुप् चूक तरीके से बैंक के फोन से कलेक्टर और शिक्षा विभाग के उच्चाधिकारियों को भी सूचित कर दिया गया था। शिक्षा अधिकारी  एक दिन सुबह ठीक 7 बजे आये पर श्री गर्ग के साथ कोई सहानुभूति रखने के बजाय हमारे खिलाफ ही कार्यवाही कर गए। स्टाफ के हाजिरी रजिस्टर में सात आठ शिक्षकों के एब्सेंट मार्क कर दिया। मैं भी वहीँ खड़ा था, मैंने उन्हें रोका और मेरे हस्ताक्षर कर दिए। इतने में प्रिंसिपल साहब जो कि स्कूल कैंपस में बने क्वार्टर में ही रहते थे पहुँच गए थे। अधिकारी ने उनसे पूछा की इतने लोग नहीं आये आप क्या देखते हैं। श्री गर्ग की जैसी की आदत थी अप शब्दों का इस्तेमाल करते हुए कहा कि कौन आया कौन न आया यह देखना मेरा काम है। अधिकारी ने हमसे समर्थन चाहा पर किसी ने उसकी बात पर ध्यान नहीं दिया। वह वहां से भून भुनाता हुआ चला गया, एक शिक्षक ने चाय के लिए रोकना चाहा तो प्रिंसिपल साहब ने उसे डाँट दिया कि ऐसे अधिकारीयों को जो अपने अधिकारी का बचाव करने की बजाय उसे प्रताड़ित करे उसका कोई आदर सत्कार करने की जरूरत नहीं। वह चला गया। 
        श्री गर्ग और  हम स्कूल के ग्राउंड में खड़े होकर इस प्रकरण पर चर्चा कर रहे थे कि इसी दौरान डाक आ गई , प्रिंसिपल सर ने एक खाखी लिफाफा देखकर कहा, " चलो किसी का परवाना तो आ गया लगता है!" उन्होंने लिफाफा खोला और मेरी और मुखातिब होकर, " बधाई हो डी के , तू तो इस पचड़े से निकला। " आपातकाल का समय था, कभी भी कुछ भी हो सकता था, उन्होंने मुझे किसी विदाई पार्टी की औपचारिकता निभाए बिना  कार्यमुक्त कर दिया और कहा शीघ्र पहुँच कर ज्वाइन कर लो। मैं उसी दिन वहां से रवाना हो गया और बस में बैठा हुआ उन तीन  वर्षो की घटनाओं को, साथियों के बारे में सोचता रह। कितना चुनौतीपूर्ण कार्यकाल था वह। 
        मैंने इस प्रकरण से यही सबक लिया कि आपको अपनी समस्याओं और चुनौतियों से खुद ही निपटना होगा, सरकारी विभाग में राजनैतिक दबावों के चलते कोई अधिकारी आपका साथ नहीं दे सकता। बहुत ही कम व्यक्ति ऐसे होते हैं जो  आपका साथ देते हैं।  

27. अति संवेदनशील परीक्षा केंद्र में परीक्षा केंद्र का संचालन Conduction of Examination at Extra Sensitive Board Examination Center  

                                 (शिक्षक द्वारा छात्र को थप्पड़ मारा जाना और गुंडों द्वारा मेरा घेराव )
         मुझे प्रशासनिक सेवा में आये तीसरा वर्ष ही था। यह घटना 1988  की है। बोर्ड परीक्षा होने वाली थी। जिले के सबसे संवेदनशील बल्कि उसे नक़ल के लिए बदनाम केंद्र कहना अधिक उपयुक्त होगा , के प्रिंसिपल ने डर कर मेडिकल लीव ले ली थी। मेरे विद्यालय में चूँकि परीक्षा केंद्र नहीं था तो मुझे उस स्कूल में परीक्षा के संचालन के लिए सेंटर सुपरिंटेंड लगा दिया गया था।  मैं जिले का सबसे जूनियर ऑफिसर था। वह केंद्र भी बहुत बड़ा था। 500 परीक्षार्थियों को परीक्षा देनी थी। मेरे से पहले जिले के कई बड़े बड़े तीस मार खां अधिकारीयों से पूछा गया तो सबने कोई न कोई बहाना बना कर वह कार्य करने से मना कर दिया  था । चूँकि उस स्कूल में कोई भी पूर्वपरिचित नहीं था अतः अपने उच्चाधिकारी से बहुत  अधिक निवेदन करने पर मेरे से जूनियर एक प्रिंसिपल शर्मा जी  को मेरे सहायक के रूप में लगा दिया गया। 
           परीक्षा के दो दिन पहले जाकर स्टाफ से परिचय किया।  यह जानने का प्रयास किया कि कौन कौन प्रभावी और सशक्त व्यक्ति हो सकता  है जो अच्छा सहयोगी सिद्ध हो। तथा ऐसे कौन हैं जो परीक्षा में न्यूसेन्स पैदा कर सकते हैं। विद्यालय में आयोजित पूर्व परीक्षाओं में हुई घटनाओं और आने वाली समस्याओं का इतिहास जाना। पता चला कि गत वर्ष किसी परीक्षार्थी ने शिक्षक को चाकू घोंप दिया था जिससे उसकी मृत्यु हो गई थी। यह जानने पर हमारी हालत भी ख़राब हो गई थी। दूसरे दिन से परीक्षा प्रारम्भ होनी थी। अब बचने का कोई उपाय नहीं था। खेर भगवन पर भरोसा कर हिम्मत बाँधी। 
           परीक्षा का पहला दिन। सुबह की पारी में सभी परीक्षार्थियों को आँगन में खड़ा कर उनकी तलाशी ली गई। करीब आधा बोरी कारतूस इकट्ठे हुए। इंटरनल उड़न दस्ता बनाकर परीक्षा के दौरान भी तलाशी ली तो भी काफी संख्या में नक़ल के लिए लाइ गई सामग्री मिली। इससे हम सतर्क हो गए कि यहाँ परीक्षा कराना आसान नहीं रहने वाला है। दूसरी पारी में भी यही प्रक्रिया अपनाई गई। फिर भी जब परीक्षा चल रही थी शर्मा जी ने एक छात्र को नक़ल करते पकड़ लिया था। यहाँ तक तो ठीक था पर उन्होंने उसको एक थप्पड़ भी लगा दिया जो कि उनकी बहुत बड़ी गलती थी। मैंने कहा कि धमका कर छोड़ देते हैं पर शर्मा जी और सुपरवाइजर नहीं माने। केस बनाया गया। छात्र की कॉपी लेकर उसे दूसरी कॉपी दे दी गई। एक शिक्षक जो कि स्थानीय था उसे चेतावनी दी कि यह ठीक नहीं हुआ। 
          परीक्षा समाप्त हुई। 10 मिनट बाद पुलिस भी चली गई। लगभग 10 मिनट और  निकले होंगे और सामने दिखाई दे रहे गेट से 10 से 15 लोगों का झुण्ड हल्ला करता हुआ आ रहा था। ऐसी परिस्थिति में मुझे पता नहीं कैसे तो भी हिम्मत आ जाती है। मैंने शर्मा जी  को वहां से भगा दिया। भीड़ के हाथ में हॉकी स्टिक, डंडे, तलवार धारिये  आदि थे। स्टाफ सारा मौजूद था। एक दबंग शिक्षक और मैंने मोर्चा संभाला। उनका  पहला आक्रोश तो यह था कि थप्पड़ मारने वाले को हमारे सुपुर्द करो। उन्हें बताया कि वो तो चले गए हैं। दूसरी  मांग थी कि हमें वो जब्त कॉपी दे दो। उन्हें मुश्किल से समझाया कि वो कॉपी तो पहले ही डाक से भेज चुके हैं। फिर उनके सामने लड़के से पूछा, " ईमानदारी से बताना कि तुम्हे किस स्थिति  में पकड़ा था?", लड़के ने कहा, " नक़ल करते पकड़ा था" , अच्छा केस बनाते समय फॉर्म में क्या लिखा था ?" , लड़के ने बताया, " कागज़ जेब में पाया गया। "  "मतलब हमने केस कमजोर कर दिया अब तुम्हारा कुछ नहीं बिगड़ेगा।"  इस प्रकार उनको समझाने में एक घंटे से अधिक लग गया था फिर भी वे उनमे से एक दो व्यक्ति गालिया देते हुआ धमका कर चले गए। परिस्थिति कितनी तनावपूर्ण थी इसकी कल्पना आप लोग नहीं कर सकेंगे। 
          इसके बाद परीक्षा के 20 दिन बड़ी मुश्किल से निकले।  स्कूटर पर रोज गाँव में से गुजरते हुए लोगों की गालियां और फिकरे सुनने पड़ते थे, पत्थर और कागज़ के गोले बनाकर हमारे ऊपर फेंके जाते थे। रोज ईश्वर को याद करते हुए दिन निकाले। शेष परीक्षा शान्ति से निकल गई। पर यदि शर्मा जी ने परीक्षार्थी पर हाथ उठाकर कानून हाथ में न लिया होता तो स्थिति इतना न बिगड़ती। 
         परीक्षा  का आयोजन और संचालन शिक्षा के क्षेत्र का सबसे दुरूह कार्य है , आज RTI और मीडिया  के युग में तो यह बहुत ही चुनौतीपूर्ण कार्य हो चूका है। राज्य स्तर पर परीक्षा का आयोजन कराने का भी बहुत ही यादगार अनुभव रहा है जिसकी चर्चा फिर किसी ब्लॉग में।  

25. परीक्षार्थी के व्यवहार पर मेरा गुस्सा Behavior of Student and My Anger

25. परीक्षार्थी के  व्यवहार पर मेरा गुस्सा Behavior of Student and My Anger   

                                                 (मुझे छात्र ने दिखाया चाकू )
 1974 की बोर्ड की परीक्षाएं चल रही थीं। मुझे परीक्षा कक्ष में वीक्षक(Invigilator) बना कर भेजा गया। मेरी फाइल में रूम नंबर 6 अंकित था। परन्तु वह 9 भी दिख रहा था। मेरी कठोर व्यक्ति की छवि थी। कई बार छात्रों की धमकियाँ भी मिलती थी। मैं कक्ष 6 से कुछ आगे निकल गया। छात्र ख़ुशी में तालियां बजाने लगे पर मुझे ध्यान आया और मैं पुनः लोटा, बच्चे निराश हो गए। मैंने कक्ष में प्रवेश किया। उसमें एक प्राइवेट परीक्षार्थी भी था। उसे मैंने पहले कभी नहीं देखा था। मैंने सभी से कोई भी कारतूस (नकल की पर्चियों को कहा जाता था ) हो तो मुझे पहले ही दे दो वरना  मैं बाद में छोडूंगा नहीं। कुछ ने पर्ची दे दी।
           पेपर्स वितरित कर दिए थे। एक छात्र जो कि सामान्य से अधिक आयु का दिख रहा था, ने मेरे सामने एक छोटा चाक़ू निकाल कर उस पेपर के साथ टेबल  पर गाड़ दिया। मुझे भयंकर क्रोध आया और उसका चाकू टेबल  में से निकाल कर उसे दिखाते हुए मैं बोला, " पिछवाड़े (असल शब्द कुछ और काम में लिया था जिसका उल्लेख करना शोभनीय नहीं ) में घुसेड़ कर आंतड़ियाँ बाहर निकाल दूंगा। " वह चाकू मैंने बंद कर अपनी जेब में रख दिया। दूसरे सारे लड़के सन्न रह गए थे। उस लड़के ने भी कोई जवाब नहीं दिया। पूरी परीक्षा में उसने कॉपी में कुछ नहीं लिखा। बीच बीच में वह बाहर निकल कर मेरी अनुमति से वरामदे में टहलता हुआ सिगरेटें फूंकता रहा, भयंकर तनाव में रहा, तनाव मुझे भी था कि परीक्षा के बाद वह क्या करेगा। बाद में पता चला कि वह प्रिंसिपल साहब का साला था। 
         कक्ष की दिवार के पास दो छात्र एक दूसरे की कॉपी में झांके बिना रुक नहीं रहे थे तो मैं उन दोनों के बीच में दिवार का सहारा लेकर खड़ा हो गया। चूँकि घूमना बंद कर दिया था तो एक छात्र ने मौका ताड़कर एक कागज़ निकाल कॉपी में रख लिया था। मुझे शक हो गया, मैंने उसे पकड़ा। उसका केस बनाने लगे। प्रिंसिपल साहब आये और उसे धमका  कर छोड़ दिया। मैं बाद में सोचता रहा कि डाट डपट कर तो मैं भी छोड़ सकता था, प्रिंसिपल साहब तो भले बन गए और मैं बुरा। उस दिन के बाद मैंने सीख ले ली कि आइंदा से अहसान ही करना है तो खुद ही करो, जो चीज खुद के हाथ में है उसका मौका दूसरे को क्यों दो। पूरे सेवाकाल में मैंने  इसे अपना फार्मूला बना लिया चाहे शिक्षक रहा या अधिकारी, मैं इसी फॉर्मूले पर चला। 
         जब पूरी  परीक्षा समाप्त हो गई तो वो लड़का मेरे पास आया और मुझे धमकी देकर गया कि मुझे देख लेगा। खेर ऐसी धमकियों के तो स्टूडेंट लाइफ से आदि थे इसलिए कोई अधिक डर नहीं लगा पर चूँकि विवाह हो चूका था इसलिए कुछ कमजोरी तो आ ही गई थी। अपनी इज्जत का डर सताने लगा था। सबसे अधिक समस्याएं, तनाव, परेशानिया, कठिनाइयां परीक्षाओं को लेकर ही भुगतनी पड़ती है। 




23.मुझ पर लगा रिश्वत लेने का आरोप ! Charge of Bribe

23. मुझ पर लगा रिश्वत लेने का आरोप ! Charge of Bribe 

        मई माह की 15 तारीख को गाँव वालों के हंगामे से डर  कर, स्थानीय शिक्षकों को रिजल्ट घोषित करने का कहकर सुबह 9  बजे की बस से प्रिंसिपल साहब सहित सारा बाहरी स्टाफ बस से चला जाता था। एक बार तो बस समय से रवाना नहीं हुई और स्कूल में रिजल्ट भी जल्दी घोषित कर दिया गया था, बस पर भीड़ पहुँच गई थी, बस भी स्टार्ट हो चुकी थी, हमने कहा, "जल्दी चलो", ड्राइवर बोला, "साहब ये पत्थर मार कर कांच वगैरह तोड़ देंगे।"  हमने कहा, "हम भरपाई कर देंगे तुम तो अभी चलो।" जैसे तैसे हंगामे के बीच निकल सके थे। चूँकि रिजल्ट स्ट्रिक्ट होता था इसलिए गाँव में आक्रोश रहता  था जो डेढ़ महीने में ठंडा पड़  जाता था। 
        सन 1973 का जुलाई के महीने का पहला सप्ताह। प्रिंसिपल साहब ने मुझे बुलवाया। वो बोले, " डी के, ये लड़का क्या कह रहा है। " मैंने लड़के की तरफ देखा , वह हड़बड़ाने , घबराने लगा। प्रिंसिपल साहब बोले, "यह कह रहा है कि इसे पास करने के लिए तुमने 40 रूपए लिये फिर भी फ़ैल कर दिया। " मुझे गुस्सा आया, " मैंने कब लिए तुझसे पैसे। " लड़का बोला आपने नहीं लिए, चौधरी सर कह रहे हैं कि उन्होंने मुझे पास करने के लिये 2 किलो घी आपको दिया था। " 
        प्रिंसिपल सर ने चौधरी को बुलाया। उसने माना कि उसने खुद ने मेरा नाम लेकर पैसे लिए थे। उसने अपनी गलती मानी और प्रिंसिपल सर से और मुझसे माफ़ी मांगी। प्रिंसिपल सर ने उसे डाटते हुए सारे स्टाफ को चाय नास्ता करने की सजा दी। पर मैंने तो और सजा सोच ली थी। मैंने अपने ग्रुप से बात की। हमें मालुम था कि वह सुबह रेत के टीलों के पीछे शौच के लिए जाता था। सुबह हम तीन लोग उसका पीछा करते हुए टीले के पीछे पहुंचे। उसकी खूब धुनाई की। वह पावों में लोट लोट कर माफ़ी मांगने लगा।  हमने उससे पूरा वाकया पूछा। उसने बताया कि एक दिन जब मैं मार्क लिस्ट में अंक भर रहा था तो उसने उस लड़के के रोल नंबर के सामने 100 में से 36 अंक लिखे हुए देख लिए थे, तो उसने सोचा था कि लड़के को पास किया गया है इसलिए इससे पैसे लिए जा सकते हैं। पर गलती से उसने गलत नंबर देख लिए थे। इसलिए वह लड़का फ़ैल हो गया था। 
      लेकिन इससे मुझे एक सीख मिली। मैंने बाद में कभी भी किसी के सामने अंक नहीं भरे। उत्तरपुस्तिकाएं प्राप्त होते से ही एक दो दिन में जांच कर जमा करा देता था ताकि सिफारिश आये तो कह सकते थे कि मैंने तो कॉपी जांच कर दे दी है। एक शिक्षक के लिए सबसे चुनौतीपूर्ण समय  परीक्षा का ही होता है , कई तरह के दबाव होते हैं, रिजल्ट मेन्टेन करने का स्कूल प्रशासन का दबाव, परिचितों और साथी शिक्षकों का दबाव, स्वयं का दबाव, परीक्षा कक्ष में दबंग परीक्षार्थियों का दबाव, नागरिकों का दबाव आदि। जिन लोगों का इस काम से पाला न पड़ा हो वे इस तनाव को नहीं समझ सकते। 

24. बोर्ड परीक्षा में पहली ड्यूटी का कटु अनुभव? Bitter Experience of First Board Examination Duty

24. बोर्ड परीक्षा में पहली ड्यूटी का कटु अनुभव? Bitter Experience of First Board Examination Duty   

                            ( फ्लाइंग स्क्वाड ने एक ही कमरे में पकडे 20 नकलची )
आठवे दसक की बात है। सेकेंडरी बोर्ड की परीक्षाओं में नक़ल करने और परीक्षा केंद्र में नकल  कराने की शिकायतें मिलने लग गईं  थी। बोर्ड द्वारा फ्लाइंग स्क्वाड(उड़न दस्ता ) लगाया जाना प्रारम्भ ही हुआ होगा। ये परीक्षा में नक़ल न हो इसको सुनिश्चित करते थे। हमारे स्कूल के बारे में भी पहले से शिकायतें थी पर मुझे इसकी जानकारी नहीं थी। चूँकि मैं स्कूल के सीनियर स्टाफ का सदस्य था, नौकरी की अवधि के हिसाब से नहीं, पद से  व्याख्याता होने के कारण, मुझे सुपरवाइजर (परिवेक्षक)लगाया गया था। रूम में इनविजिलेटर(वीक्षक ) लगाए जाते थे जो पूरे समय कमरे में निगरानी करता है । तीन या चार कमरों पर एक सुपरवाइजर लगाया जाता है जो उन कक्षों में परीक्षा के सुचारु संचालान  के लिए जिम्मेदार होता है। विद्यालय का प्रिंसिपल Examination Superintend (केंद्राधीक्षक ) कहलाता है। 
         1973 की उस बोर्ड परीक्षा में मुझे कक्ष क्रमांक 1,2,3 की जिम्मेदारी दी गई थी। परीक्षा का तीसरा दिन था, स्कूल की बाउंड्री के पास गेट पर एक जीप रुकती दिखी , प्रिंसिपल साहब ने सभी सुपरवाइजर को सतर्क हो जाने को कहा, मैं भी शीघ्रता से अपने कमरों पर पहुंचा, उन कक्षों  से गेट सीधा दिखाई देता था और वे सबसे दूर थे। अचानक कमरा नंबर तीन पर पहुंचते से ही इंविजिलेटर ने मेरे हाथ में कई सारी नक़ल के लिए लाइ गई पर्चियां पकड़ा दी, कमरा नंबर 1 और 2 ने कुछ नहीं दिया। मैं भागता हुआ बिल्डिंग के पीछे गया और वहां खाली पड़े मटके में वे पर्चियां डाल दीं। दौड़ता हुआ वापस अपने कक्षों के सामने आ गया। इस दौरान उड़न दस्ते के तीन व्यक्ति कक्ष क्रमांक 3, 4 और 5 में तलाशी लेने पहुँच चुके थे। 
        तलाशी के दौरान कमरा नंबर 4 के  24 में से  20 बच्चों के पास नकल की पर्ची मिली। कमरा नंबर तीन और चार में स्थानीय शिक्षक थे जो लिबरल थे और नक़ल करने में सहयोग कर रहे थे। आवश्यक कार्यवाही करने के बाद उड़न दस्ता जा चूका था। हम सुपरवाइजर को बुलाया गया। हमें डाँट पड़ी, जिसके कमरे से पर्चियां पकड़ी गई उसको अधिक सुनना पड़ा। फिर मुझसे प्रिंसिपल साहब ने पूछा कि कमरा नंबर तीन मे जो व्यक्ति है वो तो नक़ल कराने में बदनाम है, ये कैसे हो सकता है कि उसमे एक भी लड़का नहीं पकड़ा गया ।  तब मैंने सारी बात बता दी। प्रिंसिपल साहब ने कहा कि तुम्हारी तक़दीर अच्छी है जो तुम पर उनकी निगाह नहीं पड़ी वर्ना तुम्हारी नौकरी का यह आखिरी दिन होता। तुम्हारी किसी बात को नहीं सुना जाता। मैंने कहा वो तो उन सर की गलती थी प्रिंसिपल सर ने कहा कि वो बहुत शातिर आदमी है उसने पर्चियां तुम्हे थमा दी, पर्चियां तो तुम्हारे हाथ में थी। इंविजिलेटर तो कोई भी बहाना बना देता, हाथ तो तुम्हारे रंगे  थे। खेर बच गए आइन्दा ध्यान रखना कभी दूसरे की गलती की सजा तुम्हे न मिल जाए। जीवनं के कार्यक्षेत्र  में तुम अभी आये ही हो, यहाँ कईं  धूर्त किस्म के लोगों से पाला पड़ेगा। 
         शाम को 7 बजे रेडियो पर प्रादेशिक समाचार सुन रहा था, उसमे हमारे गाँव का नाम सुर्ख़ियों में था। बताया जा रहा था बोर्ड के उड़न दस्ते ने फलाने गाँव में 20 परीक्षार्थी को नक़ल करते हुए पकड़ा। उस दिन के बाद मैं अपने से सम्बन्धित कमरों में बच्चों की तलाशी पहले ही ले लेता था।  चूँकि केंद्र बदनाम हो गया था, परीक्षा के बाकी बचे 10 दिनों में चार पांच बार उड़नदस्ता आया पर उनके कुछ हाथ नहीं लगा। लगता भी कैसे,प्रिंसिपल साहब, शिक्षक, गाँववाले सब  सतर्क हो गए थे। गाँव वालों ने तो अपनी तरफ से पक्की व्यवस्था कर ली थी, जैसे ही गाँव में कोई जीप घुसती दिखती वहां से मोटर साइकिल पर संदेशवाहक आ जाता था। हालांकि इस कारण से  कई बार तो बिना वजह तनाव हो गया था।  बाद में जब प्रिंसिपल बना और बोर्ड परिक्षा का संचालन करना पड़ा तो हर स्कूल में परिवीक्षकों का एक इंटरनल दस्ता बना कर उन्हें अपने साथ लेकर सब परीक्षार्थियों की तलाशी ले लेता था।   
         आज सोचता हूँ कि यदि उड़नदस्ते के किसी सदस्य ने मुझे देख लिया होता तो क्या होता? मुझे क्या करना चाहिए था ? यदि कागज़ न लेता तो भी मेरी ही कमी दिखती और मुझे दोषी माना जाता। 

Thursday, December 19, 2019

22 . शिक्षक ग्रुप की दादागिरी और मैं ? Dadagiri of Teachers Group

22 . शिक्षक ग्रुप की दादागिरी और मैं ? Dadagiri of Teachers Group 

          सन 1972 से 1975  के तीन वर्ष मेरी जिंदगी का सबसे अधिक कठिन साथ ही मस्त समय रहा। जब पीछे मुड़कर देखता हूँ तो लगता है कि क्या मैंने ऐसा भी समय निकाला था? रेगिस्तानी क्षेत्र के उस कस्बे में दो दबंग जातियों का बोलबाला था। उनके मध्य विवाद और झगडे होने आम बात थी। विद्यालय भी प्रमुख रूप से इन दबंग जातियों के ग्रुपों में विभाजित था। मैं इनको ज ग्रुप और र ग्रुप कहूंगा। दोंनो में सम्बंधित शिक्षक और छात्र जुड़े हुए थे। 
           र ग्रुप के शिक्षकों ने मेरे कमरे के सामने एक बिल्डिंग ले रखी थी। उसमे लगभग 15  से 20 बच्चे और तीन अध्यापक रहा करते थे। अध्यापकों का काफी खर्चा बच्चों से निकल जाता था। बच्चे उन शिक्षकों के सपोर्ट से दबंग हो चुके थे। एक दिन शाम को  मैं और मेरा मित्र वर्मा जो कि बैंक में कार्यरत था छत पर बैठे हुए थे। सामने की बिल्डिंग से दो बच्चे हमें बुलाने आये। हम वहां गए।  वहां तो दारु की महफ़िल जमी हुई थी। हमें जबरदस्ती पीने बैठाया गया। उन्होंने कहा कुछ काम है पहले साथ दो। वर्मा  तो पीने का आदि था पर मैंने तो कभी चखी भी नहीं थी। मैंने वर्मा से कान में कहा। उसने कहा ये सब नशे में हैं, मैं तो बहुत आदि हूँ इस चीज का, तू पीने का नाटक करना और मौका देख कर थोड़ा थोड़ा मेरी गिलास में डाल देना। हमने ऐसा ही किया। 
        मुझे लगा  वर्मा को शराब चढ़ गई थी ,  वो और और की मांग करते हुए हंगामा करने लगा था , उसने एक गिलास भी तौड़  दिया था। शराबियों को भी लगा कि वर्मा को चढ़ गई है। उन्होंने हमें रवाना करने में ही भलाई समझी। हमारे रवाना होने से पहले उन्होंने विज्ञान पार्ट A का एक रिक्त पेपर निकाला और कहा इसमें सही उत्तर भर कर जांच कर अपने हस्ताक्षर कर  दो। मैं एकदम से दंग रह गया। हाफ इयरली एग्जाम का  पेपर था , मैंने  कहा ये आंसर बुक्स तो मैं जांच कर दे चूका हूँ। उन्होंने कहा यह हम देख लेंगे। तब तक इससे बचने का एक उपाय मेरे दिमाग में आ चूका था। मैंने कहा मैंने सारी कापियाँ हरे पेन से जाँची है जो लेब में पड़ा है, आप मुझे यह दे दो मैं कल आपको दे दूंगा। इस प्रकार चतुराई से हम वहां से निकले।  
        मैंने वर्मा को थाम रखा था, उसे थामे हुए पास ही स्थित उसके कमरे पर छोड़ने जा रहा था। कुछ दूर चलने के बाद वह बोला छोड़ दे मुझे , मैंने कहा तुझे चढ़ गई है, वह बोला  मुझे नहीं चढ़ती मैं तो और अधिक पी सकता हूँ। ये तो इन लोगो को डराने के लिए हंगामा किया था मैंने, अब देखना ये अपने को कभी नहीं बुलाएँगे।  और बात सही भी हुई, हमें दुबारा कभी भी दारु की महफ़िल  में नहीं बुलाया गया।
      र और ज ग्रुप से तंग आकर हम दस बारह लोगों का एक शक्तिशाली न्यूट्रल ग्रुप बना चुके थे। सब साथ घूमते थे, वॉलीबाल कबड्डी खेलते थे , व्यायाम करते थे इससे दोनों ग्रुप हमसे भिड़ने से कतराते थे। मैंने दूसरे दिन पेपर नहीं दिया।  मेरे ग्रुप ने उनको कह दिया कि इसे कुछ नहीं होना चाहिए।   
      उसके बाद हमारे 2 साल बिना किसी खास दबाव के गुजरे थे। लेकिन यहाँ की गुटबाजी और खतरनाक माहौल के अनुभव ने मुझे भविष्य के एडमिनिस्ट्रेशन में बहुत मदद की।      

21 नए विद्यालय के केमिस्ट्री के लेक्चरर Chemistry Lecturer of New School

21 नए विद्यालय के केमिस्ट्री के लेक्चरर Chemistry Lecturer of New School 

.      सितम्बर  1972 में  नए कस्बे  में आए तीसरा दिन था।  धर्मशाला में ही ठहरा हुआ  था। कहाँ रहा जाए कोई सलाह नहीं मिल रही थी। इतने अव्यावहारिक लोगो से पहली बार पाला पड़ा था।  विद्यालय में चौथा  पीरियड चल रहा था और कक्षा 11 को फिजिक्स पढ़ा रहा था। मात्र 4 विद्यार्थी थे। कक्षा अपनी प्रयोगशाला में ही ले रहा था। इतने में एक प्रभावी शानदार पर्सनालिटी ने क्लास में बेधड़क प्रवेश किया। बच्चे खड़े हो गए। मैं समझ गया कोई हस्ती है। आते से ही हाथ मिलाने के लिए आगे बढ़ाते हुए उसने कहा, " I am R.N. Jain. lecturer in chemistry, welcome ." पहली बार कोई आत्मीयता से मिला, बाकी तो किसी को कोई लेना देना ही नहीं था जैसे। एक कुर्सी खींच कर बैठ गए। मैंने भी अपना परिचय दिया। इंटरवल हो गया था। उसने पूछा कहाँ रह रहे हो। मैंने अपना दुखड़ा रोया। उसी समय दो लड़कों को और मुझे साथ लेकर धर्मशाला पहुंचे। वहां से मेरा सामान लिया और उनके कमरे पर ले जा कर रख  दिया। उनके इस व्यवहार ने मुझे उनका मित्र बना दिया। हालांकि उम्र में मुझसे सात आठ साल बड़े ही होंगे पर मस्त व्यक्ति लगे।
        उनके साथ रहते हुए तीन दिन हुए होंगे। उस दिन उनका प्रिंसिपल साहब से कोई विवाद हो रहा था, जोर जोर से चिल्लाने की आवाज आ रही थी। मैं कक्षा में पढ़ा रहा था वहां से प्रिंसिपल साहब के चेंबर का नजारा साफ़ दिखाई दे रहा था। कुछ हाथापाई की  नौबत आती दिखी तो मैं दौड़ता हुआ वहां पहुंचा, और भी लोग आ गए थे, जैन के हाथ में पेपर वेट था  और वह प्रिंसिपल साहब को मारने के लिए तैयार था, एक शिक्षक ने उसे पकड़ा मैंने उसके हाथ से पेपर वेट छिना। वह जोर जोर से हाँफ  रहा था। बी पी हाई हो गया था। स्टाफ रूम में ले जाकर लेटाया। उसके कुछ मित्र आकर ले गए। बीच बीच में उसके हाल चाल पता करते रहे। छुट्टी के बाद मैं कमरे पर बैठा हुआ था कि अचानक उसका आगमन हुआ। उसने आते से ही गालियां देते हुए मेरा सामान निकाल कर बाहर फेंकने लगा ,पास वाले कमरे में रहने वाले बैंक क्लेर्क ने मेरा सामान अपने कमरे में रखवाया और मुझे गुस्सा न करने के लिए समझाया, गत  तीन दिनों में उससे अच्छा परिचय हो गया था, हम उम्र था। कुछ देर बाद जैन वापस आया और माफ़ी माँगते हुए मेरा सामान जबरदस्ती अपने कमरे में ले गया।
         दिसंबर महीने की बात है एक दिन हमारे कमरे के सामने से प्रिंसिपल साहब निकल रहे थे उन्होंने मुझे आवाज दी। मैं कुछ जवाब देता उससे पहले ही जैन ने एक एक- दो किलोग्राम का बड़ा पत्थर उठाकर प्रिंसिपल साहब पर फैका। वे झुक कर बच गए। उनके झुकने से पत्थर वहां से गुजर रहे कुत्ते के लगा, प्रिंसिपल साहब के साथ दो तीन व्यक्ति और थे, वे उन्हें वहां से ले गए। कुत्ते को जाकर देखा वह मर गया था। विभागीय कार्यवाही की गई और जैन को पास के कस्बे में डेप्यूट कर दिया गया। एक दिन रात 2 बजे वह टैक्सी लेकर आया और मुझसे कहा मेरी पत्नी और दोनों बच्चे जल गए हैं और मुझे शीघ्र पहुंचना है मेरे पास पैसे नहीं हैं। मेरे पास भी पैसे  नहीं थे मेने असमर्थता व्यक्त कर दी थी। वह नाराज होकर चला गया था। 
         उसकी दो पत्नियां थी जिनमे पहली व्याख्याता जो कि मेरे शहर के ही एक प्रतिष्ठित व्यक्ति की बहन थी और दूसरी एक बैंक में अधिकारी थी पर दोनों को एक दूसरे के बारे में पता नहीं था। बैंक अधिकारी पत्नी को जब पता लगा तो उसने पुलिस कार्यवाही की। जैन को गिरफ्तार करने की प्रक्रिया की आशंका का आभास होते से ही वह गायब हो गया। कुछ वर्षों  तक उसका पता न चला। उसकी डिग्री भी फर्जी निकली थी। वह मेरे पास titration का solution  बनाने की विधि पूछता रहता था मुझे ताज्जुब होता था कि यह कैसा M.Sc. है ? उसे बर्खास्त कर दिया गया था। बाद में और भी जानकारियां मिली थी उसके बारे में, वो रिफायनरी के फोटो लेते गिरफ्तार किया गया था इस कारण  6 महीने तक डिब्रूगढ़ की जेल में रह चूका था,  विभागीय प्रामणीकरण के बाद वह छूटा था। उसे जासूस समझ लिया गया था।
         सन 1982 की बात है, मैं अपने ही शहर में आ चूका था, एक दिन उसके बारे में समाचार पत्र में पढ़ने में आया कि रेलवे स्टेशन पर उसे VIP कोटे में  शहर के नए Dy S.P. के रूप में रिजर्वेशन कराते पकड़ा गया था।
 ख़ैर उसकी कहानी बहुत लम्बी है उस पर तो अच्छा खासा छोटा उपन्यास लिखा जा सकता है। पर उसकी एक निशानी उसका पलंग जो मैंने उससे ख़रीदा था, आज भी मेरे घर पर कबाड़ में पड़ा हुआ है।
         कुछ ही मुलाकातों से किसी का मूल्याङ्कन नहीं किया जा सकता है। पता नहीं आईएएस आदि में आधा घंटे के साक्षात्कार में क्या मूल्याङ्कन करते हैं?
         

19 IAS डायरेक्टर साहब की सहृदयता और व्याख्याता के रूप में पुनर्नियुक्ति IAS director saahab ki sahridayta aur Vyakhyata ke roop me punarniyukti

19  IAS डायरेक्टर साहब की सहृदयता और पुनर्नियुक्ति  Noble Mindedness of IAS director and Reappointment 

           1972 में अस्थाई नौकरी से टर्मिनेशन के बाद में पुनः सहायक शिक्षक का नियुक्ति पत्र आ गया। यह भी बहुत दूर था, शहर से 120 किमी दूर। आवागमन के बहुत कम साधन होने से उस समय उस पहाड़ी क्षेत्र में यह दूरी बस से 6 घंटे में तय कर 4 अगस्त को सहायक अध्यापक पर कार्यभार ग्रहण किया। विज्ञान गणित विषय अध्यापक का स्कूल में पुरजोर स्वागत हुआ। वहां पर डेढ़ माह के कार्यकाल में बच्चों,साथी शिक्षकों, प्रधानाध्यापकजी, अभिभावकों का बहुत स्नेह और सहयोग मिला। उसी दौरान पास ही के कस्बे में मेरा क्लास फेलो भी नियुक्त था। एक दिन वह आया और बोला तू अभी तक यहाँ क्या कर रहा है, मैं यही बताने आया हूँ कि तेरे से जूनियर लोगों को पुनः नियुक्ति मिल गई है तू क्या कर रहा है, पहले पुराने वालों को नियुक्ति मिलती है फिर नयों को। उस समय फोन तो थे नहीं इसलिए वह खुद बताने आया था। 
          मैं शहर में घर पर पहुंचा। निदेशालय में कार्य कर रहे एक दूर के रिश्तेदार  से पिताजी ने बात की। चार पांच दिन बाद उनका पत्र आया कि मेरे रिकॉर्ड में जन्म तिथि गलत अंकित है बोर्ड का सर्टिफिकेट लेकर उसे भेज दो। शहर में एक स्कूल में व्याख्याता का पद रिक्त था  वहां के प्रधानाचार्य से लिखवाकर अपना  सर्टिफिकेट लेकर बस से 13 घंटे की यात्रा कर राज्य के दूसरे छोर पर पहुंचा। धर्मशाला में तैयार होकर शिक्षा निदेशालय पहुंचा। लोगों ने कहा इतनी जल्दी जाकर क्या करोगे ऑफिस में कोई आता ही नहीं है 11 बजे पहले। पर मेरे पास तो समय ही समय था।ऑफिस खुलने के 10 मिनट पहले पहुँच गया। 10 बजने में 5 मिनट रहते एक लाल बत्ती कार आकर पोर्च में रुकी।  
           उसमे से डायरेक्टर साहब निकल कर कमरे में गए। मैं उनको पहले से जानता था क्योंकि प्रथम नियुक्ति के समय उनसे मिल चूका था। 5 मिनट बाद मुझे बुला लिया गया था। जैसा कि कार्यालयों में मिलने का  निर्धारित होता है वैसा कुछ नहीं  था। उन्होंने वह परंपरा हटा दी थी। मैं एप्लीकेशन लेकर अंदर गया। उन्होंने सम्बंधित अफसर को बुलाया, बात हुई, उसे आवश्यक निर्देश देकर मुझे बाहर बैठने हेतु कहा। दरअसल हुआ यह था  कि मेरे पुराने नियुक्ति पत्र की साइक्लोस्टाइल प्रति में जन्मतिथि में 1949 का 1940 बन गया था। अंक 9 अधिक स्याही हो जाने से 0 हो गया था। केवल इस वजह से मेरी नियुक्ति नहीं हुई थी। 
          खेर एक घंटे बाद उन्होंने मुझे बुलाया और कहा कि हमारे कार्यालय की गलती से आपको असुविधा हुई। अब आप अपनी  चॉइस बताएं कहाँ जाना  हैं,  जिस स्कूल का पत्र लाए हैं वहां तो कल ही नियुक्ति दे चुके हैं। उन्होंने चार नाम बताए कि अब यही जगह खाली है। मैंने उनमे से दो का नाम सुना था और दो बिलकुल नए नाम थे। मैंने कहा सर आप जिसे उचित समझे। उनके सामने तीन चार अधिकारी बैठे हुए थे उनमे से एक ने कहा कि इनके लिए फलानी जगह नजदीक रहेगी। उन्होंने मुझसे पूछा, मैंने कहा ठीक है। उन्होंने मुझे इंतजार करने के लिए कहा, तथा सम्बंधित अधिकारी को लंच से पहले मुझे आदेश दे देने हेतु निर्देश दिया। करीब एक बजे उस अधिकारी के पास गया। उसने अभी देते हैं इतनी जल्दी क्या है, कह कर मुझे झिड़क दिया। मैं वापस कर बाहर बैठ गया।
            मैं बैठा हुआ इंतजार कर ही रहा था कि निदेशक महोदय अपने कमरे से बाहर निकले, मुझे देखकर बोले, " क्या हुआ, आदेश नहीं मिले। " मैंने सर हिला दिया।  उन्होंने कहा, "चलो मेरे साथ" , मैं उनके साथ ऑफिस के अंदर गया। उन्होंने सम्बंधित अधिकारी को डाटा।  कहा यह इतनी दूर से आएं हैं। भूखे प्यासे होंगे। दो लाइन का आदेश टाइप करने में कितनी देर लगती है। अभी 15 मिनट में इन्हे आदेश दीजिए। यह कह कर वे चले गए। सम्बंधित अधिकारी हाथ जोड़कर कहने लगा, "दादा भाई मैं दे तो रहा था आदेश, सर के पास क्यों गए। " मैंने कहा, " मैं नहीं गया इनके पास, मैं बाहर बैठा हुआ था, ये निकले और इन्होने मुझे देखकर पूछा था। "          खेर मुझे 15 मिनट में आदेश मिल गए। मैं आदेश लेकर निदेशक महोदय को बताने गया, उन्होने मुझे देखकर कहा," बहुत अच्छे, और सुनो, हमारी गलती की वजह से तुम्हारी पुनः नियुक्ति में देरी हो गई है, दुबारा टर्मिनेशन हो जाएगा, एक काम करना अप्रैल में मुझे एक पोस्ट कार्ड लिख देना ताकि मुझे ध्यान आ आ जाएगा, और हाँ एक बात और सुनों जब भी कहीं तुम्हारे शहर में या आसपास जगह रिक्त हो तो मेरे व्यक्तिगत  नाम से मुझे एक एप्लीकेशन भेज देना। ठीक है अब जाओ भूख लग रही होगी।  wish you  all the best." मैं थैंक्स देकर निकल गया। 
         लौटते वक्त मैं सारे  रास्ते में उनके बारे में ही सोचता रहा एक IAS अधिकारी ऐसा भी  हो सकता है क्या, दो बार उनसे काम पड़ा, समय का पाबन्द, काम को तीव्रता से संपन्न करने वाला, एक अदने से कर्मचारी के प्रति इतना सहृदय , इतना अनौपचारिक। बाद में वे राज्य के मुख्य सचिव बने और केंद्र में भी बहुत ऊँचे पद पर रहे। वे राज्य के बहुत ही लोकप्रिय अधिकारी रहे।  आज भी सोचता हूँ कि काश सारे ही अधिकारी, कर्मचारी ऐसे हो जाएं तो. देश को दुबारा विश्वगुरु बनने से कोई नहीं रोक सकता। इसे लिखने  का उद्देश्य यह भी है कि निजी अथवा सरकारी क्षेत्र के युवा अधिकारी अगर पढ़ें और इससे कुछ सीख ले सकें तो अच्छा रहेगा।
       केवल दो मुलाकातों से ही  मेरे जीवन पर उनकी सबसे अधिक छाप पड़ी। मेरे कार्य करने की शैली बहुत कुछ वैसी  ही हो गई। जिंदगी में कभी कार्यालय देर से नहीं गया। किसी का कोई काम नहीं लटकाया। सबके कामों को शीघ्रता से निपटाने का प्रयास किया।    

Saturday, December 7, 2019

20. मेरे नए विद्यालय का पहला रोचक दिन Interesting First Day of My New School

20. मेरे नए विद्यालय का पहला रोचक दिन Interesting First Day of My New School  

         अपने शहर से ट्रैन और बस से 18 घंटे और 360 किमी की यात्रा के बाद राज्य के सुदूर रेगिस्तानी अंचल के ग्रामीण क्षेत्र  में पहुंचा। गाँव की एक मात्र धर्मशाला में अँधेरी और सीलन भरी एक कोठरी में अपना सामान रखा। कुए पर नहाने गया, तो वहां पर झगड़ा हो रहा था।  एक हट्टी कट्टी महिला एक कृशकाय पुरुष की  बाल्टी और धोवने ( बल्ले टाइप का लकड़ी का कपडे कूटने का साधन ) से धुलाई कर रही थी। लोग मजा ले रहे थे ,उनकी चर्चा से पता लगा कि वे पति पत्नी थे। मैं चुपचाप बिना नहाए ही वापस आ गया।  हाथ मुंह धोकर तैयार होकर  पता पूछता हुआ स्कूल पहुंचा।
         प्रिंसिपल साहब बिराजमान थे, सीधा उनसे मुलाकात की।  उनका व्यवहार विचित्र और क्रोधित करने वाला था। वे माँ बहिन की गाली देते हुए बोले हम तुम्हारा 15 दिन से इंतजार कर रहे हैं। उनके इस व्यवहार से मेरा चेहरा क्रोध से लाल हो गया। मैं कुछ बोलता उससे पूर्व मेरे पास बैठे एक शिक्षक ने हलके से मेरा हाथ दबा दिया। मैं चुप रहा। मुझे बहुत गुस्सा आता था, बड़ी कठिनाई से क्रोध पर काबू किया। उन्होंने कहा अपना जोइनिंग दे दो। 
         पास में बैठे शिक्षक जो कि सीनियर मोस्ट लेक्चरर श्री जोशी जी थे, मुझे स्टाफ रूम में ले गए। उन्होंने मुझे समझाया कि प्रिंसिपल साहब की गालियां निकालने की आदत है बुरा मत मानना। वो बिना गाली दिए बात ही नहीं कर सकते थे। बाद मैं मेने भी यह बात नोट की थी। वे प्रेयर असेंबली में भी गालियां देते हुए ही बात करते थे। एक साल हो जाने के बाद मैं जब बहुत अधिक उनके साथ इनफॉर्मल हो गया था तब पूछा था कि सर आपकी गालियां देने की आदत कैसे पड़ी तो उन्होंने बताया था कि उनके पिताजी रेलवे इंजन के ड्राइवर थे , रेलवे लोको कॉलोनी में माहौल ही ऐसा था इसलिए बचपन से पड़ी वह आदत जाती ही नहीं , और अब इसे छोड़ने का प्रयास करना ही छोड़ दिया। खेर स्टाफ रूम में बैठे अन्य शिक्षकों से मेरा परिचय कराया गया।  उनमे एक चेहरा जाना पहचाना लगा, और एकदम से ध्यान आया,अरे! यह तो वही व्यक्ति है जिसकी पत्नी उसकी पिटाई कर रही थी। बाद में मैंने किसी से इस घटना का जिक्र किया तो उसने कहा ये तो उस शिक्षक के साथ अक्सर होता है। 
        स्टाफ रूम में अचानक जोशी जी आए और उन्होंने मुझे ग्यारहवीं कक्षा में भेजा। लड़के भयंकर हल्ला कर  रहे  थे , लड़के मुझ जैसे एक और लड़के को शिक्षक की जगह देखकर तालियां पीटने लगे, मेजे थपथपाने लगे, आर्ट्स की कक्षा थी, मैंने पूरी कक्षा की तरफ निगाह घुमाई, मुझसे  उम्र में बड़े और कद काठी में भी मजबूत कई लड़के दिखाई दिये। दो तीन मिनट बाद जब शोर कुछ कम हुआ तो मेरे मुंह से निकला, " ये वीर भूमि है, यहाँ से काफी लोग शहीद हुए हैं, ऐसी वीर भूमि में ये ताली पीटने वाले कहाँ से आ गए। " एकदम से पिनड्रॉप साइलेंस। फिर चर्चा हुई, अपना परिचय दिया, उनका परिचय लिया। पीरियड ख़त्म हुआ। स्टाफ रूम में पहुंचा तो एक शिक्षक ने पूछा की कैसे चुप किया, सबसे शैतान कक्षा है।  मैंने बताया तो वो मेरा चेहरा देखते रह गए। प्रिंसिपल सर को पता लगा तो उन्होंने बधाई दी। पहले ही दिन विद्यालय मेरा इम्प्रैशन अच्छा पड़ा। विज्ञान  के छात्र ही नहीं कला वर्ग के छात्र भी मुझे पूरा आदर देते थे। हालांकि बाद में मैंने सोचा यदि मेरे मुंह से अचानक निकले इस वाक्य को लड़के बुरा मान जाते तो क्या होता। 
         स्कूल की छुट्टी के बाद अकेला ही धर्मशाला पहुंचा, स्टाफ के किसी भी सदस्य या प्रिंसिपल साहब ने यह नहीं पूछा कि कहाँ ठहरे हो, कहाँ भोजन किया आदि। मुझे उस विद्यालय की याद आ गई जहाँ से मैं आया था, वहां कितने सहयोगी थे सब। नई  जगह पर नए व्यक्ति को सहयोग देना चाहिए या नहीं? स्कूल में नए टीचर को क्या पहले ही दिन किसी शैतान कक्षा में झोंक देना उपयुक्त है? मन अलग ही प्रकार की वितृष्णा से भर गया था। पहली रात  मछरों के बीच बीती थी।
21.  
           

18 .शिक्षक के रूप में प्रथम नियुक्ति के अनुभव Memories of Initial Appointments as A Teacher

18 .शिक्षक के रूप में प्रारंभिक नियुक्तियों  की यादें  Memories of Initial Appointments  as A Teacher 

          आजकल Employment Exchange में Unemployed युवाओं का रजिस्ट्रेशन होता भी है या नहीं पर सन 1971 की बात है यह हुआ करता था। B,Sc. करने के बाद रजिस्ट्रेशन करवा लिया था। M.Sc. करने के दौरान हर तीन माह में वरिष्ठ अध्यापक का नियुक्ति पत्र आ जाता था। घर वालों का आग्रह होता था कि M.Sc. करने में क्या फायदा, घर बैठे नौकरी आ रही है कर क्यों नहीं लेते हो। उनको कौन समझाए M.Sc. का महत्व। किसी ने कॉलेज का मुंह ही नहीं देखा था। M.Sc.करने के बाद पोस्ट ग्रेजुएट की डिग्री भी Employment Exchange में जुड़वाँ दी। 
        M.Sc का परीक्षा परिणाम आने से पहले ही एक और नियुक्ति पत्र आ गया। अब तो ज्वाइन करना ही था। सुदूर ग्रामीण अंचल में नियुक्ति हुई। रात में बस्ती में तेंदुए आ जाते थे , आसपास कभी कभी भालू भी दिखाई दे जाते थे। वहां 2 माह ही हुए होंगे कि आदिवासी अंचल के गर्ल्स हायर सेकंडरी स्कूल में व्याख्याता के पद पर नियुक्ति का टेलीग्राम आ गया।उस समय वह क्षेत्र काला पानी माना जाता था। केवल बस से पहुंचा जा सकता था। 
        बस में बैठकर रवाना हुआ।  शहर से करीब 70 किमी बाद कच्चा रास्ता चालू हुआ।  जैसे जैसे उस आदिवासी अंचल में अंदर पहुँचते गए कमर पर  एक गमछा लपेटे हुए पुरुष और केवल लहंगा पहनी हुई स्त्रियां दिखाई देने लगीं। स्त्रियां टॉपलेस रहती थीं। दिमाग यह सोचकर चकराने लगा कि क्या स्कूल में भी ऐसे ही चलेगा। लगभग 9 घण्टे में 160 किमी की दूरी तय कर उस कस्बे  में पहुंचा। कस्बे  में टॉपलेस महिलाऐं इक्की दुक्की ही आईं। स्कूल में तो प्रॉपर ड्रेस थी। आदिवासी लड़कियां पढ़ती ही नहीं थीं। । ज्वाइन करने पर पता लगा कि M.Sc Chemistry टीचर फिजिक्स में कार्य कर रहा था। स्कूल की प्रिंसिपल से लिखवाकर शिक्षा विभाग के राज्य स्तरीय निदेशालय पहुंचा । वहां के IAS डायरेक्टर साहब ने इसे काफी गंभीरता से लिया, उन्होंने कहा यह गलती कैसे हुई, पता लगा कि क्लेरिकल गलती से Physical Chemistry को फिजिक्स मानते हुए पोस्टिंग दे दी गई थी। तत्काल संशोधित आदेश  कर मुझे हाथों हाथ दिए गए। इस प्रकार मैं पुनः उस स्कूल में पहुंचा और ज्वाइन किया। 
        रोचक बात तो अब हुई, मुझे कौनसी क्लासें लेनी है उसकी  स्लिप दी गई। उसमे फिजिक्स की एक भी क्लास नहीं थी। केवल सामान्य विज्ञान और अनिवार्य गणित के ही पीरियड थे। मैंने सोचा ऐसे ही होता होगा। मेरे साथी ने स्लिप देखी, वह तेज पड़ता था, उसने कहा अरे भाई तुझे तो फिजिक्स पढ़ाने के लिए रखा गया है।  मैंने कहा अब क्या करूं। उसने कहा प्रिंसिपल मैडम के पास जा और उनसे कहना कि इसपर हस्ताक्षर कर दो, वो पूछेंगी  तो कहना निदेशालय भेजूंगा। मैं मैडम से मिला, जैसा सोचा था वैसा ही हुआ। खेर उन्होंने फिजिक्स के पीरियड दे दिए।
          मई महीने में अपनी बहिन के वर हेतु मुझे देखने उसके बड़े भाई आये थे। मैं उनको विदा करने शाम को बस पर गया।  जिस बस में उनको बैठाना था उसी से एक महानुभाव मेरी जगह ज्वाइन करने उतरे। मेरा दिमाग ख़राब हो गया। यार जिस लड़की से बात चल  रही है उसके भाई के आते से ही मेरी इतनी अच्छी नौकरी गई। इस जगह पर बहुत अच्छी ट्यूशन मिलने की संभावना  थी। उस जमाने में ट्यूशन की आय वेतन से कहीं अधिक होती थी दिमाग तो ख़राब होगा ही।  5 महीने बाद मई में टर्मिनेशन हो गया जब कि नियुक्ति 30 जून तक थी।  मैं फिर निदेशालय पहुंचा। निदेशक जी ने मेरी एप्लीकेशन पर at the disposal of  DD लिख दिया। पर मैं वापस आने पर DD अर्थात deputy director से मिला ही नहीं।  मिल लेता तो न केवल गर्मियों की छुट्टियों का वेतन मिल जाता बल्कि 1 जुलाई से नौकरी भी निरंतर रहती। खेर साहब अब तो 2 महीने घर पर ही बैठना था। इसे जानकारी का अभाव कहो या लापरवाही, इसका बहुत नुकसान हुआ।
अगले ब्लॉग में  

19 IAS डायरेक्टर साहब की सहृदयता और पुनर्नियुक्ति  Noble Mindedness of IAS director and Reappointment 

17. परीक्षा का बहिष्कार और उसका जीवन पर प्रभाव pariksha ka bahishkar aur uska jiwan par prabhaw

17 . परीक्षा का बहिष्कार और उसका जीवन पर प्रभाव Boycott of Exams and Its effect on My Life 

             M.Sc. Previous में  14 में से हम  9 छात्र प्रथम श्रेणी में उत्तीर्ण हुए। फिजिक्स डिपार्टमेंट के हेड का मानना था कि यह ठीक नहीं हुआ। इतने लड़के अगर फर्स्ट डिवीज़न आ जाएंगे तो यूनिवर्सिटी बदनाम हो जाएगी। फाइनल में थर्ड सेमेस्टर लोकल था। मूल्यांकन  में कठोरता रखी गई। प्रत्येक छात्र के 5 से लेकर 10 प्रतिशत अंक कम हो गए। गुप्ता जी के पेपर में मेरे सहित 5 छात्रों को रिपीट मिला। इनमें वह छात्र नेता भी था जिसकी वजह से मेरा एडमिशन हुआ था। अब वह अच्छे मित्रों में था। पुनर्मूल्यांकन की मांग को लेकर सबने ने कक्षाओं का बहिष्कार प्रारम्भ कर दिया।
        परीक्षा की जांच प्रक्रिया पर स्टाफ में भी चर्चाएं चलती थीं। अलग अलग राय थी। एक वरिष्ठ प्राध्यापक जो कि विभागाध्यक्ष रह चुके थे उनकी मान्यता थी कि जब सारे बच्चे फर्स्ट डिवीज़न वाले हैं तो वो फर्स्ट क्लास ही तो आएंगे।  उनका कहना था कि इससे यूनिवर्सिटी की कोई बदनामी नहीं होगी। फर्स्ट डिवीज़न तो आगे बढ़ने के लिए पासपोर्ट की तरह है । कई सारे पदों के लिए  फर्स्ट डिवीज़न होना न्यूनतम योग्यता रहती है। 
        करीब 40 -45 दिन तक कक्षाओं का बहिष्कार चला पर कुछ सार नहीं निकला। पढाई का बहुत नुकसान हो चूका था। टेस्ट आ चुके थे। आखिर बहिष्कार ख़त्म करने का निर्णय किया गया। बिना किसी तैयारी के टेस्ट दिए गए। सभी लोग भयंकर टेंशन में थे। सबको 2 माह बाद होने वाले फाइनल एग्जाम की तैयारी कैसे हो का तनाव था।  भविष्य का प्रश्न था। यदि 55 % भी न बने तो कॉलेज में लेक्चरर बनने की संभावना समाप्त हो जाएगी।  उस समय Post Graduate में   विज्ञान विषयों में 55 % अंक होना बहुत अच्छा माना जाता था। 
        फाइनल सेमेस्टर की परीक्षाएं प्रारम्भ हो गईं। पहला पेपर ही एकदम से आउट ऑफ सिलेबस था। छात्र नेता के आह्वाहन पर परीक्षा का बहिष्कार कर दिया गया। सारी  परीक्षाएं छोड़ दी गईं। यूनिवर्सिटी की हिस्ट्री में परीक्षा का पहला बहिष्कार था।  फिर तो हर साल बहिष्कार होने लगे थे । तीन साल के कोर्स 5 साल में और 2 साल की पोस्ट ग्रेजुएट तीन चार साल में होने लगे। मेरा छात्र नेता मित्र बड़ा लीडर बन चूका था।  उसके कारण रीपीट पेपर और फाइनल सेमेस्टर के लिए गर्मी की छुट्टियों में दुबारा परीक्षा का आयोजन हुआ। परीक्षा परिणाम बहुत देरी से आया। इसका जीवन पर बहुत गहरा प्रभाव पड़ा। कॉलेजों में लेक्चरर  के पद भर गए। स्कूल एजुकेशन में भी लेक्चरर के पद भर गए। हमारे अच्छे अंक होने के उपरान्त भी नियुक्तियां देरी से हुईं, परिणामस्वरूप नौकरी से टर्मिनेट होना पड़ा। कुल मिलाकर अधिकांश के जीवन पर इसका प्रतिकूल प्रभाव पड़ा था। पांच साथी जिनके प्रथम श्रेणी थी वे अवश्य अच्छे पदों पर जाने में सफल रहे एक BITS में और एक कॉलेज में लेक्चरर बना और बाकी दो शुरू में तो स्कूल शिक्षा में रहे और बाद में ONGC में अच्छे पदों पर रहे।   फ़ैल होने वाले  2 साथी अलग फिल्ड में गए और वे उधर बहुत सफल हुए। एक जो कि मेरा सबसे अच्छा मित्र था ने US से P Hd की और वह विदेशों में ही घूमता रहा दुर्भाग्य से उसका असामयिक देहांत हो गया और दूसरा केंद्र सरकार में मंत्री बना। 
अगला ब्लॉग 
17 .शिक्षक के रूप में नियुक्ति के अनुभव  

16. M.Sc. Final में ससपेंड क्यों हुआ ? M.Sc. Final me suspend kyon hua ?

16. M.Sc. फाइनल  में ससपेंड क्यों हुआ ? Why was I suspended in M.Sc. Final  

         हर कॉलेज या विद्यालय में भाँति  भाँति के अध्यापक होते हैं। पढ़ाने में सक्षम या असक्षम, कठोर या नरम, व्यावहारिक या अव्यावहारिक आदि। यूनिवर्सिटी का प्रमुखतम नामवर कॉलेज, अधिकांश शिक्षक अच्छे थे पर कुछ पता नहीं कैसे  बन गए थे शिक्षक।  पोस्ट ग्रेजुएट कक्षा में पढ़ाना आसान नहीं, शिक्षक को अपने विषय में पारंगत होना ही पड़ता है। वरना कक्षा में खड़े नही हो सकते आप।  लेकिन विज्ञान के विद्यार्थी तो अपने शिक्षकों से भयग्रस्त रहते हैं। क्योंकि प्रैक्टिकल के अंक उनके हाथ में होते हैं।
        तो साहब ऐसे ही एक शिक्षक थे गुप्ता साहब। फिजिक्स का एक पेपर प्लाज्मा फिजिक्स उनके भरोसे था। नया विषय, शिक्षकों को भी अधिक जानकारी नहीं थी, उनको तो थी ही नहीं। क्या पढ़ाते थे पता ही नहीं। डिपार्टमेंट के पुस्तकालय में केवल एक बुक थी, वह भी उन्ही के पास। उनसे कहते, सर कुछ समझ नहीं आता, तो बोलते मैं जो बोर्ड पर लिखता हूँ उसे नोट  करलोऔर कहीं तुम लोगों को सामग्री मिलेगी नहीं। 
       एक दिन गुप्ता जी की क्लास में इसी प्रकार के बोरियत भरे माहौल में बैठे हुए नोट्स ले रहे थे। मैं अपनी आदत के अनुसार आगे ही आगे बैठा था, मेरे पास बैठे मेरे अभिन्न मित्र नरेश  ने मुझे पीछे देखने का इशारा किया। मैंने पीछे मुड़ कर देखा, मेरा एक और मित्र ऊंघ रहा था जिससे उसकी गर्दन झटके खा रही थी। यह दिखाकर नरेश ने अपना चेहरा टेबल पर रखे दोनों हाथों के बीच में छुपा  लिया।  उससे हँसी रुकी नहीं और मुँह  से 'हूं.... ' ध्वनि निकल गई। इस आवाज से  लगातार बोर्ड की तरफ मुँह कर लिख रहे गुप्ता जी घूमे। मेरी मुस्कराहट समाप्त हुई नहीं थी, सवाल आया, "क्यों हंस रहे हो?" अब भला कैसे बताता कि फलाना बंदा ऊंघ रहा है और हँसने वाला कोई और है। गुप्ता जी बोले, " पता नहीं M.Sc. में भी कचरा कहाँ से आ जाता है। "  मुझे बुरा लगा , मेरे मुँह से निकल पड़ा, " जब पढ़ाने वाला कचरा हो तो कचरा आएगा ही। "  वह आपे  से बाहर हो गए और मुझे अपनी कक्षा से एक सप्ताह के लिए सस्पेंड  कर दिया। फर्स्ट ईयर में सस्पेंड  हुआ था अब यहाँ सस्पेंड  हुआ। 
      फर्स्ट ईयर में तो दूसरे दिन ही कक्षा में चले गए पर यहाँ पूरे सप्ताह  बाहर होना  ही पड़ा। यह सेमेस्टर भी लोकल सेमेस्टर था, गुप्ता जी ने अपने पेपर में मुझे रिपीट दे दिया। हालांकि 4 साथी और भी रिपीट आये थे पर मुझे अपने व्यवहार का खामियाजा उठाना पड़ा था ऐसा मेरा मानना है। अब एक साल बिगड़ना निश्चित प्रतीत हो रहा था। किसी को भी ऐसे शब्दों का प्रयोग नहीं करना चाहिए पर मुझे गुस्सा बहुत आता था और फिर साथ भी नेता किस्म के मित्रों का था । उसे  नुकसान उठाना पड़ सकता है। मुझे जिंदगी भर के लिए नुकसान  उठाना ही पड़ा।  वैसे इसे मात्र संयोग कहें या कुछ और उक्त सर का नाम और सरनेम बिलकुल मेरे कक्षा 9 के सर वाला ही था जिन्होंने बिलकुल इसी प्रकार की घटना पर मुझे थप्पड़ मारा था। 
अगले ब्लॉग में 
17. परीक्षा का बहिष्कार और उसका जीवन पर प्रभाव Boycott of Exams and Its effect on My Life 

Thursday, December 5, 2019

15. M.Sc. प्रवेश की रोचक दास्तान Interesting Story of M Sc Admission

15. M.Sc. प्रवेश की रोचक दास्तान  Interesting Story of M Sc Admission

        B.Sc. final में अच्छे प्रतिशत बने थे। University में छठी पोजीशन थी।  M.Sc. Physics में कुल 14 सीटें थी। एक सीट गर्ल्स के लिए आरक्षित थी। उस समय तक उच्च शिक्षा में SC /ST के लिए आरक्षण का प्रावधान नहीं किया गया था। पिताजी को काकाजी लोगों ने राय दी कि इसे टीचर की अच्छी नौकरी मिल जाएगी आगे पढाने से क्या लाभ।  मेरे बहुत आग्रह करने पर पिताजी ने स्वीकृति दे दी।  फॉर्म फिजिक्स और केमिस्ट्री दोनों में प्रवेश के लिए भर दिया गया। मेरे ग्रेजुएट कॉलेज के फिजिक्स के सर भी मेरे प्रवेश के लिए प्रयासरत थे और पूरी तरह से आश्वस्त  थे कि मेरा एडमिशन फिजिक्स में हो ही जाएगा। पर लिस्ट निकलने से पहले पता चला कि हमारी यूनिवर्सिटी के छात्रों के लिए केवल 6 सीटें ही थी, शेष ओपन थी, उनके लिए कोई भी आवेदन कर सकता था। अब टेंशन हो गया क्योंकि एडमिशन के लिए कोई अलग फार्मूला निर्धारित किया गया था। 
         लिस्ट निकाली गई।  फिजिक्स की लिस्ट में नाम नहीं था परन्तु केमिस्ट्री की लिस्ट में नाम था। भारी निराशा का समय था। फीस भरने की अंतिम तिथि को केमिस्ट्री के लिए फीस भरी गई। केमिस्ट्री की क्लासेज लगना प्रारम्भ हो गई थी। मेरा मन लग नहीं रहा था। फिजिक्स की दूसरी लिस्ट निकाली गई क्योंकि कुछ बाहरी लड़कों ने प्रवेश नहीं लिया था। लिस्ट देखने गया। लिस्ट में मेरा नाम नहीं था।  वहां एक छात्र नेता खड़ा था जो एडमिशन के नए फॉर्मूले से लिस्ट के नामों को चेक कर रहा था। वह भी प्रवेश चाहता था। मैंने उसको गणना करते देखा। उसके फॉर्मूले के अनुसार तो मेरा एडमिशन हों जाना चाहिए था। मेरा उससे कोई पूर्व परिचय नहीं था लेकिन मैंने उससे बात की।  उसने भी गणना की और मेरे से कम प्रतिशत वालों का नाम लिस्ट में था। 
          उसको पहले से कुछ शक था, उसको मेरा उदाहरण मिल गया, वो भड़क गया, वह मुझे लेकर कॉलेज डायरेक्टर के  पास गया और उनसे भिड़  गया। उसने कहा आप फर्जीवाड़ा कर रहे हैं। काफी बहस हुई। डायरेक्टर साहब ने जांच का आदेश दिया।  शाम को घोषित लिस्ट कैंसिल कर नई लिस्ट जारी की गई जिसमें  मेरा और उसका का नाम भी था। दूसरे दिन पहला काम मैंने क्लास बदलने का किया। फीस ट्रांसफर हो गई। मेरे मन की मुराद मिल गई। 
        यदि वह छात्र नेता न होता तो क्या होता ? जांच से पता चला कि डिपार्टमेंट के एक क्लर्क के भाई के एडमिशन के लिए हेरा फेरा की गई थी जिसकी  जानकारी किसी को नहीं थी। इससे एक बात निश्चित हो गई कि  बाबू अफसर की आँखों में धूल झोंक सकते हैं। अधिकारी को सतर्क रहने की आवश्यकता है केवल बाबू पर भरोसा करना उचित नहीं। इस बात को मैंने जीवन भर ध्यान में रखा। ऐसे कई मौके आए जब मैंने अपने मातहतों /Subordinate Staff and  Officers को गड़बड़ करते पकड़ा। 
    अगले ब्लॉग में -
16. M.Sc. Final में ससपेंड क्यों हुआ ? Why I was Suspended in M.Sc. Final?

14. Third Year TDC की पढाई, उसका प्रभाव और मिली सीख। Study in Third Year TDC, Its Impact and Learning

14. Third Year TDC की पढाई, उसका प्रभाव और मिली सीख। Study in Third Year TDC, Its Impact and Learning      

        वर्ष 1967 में फर्स्ट ईयर करने के बाद जब इंजीनियरिंग में प्रवेश नहीं लिया तो बाद में गलती का अहसास हुआ। उससे पढाई के प्रति सारा उत्साह जाता रहा। सेकंड ईयर की पढाई में कोई परिश्रम नहीं किया, यह सोचकर कि B.Sc. ही तो करनी है ठीक है अब क्या पढ़ना। सेकंड ईयर पूरा किया और 1968 में थर्ड ईयर में आ गए तब तक कुछ और परिपक्वता आ गई थी। थर्ड ईयर में आकर लगा कि यदि Physics में  M.Sc.करनी है तो अच्छे अंक लाने होंगे।
        सौभाग्य से थर्ड ईयर में सभी विषयों में अच्छे प्राध्यापक मिल गए, क्योंकि डिग्री कॉलेज की आखिरी क्लास थी इसलिए कॉलेज प्रशासन भी अधिक जागरूक था इसलिए सबसे अधिक समर्थ शिक्षक दिए गए। उसमे भी फिजिक्स के अध्यापक मुझे बहुत पसंद करते थे। उनकी पूरी गाइडेंस मिल रही थी।  केमिस्ट्री के हेड ऑफ़ डिपार्टमेंट का भी बहुत सम्बल मिल रहा था। उनकी प्रैक्टिकल क्लास में हर सप्ताह होने वाले टेस्ट में अव्वल रहता था। उन दोनों की और से मिलाने वाले प्रोत्साहन ने पढाई में पूरी तरह जुट जाने की प्रेरणा दी। 
          मेरा छोटा भाई भी सेकंड ईयर में आ गया था। दो तीन अंक कम रह जाने से उसका प्रवेश मेडिकल कॉलेज में नहीं हो सका था। उस समय इंजीनियरिंग और मेडिकल कॉलेज में फर्स्ट ईयर के प्राप्तांकों के आधार पर एडमिशन होते थे। उसकी भी पढाई चल रही थी। अचानक आगामी वर्ष में मेडिकल में एडमिशन के लिए PMT का आयोजन करने की घोषणा हुई। उसको मेडिकल में एडमिशन लेने और मुझे  M.Sc.Physics में एडमिशन लेने का जूनून सवार हो गया। जैसे भी हो हमें अपने लक्ष्य प्राप्त करने थे। इस वर्ष में हमने रात दिन एक कर दिए। हम दोनों भाई एक तीन गुणा दो फिट के कॉमन टेबल के दो सिरों पर बैठकर पढ़ते थे। कई बार  रात को दो दो तीन तीन बज जाती थी। छोटे भाई की रटने की क्षमता अधिक थी मेरी अंडरस्टैंडिंग की, जब तक उसे पूरी विषय वस्तु याद नहीं हो जाती थी और  मैं जब तक गणित के सवाल सोल्व नहीं कर लेता था हम नहीं सोते थे। हमारे बीच एक प्रकार का अघोषित कॉम्पिटिशन था। 
         इस वर्ष मेने अपने पढ़ने के तरीके में बदलाव किया था. पहले मैं गाइड बुक्स या Solved Books का  इस्तेमाल नहीं करता था, फिजिक्स के तथा गणित के लेक्चरर ने कहा कि इनका उपयोग करने में कोई हर्ज नहीं, शर्त यह है कि बहुत आवश्यक होने पर उनका सहारा लिया जाय , इससे समय बचेगा। इससे मेरा पढ़ने में समय बहुत बचा। बहुत सारा कंटेंट जो कॉलेज में समझ में नहीं आया वो भी सेल्फ स्टडी से कर लिया। परीक्षाएं हुई हम दोनों सफल हुए। केमिस्ट्री का  प्रैक्टिकल बिगड़ गया, जिसंकी साप्ताहिक परीक्षा में टॉप करता था। प्राध्यापक जी ने परीक्षक से अनुनय विनय करके मेरी परफॉरमेंस को बताकर मुझे पास कराया।  थर्ड ईयर में मेरे 68 % अंक आये जो यूनिवर्सिटी में अधिकतम थे। कुल मिलकर B.Sc. में लगभग 59 % अंक बने।                                        यूनिवर्सिटी में मेरी छठी पोजीशन थी पर चूँकि फर्स्ट डिवीज़न नहीं था इसलिए मेरिट में नाम नहीं घोषित किया गया। छोटे भाई का मेरिट में स्थान जहाँ तक मुझे याद है टॉप 50 में था। जहाँ तक मुझे आज भी याद है 100 में से  केमिस्ट्री में उसके 94, बायोलॉजी में 97 तथा फिजिक्स में 42 मार्क्स थे। चूँकि गणित उसकी शुरू से कमजोर थी इसलिए फिजिक्स के पर्चे का 50 % न्यूमेरिकल भाग  गलत कर दिया था।  उसका फिजिक्स का पेपर देखने के बाद मैं निराश हो गया था, दूसरे विषयों में इतना अच्छा कर लेगा इसकी आशा नहीं की थी।  
       कुल  मिलाकर यह कहना उपयुक्त होगा कि अथक परिश्रम, लगन और समर्पण से निर्धारित लक्ष्य को प्राप्त किया जा सकता है।  अच्छे शिक्षक बच्चे का भविष्य निखारने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। टेक्स्ट बुक्स के साथ हेल्प बुक्स का उपयोग भी लाभप्रद रहता है। मार्गदर्शन लेना और देना अच्छा रहता है। 
15. M.Sc. प्रवेश की रोचक दास्तान  Interesting Story of M Sc Admission  

13. इंजीनियरिंग कॉलेज में प्रवेश क्यों न ले सका ? Why could not I Get Into Engineering College ?

13. इंजीनियरिंग कॉलेज में प्रवेश क्यों न ले सका ? Why could not I Get Into Engineering College ?

         दिनेश की संगत के परिणामस्वरूप 1966 में परीक्षा में सप्लीमेंटरी आया। सप्लीमेंटरी परीक्षा में अनुतीर्ण होने के बाद 1967  में TDC First Year रिपीट किया। पूरे प्रयासों और परिश्रम  के उपरांत भी परीक्षा में 58% अंक प्राप्त हुए। परन्तु PCM में 66 % अंक थे। इंजीनियरिंग के फॉर्म भरे गए। सूचना मिली की सिविल इंजीनियरिंग में एडमिशन हो गया है। उन दिनों सिविल इंजीनियरिंग Last Option होता था।  उन्ही दिनों की बात है।  हमारे घर में उन दिनों हिंदी का अख़बार नवभारत टाइम्स आता था। मुझे अच्छी तरह याद है कि प्रवेश की सूचना आने से पहले एक दिन उस अख़बार की हेड लाइन्स थी भारत में 60000 से अधिक सिविल इंजीनियर बेकार। अब भला कौन लेगा एडमिशन। पिताजी से चर्चा हुई, उन्होंने काकाजी से चर्चा की, सबसे विचारविमर्श के बाद पिताजी ने समझाया कि आज यदि 60000 बेकार हैं तो तुम जब 5 साल बाद इंजीनियर बन कर निकलोगे तबतक यह संख्या लाखों हो जाएगी। वो बात अलग है कि उन 60000 में 55000 तो डिप्लोमा धारी थे इस पर किसी ने ध्यान नहीं दिया।   
          उस समय तक इतनी अधिक जागरूकता नहीं आई थी कि मैं कोई निर्णय ले सकता। आज तो बच्चा आठवीं कक्षा से ही जागरूक हो जाता है।आजकल के एक दो संतानों के कुछ पेरेंट्स तो इतने जागरूक होते हैं कि नर्सरी में जाने वाले बच्चे को भी ट्यूशन पर भेजते हैं। उस समय  निर्णय बड़ों पर आधारित था, आज भी है, क्योंकि फीस की व्यवस्था तो उनके द्वारा ही होनी थी। पिताजी ने कहा था, तुम सबसे बड़े हो, इंजीनियरिंग की पढाई पर लाखों का खर्च आएगा, और पढाई पूरी होने पर बेकार बैठना पड़ेगा। किसी ने यह नहीं सोचा कि भारत एक विकासशील देश है और इंजीनियर की जरुरत तो बनी रहेगी। और देखिये 1973 में भयंकर अकाल पड़ा। अकाल राहत कार्यों में सड़कों पर मिटटी डालने का कार्य चल रहा था। हमारे साथ के जिनका सिविल इंजीनियरिंग में एडमिशन हुआ था वे सारे के सारे नौकरी में लग गए थे। गरीबों में पैसा बांटने का मकसद था काम तो नाम के लिए हो रहे थे।  भ्रष्टाचार का भयंकर बोलबाला था। एक एक दो दो रूपए के नोटों के कट्टे के कट्टे भर कर आते थे। जिसमे कुछ बंटते, कुछ नए इंजीनियरों की जेब में जा रहे थे। मुझे एक इंजीनियर मित्र घर पर ले गया था उसने पलंग पर बिछे चद्दर को उठाकर दिखाया, एक एक के नोटों की गड्डियां बिछी हुईं थीं।  उसने बताया कल ये पैसा बांटना है। 
          खैर  साहब जब  डिग्री में एडमिशन न लेने का निर्णय हुआ तो स्थानीय टेक्निकल कॉलेज में डिप्लोमा कोर्स में एडमिशन लेने का प्रश्न ही नहीं उठता। फिर डिप्लोमा क्या करना डिग्री करना अधिक उपयुक्त रहेगा सोचकर इंजीनियरिंग कोर्स में प्रवेश नहीं लिया गया। बाद में यह गलती मैंने अपने पुत्र के समय नहीं की, भले ही उसका एडमिशन डिप्लोमा में कराना पड़ा, पर उसने अपनी मेहनत  से BE कर लिया। 
          कुल मिलाकर पढाई का जो भी निर्णय हो उसे भविष्य की परिस्थितियों को दृष्टिगत रखकर लिया जाना चाहिए। अख़बारों एवं मीडिया के प्रोपोगंडा में नहीं आना चाहिए। ये कुछ भी छापते रहते हैं, सरकारों को कटघरे में खडा करने के लिए ये घटनाओं को अतिरंजित तरीके से प्रस्तुत करते हैं। बच्चों की पढाई हेतु किया जाने वाला निर्णय अत्यंत चुनौतीपूर्ण कार्य है। उसकी क्षमताओं, उसकी रुचियों, उसकी अपेक्षाओं. के साथ माता पिता की अपेक्षाएं और स्वप्न भी जुड़ कर इसको और अधिक चुनौतीपूर्ण बना देते हैं।
14. Third Year TDC की पढाई, उसका प्रभाव और मिली सीख।  Study in Third Year TDC, Its Impact and Learning      
          

10 गणित और केमिस्ट्री के व्याख्याता कैसे थे ? My Lecturers of Mathematics and Physics ?

10 गणित और केमिस्ट्री के व्याख्याता कैसे थे ? My Lecturers of Mathematics and Physics ?

          कई शिक्षक ऐसे भी होते हैं जिनके नकारात्मक व्यवहार से भी अप्रत्यक्ष रूप से बहुत कुछ सीखा जा सकता है ? हालांकि उनका वह व्यवहार आपको बुरा लग सकता है।  जैसे कि भगवान दत्तात्रेय ने 23  जीव और निर्जीव वस्तुओं को अपना गुरु मानकर बहुत कुछ सीखा था। मैंने मैथ्स और केमिस्ट्री विषयों के अध्यापक जी से  भी ऐसे ही सीख ली थी । 
        कक्षा 11, वर्ष 1965 की बात है। मैथ्स के व्याख्याता जी का विद्यालय में बहुत अधिक दबदबा था।  उनका व्यक्तित्व ही ऐसा था उस पर  वह शिफ्ट इंचार्ज भी थे। प्रिंसिपल साहब तो अक्सर विद्यालय से बाहर ही रहते थे इसलिए विद्यालय संचालन का समस्त भार इन्ही के कन्धों पर था। अत्यधिक कार्यभार के चलते वे कक्षा में आते और बिना कुछ बोले पढ़ाना चालू कर देते थे।  ब्लैकबोर्ड की और मुंह करके सवालों को हल करते जाते और हम नोट करते जाते। बीच में कुछ पूछ लिया तो कोई जवाब नहीं देते। बाद में कहते कि अगर कुछ समझ न आया हो तो दूसरे होशियार साथी से पूछ लेना । वे अपने साथ चाक का पूरा डिब्बा लेकर आते थे और 40 मिनट में लगभग पूरा खाली कर देते थे। छोटे टुकड़े से वे लिखते नहीं थे और बीच बीच में ऊँघने वाले या  बोलने वाले को जगाने या चुप करने के लिए उनका इस्तेमाल करते थे। मैं सोचता था स्कूल में रोब इनके जैसा ही होना चाहिए।  लेकिन यह भी सोचता था कि ये पढ़ाने का तरीका तो ठीक नहीं। हमारी समस्याओं का समाधान तो करना चाहिए। permutation combination  तथा binomial theorem तो बाद में काकाजी के एक मित्र शिक्षक के यहाँ सीखने जाना पड़ा था हालांकि वहां भी कुछ पल्ले नहीं पड़ा था । 
       केमिस्ट्री के व्याख्याता महोदय पढ़ाते तो थे पर समझ में नहीं आता था, इसकी एक बानगी देखिये जब उनसे किसी chemical equation के लिए पूछते यह कैसे हुआ तो कहते रट लेना।सर रट नहीं सकते तो कहते  कि बिना इसके भी जवाब लिख सकते हो तब भी पास तो हो ही जाओगे। लेकिन जिस वजह से वे मुझे अच्छे नहीं लगते  थे उसका कारण व्यक्तिगत था। हम पुरानी कापियों के बचे हुए पन्नों से कॉपी बना लेते थे। एक दिन क्लास वर्क की ऐसी ही कॉपी में किया गया काम उनको दिखाया तो उस कॉपी को उन्होंने हेलीकॉप्टर बना कक्षा के बाहर फेंक दिया और बोले भीखमंगे हो क्या ? उनके इन  शब्दों  ने मुझे बहुत आहत किया। क्या यह व्यवहार उचित था? बाद में मेरा मन केमिस्ट्री के अध्ययन में लगता ही नहीं था और सदैव उनके वे शब्द गूंजते रहते थे । केमिस्ट्री इसीलिए मेरा सबसे कमजोर विषय रहा वैसे ये विषय मुझे पसंद भी नहीं था।              
    शिक्षक बनने के बाद मेरे दिमाग में हमेशा ये गुरुवृंद कौंध जाते थे और मैं  इनके  जैसा व्यवहार  करने से बचता था।

Tuesday, December 3, 2019

9. भौतिकी के अध्यापक और उनसे मिली सीख !What I Learned From Physics Teacher !

9. भौतिकी के अध्यापक जी से मैंने क्या  सीखा  ! What I Learned From Physics Teacher !

             वर्ष 1965 में  जैसे तैसे कक्षा ग्यारह में पहुँच गया था। यह वर्ष बोर्ड परीक्षा का था। तीन वर्ष के पाठ्यक्रम की एक साथ ढाई घंटे में परीक्षा होनी थी।  इस प्रकार की परीक्षा के लिए किस प्रकार से पढ़ाई करें कोई बताने वाला नहीं था। सबकुछ अध्यापकजी के मार्गदर्शन के अनुसार ही करना था। विद्यालय क्षेत्र के इलाके में फिल्म की शूटिंग चलती रहती थी। कक्षा के लड़के शूटिंग देखने चले जाते थे। कभी कक्षाएं चलती कभी नहीं चलतीं। कुल मिलाकर आधे दिन भी कक्षाएं नहीं चलीं। कोर्स बहुत बाकी चल रहे थे। अनुतीर्ण रहे छात्र अध्यापकजी के यहाँ प्राइवेट ट्यूशन  के लिए छुप छुप कर जाते थे।  हाँ छुप छुप कर ट्यूशन पढ़ना। क्योंकि ट्यूशन पढ़ना पढाई में कमजोर होने की निशानी थी। ट्यूशन पढ़ने जा रहा है अर्थात पढाई में कमजोर है। वैश्य जाती से होने से यह माना जाता था, और आज भी माना जाता है कि यह बंदा पैसे वाला होगा।   
        तो भौतिकी के अध्यापकजी ने देखा कि यह लड़का तो ट्यूशन के लिए पकड़ा जाना चाहिए। उस समय ट्यूशन का चलन शुरू ही हुआ था और कुछ शिक्षक भी ट्यूशन शुरू कर चुके थे। आजकल तो ऐसे शिक्षकों की संख्या बढ़ गई है जो अपने छात्रों को ट्यूशन करने के लिए मजबूर करते हैं।  तो साहब हमारे भौतिकी के अध्यापक जी ने  किसी न किसी बहाने मुझे कक्षा में प्रताड़ित करना प्रारम्भ कर  दिया। मैं कक्षा की सबसे आगे वाली पंक्ति में बैठता था, वैसे मैं सदैव कक्षा हो या मीटिंग या प्रशिक्षण सदैव फ्रंट बेंचर ही रहा हूँ, पीछे बैठना मुझे बिल्कुल पसंद नहीं है। पीछे मैं वंही बैठता हूँ जहाँ मज़बूरी में जाना पड़ता है, या बीच में उठकर भागने का प्रोग्राम होता है। खैर , चूँकि आगे ही आगे बैठता था तो अध्यापक जी के अच्छी पहुँच में रहता था। वो अक्सर कहा करते थे, " मुझसे लिखवा के लेले तू कभी फिजिक्स में पास नहीं हो सकता।" वो इतनी बार ऐसा बोल चुके थे कि जैसे ही वो यह बोलना प्रारम्भ करते कि  मुझसे लिखवा  ...... बाकी का वाक्य कक्षा के दूसरे लड़के समवेत स्वरों में पूरा कर देते।  आखिर ट्यूशन नहीं करनी थी तो की नहीं। 
         साल बीतने आया, परीक्षा के 10 दिन बचे थे फिजिक्स के दूसरे पेपर यानि कि Electricity and Magnetism  में एक भी चैप्टर नहीं पढ़ाया गया था। तो 4 दिन के लिए कक्षा 11 के चारों सेक्शंस को एक साथ बुलाया गया. चार चार घंटे की एक्स्ट्रा क्लास ली गई और कोर्स पूरा कर देने की फॉर्मेलिटी पूरी कर ली गई। अब भला आने वाले 6 दिन में क्या याद करें ?उस जमाने में तो एक के  बाद एक पेपर लगातार होते थे कोई गैप भी नहीं होता था, किसी किसी दिन दो पेपर्स भी होते थे, आज तो पहली कक्षा में पढ़ रही मेरी पोती के मासिक टेस्ट /परीक्षा में भी गैप होता है। शायद उस समय के छात्रों को अधिक इंटेलीजेंट माना जाता था! खैर साहब, जैसे तैसे ग्यारहवीं पहली ही Attempt में पास हो गए, यह एक बड़ी उपलब्धि थी, मेरे से कहीं अधिक बड़े दो अंकल 3 और 7 Attempt  में मेट्रिक की परीक्षा पास कर सके थे। 
        M.Sc. Physics होने के बाद जब मैं फिजिक्स का लेक्चरर बन गया तो एक दिन अकस्मात् ही उन अध्यापक जी से मुलाकात हो गई, वो साइकिल पकडे पैदल चल रहे थे, मैंने नमस्कार किया, साइकिल से उतरा, वो देखते से ही पहचान गए, मेरा नाम लेकर पूछा क्या कर रहे हो, मैंने जवाब दिया वही काम जो आप कर रहे हैं अर्थात फिजिक्स पढ़ाता हूँ, फिर मैंने उनको याद दिलाया, "आप कहते थे सर कि मैं कभी फिजिक्स में पास नहीं हो सकता पर आज मैं वही विषय पढ़ा रहा हूँ।"  वे हंसने लग गए थे। वे बोले, "अच्छा बताओ फिर कैसे पास हो गए और यहाँ तक पहुँच गए।"  मैंने कहा, "सर मैंने ठान लिया था कि और विषय में भले ही फ़ैल  हो जाऊं पर फिजिक्स में तो पास होकर सर को गलत सिद्ध करना ही है।"  वे हंसने लगे और बोले, "देखा यह सब मेरे कहने के कारण ही हुआ"  और उन्होंने मेरी मेहनत का सारा श्रेय खुद ले लिया।
         तो ऐसे थे मेरे भौतिकी के अध्यापक जी। पर मैंने उनसे बहुत कुछ सीखा। पहला किसी भी बच्चे को ट्यूशन के लिए प्रताड़ित नहीं करना। स्कूल में पूरी ईमानदारी और मेहनत से पढ़ाना,अपनी कक्षा के बच्चे की ट्यूशन न लेना। किसी बच्चे को यह नहीं कहना कि तू यह नहीं कर सकता बल्कि यही कहना कि तुम चाहो तो कर सकते हो। कोर्स को पर्याप्त समय पूर्व समाप्त कर देना ताकि रिविजन के लिए पर्याप्त समय मिल जाए। इन बातों को  मैंने सदैव अपनाया। 

Monday, December 2, 2019

48. विद्यालय के सांप्रदायिक माहौल से मुकाबला Dealing with the Communal Environment of the School

             प्रोजेक्ट से मुक्ति के बाद  आदिवासी क्षेत्र के एक विद्यालय में पोस्टिंग हुई।  हालांकि इस विद्यालय में 4 महीने ही रहा पर वह समय अत्यधिक तनाव में गुजरा। दो घटनाओं का संक्षेप में उल्लेख करना चाहूंगा। विद्यालय मुस्लिम मोहल्ले से सटा हुआ था। मुस्लिम छात्रों की संख्या 15 % के लगभग थी। आसपास के आदिवासी गाँव के बच्चों की संख्या लगभग 70 % थी। शेष  बच्चे कसबे के ही अन्य सवर्ण जातियों के थे। आदिवसियों और मुस्लिमों में रियासतकाल से ही दुश्मनी चली आ रही थी। छोटी मोटी  बातों में विवाद होना आम बात थी। 
           एक दिन की बात है, मैं प्रिंसिपल रूम में बैठा हुआ था, शोरगुल सुनकर बाहर आया तो देखा कि 40 -50 लोगों की भीड़ स्कूल में दाखिल होकर कक्षाओं की और दौड़े जा रही थी। मैं माजरा समझू उसके पहले वे वापस लौटने हुए हल्ला करने लगे। मैंने अपने बाबू से कहा कि पुलिस ठाणे में फोन लगाओ।  पुलिस का नाम सुनकर अधिकांश लोग बाहर निकल गए। पता लगा कि ये मुस्लिमों की भीड़ थी। उनमे से एक दो जने बोले कि पुलिस को मत बुलाइये, हम बात करने को तैयार हैं। मैंने 2-3 लोगों को अंदर बुला लिया। 
          पता लगा कि दशहरा मेले में कुछ मुस्लिम लड़कों ने कुछ आदिवासी लड़कियों  को छेड़ा था इस पर उनकी पिटाई हो गई थी। दूसरे दिन एक आदिवासी लड़का अपनी हेंकड़ी को दिखाने के लिए साइकिल पर  मुस्लिम मोहल्ले का चक्कर लगाकर आया था। उसके पीछे ही मुस्लिम स्कूल में आये थे। दोनों वर्ग के बच्चों के पेरेंट्स को बुलवाया, बात की , पुलिस की धमकी दी।  आपस में समझौता कराया। गले मिलवाया और मामला शांत कराया।  पर तीन घंटे का वह समय बहुत ही तनाव भरा रहा। बाद में थानेदार से बात की तो वह बोला, " आपको फोन कर ही देना चाहिए था, हमारे डंडों को बहुत दिन से खुराक नहीं मिली है !" 
        दूसरी घटना को तरकीब से दबा दिया था। सोमवार को स्कूल खुला और जब मैं वहां पहुंचा तो चौकीदार ने आकर कहा, " हुकुम ! कल मुस्लिम बच्चे स्कूल में खेल रहे थे तो उनकी क्रिकेट गेंद से सरस्वती जी की मूर्ति के हाथों की वीणा का गुट्टा टूट गया। " मैंने पूछा , " ये बात किस किस को पता है ? " उसने कहा था कि मैंने किसी को नहीं बताया है, पहली बार मुझे ही बता रहा था।  मैंने उसको चुप रहने के लिए ही कहा। मैंने स्वयं ने जाकर मूर्ति का अवलोकन किया। शाम को छूट्टी  होने के बाद उस मुट्ठे को चिपकवाया। यदि यह बात फ़ैल जाती तो सारे कस्बे में माहौल ख़राब हो जाता। 
         इन घटनाओं के अलावा भी   दोनों वर्गों के बच्चों में परस्पर विवाद के बिना कोई दिन नहीं जाता था, मैं तो केवल 4 महीने रहा, अन्य प्रिंसिपल तीन तीन साल रहे थे, कैसे रहे होंगे यह सोचकर मैं हैरान हो जाता हूँ , हो सकता है ऐसे माहौल की आदत पड़ जाती होगी। 

50. विद्यालय भवन निर्माण का तनाव Tension of School Building Construction 

               मैं उस विद्यालय में नया नया ही आया था। मेरे उच्चाधिकारी ने पड़ोस के एक प्राइमरी स्कूल के निर्माण का काम सौंप दिया। मेरा स्कूल नया था और उसे जमाना था उससे पहले यह काम सौंप दिया गया जबकि उस प्राइमरी स्कूल से मेरा कोई लेना देना नहीं था पर चूँकि मैं गैज़ेटेड अफसर था इसलिए यह काम मुझे सौंपकर उन्होंने अपनी बला टाली  थी।
              टेंडर निकाले। टेंडर पर सम्बंधित जिला शिक्षा अधिकारी ने प्रति हस्ताक्षर(Counter Sign) करने से मना  कर दिया।  फिर भी मैंने रिस्क लेकर काम करवाया।  निर्माण कार्यों में बहुत घोटाले होते हैं इसलिए पूर्ण निगरानी रखी ताकि निर्माण कार्य अच्छा और मजबूत हो। कई अन्य परेशानियों  का सामना करना  पड़ा। पैसा देने वाली एजेंसी को हिसाब किताब देना था। सबसे महत्वपूर्ण Document था Funds Utilization  Certificate(UC )
              मैंने अपने उच्चाधिकारियों से बात की पर वे टालमटोल करते रहे। UC सम्बंधित PWD  J En देता था। उससे बात की तो उसने 2 % पारिश्रमिक माँगा। यह एक प्रकार की रिश्वत ही होती है। इसका कोई ऑफिसियल आधार नहीं है। मैं वह पैसा कहाँ से देता, मैंने तो सारा पैसा निर्माण कार्य में खर्च कर दिया था। एक दिन पत्नी से बात करने पर मालुम पड़ा कि यहाँ उनके मामाजी PWD में Ex En हैं। मैंने सोचा अब काम हो जाएगा। 
             एक दिन मैं  PWD में Ex En मामाजी से मिलने गया।  दुर्भाग्य से वे वहां नहीं मिले। मैं उनके ऑफिस से निकला ही था कि एक युवा आया और उसने मेरे चरण स्पर्श किये। "शक्ल तो जानी पहचानी लग रही है, कौन हो तुम ?" मैंने पूछा था। उसने अपना परिचत देते हुए बताया कि मैंने उसे पढ़ाया था और उसने BE Civil Engg में करने के बाद वहां J En की नौकरी कर ली थी। फिर उसने पूछा था कि मेरा वहां कैसे आना हुआ था। मैंने उसे बताया। उसने कहा," सर, वह स्कूल  तो मेरे एरिया में आता है, मुझे पता नहीं था कि आप उसका निर्माण करवा रहे हैं। " उसने कहा चलो साइट पर चलते हैं। मैं अपना स्कूटर लेने लगा तो उसने मन कर दिया और खुद की मोटर साइकिल पर बैठाकर मुझे ले गया। नपती करके मुझे कहा था की सर काम आपने बहुत सॉलिड कराया है। मुझे वापस अपने ऑफिस छोड़ा। दो दिन बाद वह UC दे गया। 
           जिंदगी के ऐसे कई उदहारण हैं जिनमे मेरे स्टूडेंट मेरे काम आये हैं। शायद वे मेरा सम्मान इसी लिए करते हैं क्योंकि मैंने अपनी नौकरी के प्रारंभिक 13  वर्षों में पूर्ण ईमानदारी के साथ पढ़ाया था।  

49 राज्य स्तरीय परीक्षा आयोजन का तनाव Tension of Organizing State Level Exam 

              शिक्षा के क्षेत्र में कार्यरत लोगों को परीक्षा आयोजन में महारत होती है। परन्तु राज्य स्तरीय परीक्षा का आयोजन करना और वो भी जब आपके पास न तो अनुभव है, न संसाधन तो और कठिन हो जाता है।  हर कदम पर इतना तनाव रहता है कि उसका वर्णन नहीं  किया जा सकता। भारत सरकर की योजना के तहत राष्ट्रीय प्रतिभा खोज परीक्षा का आयोजन किया जाना  था।  हमेशा  कक्षा10 के स्तर पर आयोजित होने वाली प्रथम स्तर की  परीक्षा का आयोजन माध्यमिक शिक्षा बोर्ड करता था। चूँकि इसे कक्षा 8 के स्तर पर लेना प्रारम्भ किया जाना था इसलिए प्रथम स्तर की परीक्षा के आयोजन का दायित्व हमारे संस्थान को  और संस्थान में इसका दायित्व मुझे सौंपा गया। 
            हमारे पास न तो अनुभव था , न मानवीय और न आर्थिक संसाधन।  कैसे करें। हमारे डायरेक्टर आरक्षित वर्ग के थे जो मेरे जूनियर रहे थे, तो वहां से मार्गदर्शन की कोई उम्मीद नहीं थी, सबकुछ मुझे सौंप दिया गया।  जैसे तैसे प्लान किया और सीमित संसाधन जुटाए और काम प्रारम्भ किया। सबसे पहले एप्लीकेशन फॉर्म छपवा कर राज्य के 40 परीक्षा केंद्रों पर भेजे गए। आवेदन पत्रों को निर्धारित शुल्क लेकर निश्चित तिथि 1 अगस्त  से बेचा जाना था। 2 अगस्त का समाचार पत्र हाथ में आया, उसमे छपा था कि आवेदन पत्रों के लिए मारा मारी, केंद्र पर उपलब्ध नहीं। मेरा दिमाग ख़राब। ऑफिस आया, छ - सात संभाग मुख्यालयों के केंद्रों पर फोन लगाकर पता किया तो सभी जगह फॉर्म उपलब्ध थे। मैंने सम्बंधित पत्रकार से बात की। उसके पास कोई जवाब नहीं था। उससे दूसरे दिन गलत न्यूज़ छापने के लिए माफ़ी प्रकाशित करने के लिए कहा पर जैसा कि इनकी आदत होती है माफ़ी नहीं मांगी। 
           प्रश्नपत्र सेट करवाए, छपवाए और अधिकारियों को गाड़ियां दिलवा कर केंद्रों पर भिजवाए। जब तक सब जगह से पेपर पहुंचने की पुष्टि नहीं हो गई, नींद गायब रही। पेपर कम न पड़ जाएं, पेपर आउट न हो जाएं, गलत पेपर न खुल जाए,  नक़ल होने के समाचार न आएं आदि बातों के कारण नींद तो दूर दूर तक गायब हो चुकी थी। अगली बारी पेपर्स के जांचने की थी। चूँकि पेपर्स OMR शीट्स से डिजिटली जांचे जाने थे तो एक्सपर्टीज का अभाव।  जैसे तैसे पेपर्स जंचवा लिए गए। उस समय RTI नया  ही आया था, कॉपी की पुनः जांच वालों को गोपनीयता का हवाला देकर समझा दिया गया। आज वाली स्थिति होती तो और परेशानी रहती। 
        सेवानिवृति से पूर्व के अंतिम चार वर्ष भयंकर तनाव भरे रहे।  इसी दौरान माता जी और पिताजी का स्वास्थ्य ख़राब रहा और उनका देहांत भी हुआ। सदैव डर बना रहता था कि कहीं जरासी चूक रिटायरमेंट को कलंकित न करदे।  पर ईश्वर कृपा से ससम्मान सेवानिवृति हुई। अंतिम वर्षों के इस तनाव ने आगे किसी भी तनाव को सहन करने के योग्य न रखा।    

Sunday, December 1, 2019

47. अति कर्मठता भी दुखदायी हो सकती है Extreme hard work can also be painful

47. अति कर्मठता भी दुखदायी हो सकती है Extreme hard work can also be painful 

              आप सोच रहे होंगे कि यह कैसे हो सकता है पर यह वास्तविकता है। मोदी जी को देखलो विदेशों में जाते हैं, बहुत सा काम हवाई जहाज में ही निपटा देतें हैं, बाहर से आकर सीधा कार्यालय में जाकर काम निपटाते हैं , नहीं लेते पर लोग कहते हैं कि बस विदेश यात्राएं करते रहते हैं। मेरे साथ घटित एक घटना का उल्लेख  करना चाहूंगा। 
           मैं प्रोजेक्ट में उच्च पद से हटने के बाद फिर से विद्यालय में प्रिंसिपल बन कर आ गया था। विशिष्ट चयन के द्वारा प्रोजेक्ट में मैं उप निदेशक के पद पर कार्यरत रहा था। राज्य स्तरीय  संस्थान में रहते हुए सरकारी विद्यालयों में चलने वाली EVS टेक्स्ट बुक्स लेखन का कार्य कर  रहा था। चूँकि वह व्यक्तिगत नाम से आवंटित  समयबद्ध कार्य था इसलिए मुझे पूर्ण करना ही था। इस हेतु मुझे समय समय पर राज्य स्तरीय संस्थान में आयोजित वर्कशॉप्स में जाना पड़ता था। 
         मेरा स्कूल संस्थान से 3 किमी दूरी पर था। वर्कशॉप के दौरान  लंच टाइम में यह सुनिश्चित करने के लिए स्कूल सही से चलता रहे मैं वहां जाता था। स्कूल में एक बजे पहुँचता और दो तीन बजे वापस आ जाता था।  स्कूल के ग्रामीण राज नेता यह देखते रहते थे। एक  दिन एक नेता ने मुझे रोक कर पूछ ही लिया कि आपके स्कूल आने का समय क्या है। मैंने बता दिया था 10 बजे से 6 बजे तक रहता हूँ। फिर एकदम से ध्यान आया कि उस व्यक्ति ने यह सवाल क्यों पूछा। फिर मैंने उसे सारी बात बताई कि अभी मेरी ड्यूटी संस्थान में है इसलिए मैं वहां से लंच टाइम में इधर आ जाता हूँ ताकि स्कूल का भी कुछ काम हो जाए। वह बोला,  "तो आप दोनों जगह की ड्यूटी निभा रहे हैं, यह जानकर अच्छा लगा वरना  तो हम इसी गलतफहमी में थे कि आप 2 घंटे के लिए ही स्कूल आते हैं। "
         पर इसके बाद मैंने स्कूल जाना बंद कर दिया, एक बार में एक जगह का काम, क्योंकि गलत फहमी कहीं भी हो सकती है, गलत फहमी संस्थान में भी हो सकती है कि ये बंदा 2 घंटे के लिए कहाँ गायब हो जाता है। ठीक है कि कुछ को पता होता है सबको नहीं, किस किस को समझायेंगे। भविष्य में मैंने अति कर्मठता से काम करना कम दिया। 

46. नियुक्ति में भ्रष्टाचार के तरीके Corruption in Appointments 

                आप स्वयं कितने ही ईमानदार हों, भ्रष्टाचार को कम कर सकते हो समाप्त नहीं। बेचारे मोदी जी अकेले क्या क्या कर लेंगे। चाणक्य ने सही कहा था, पूरी तरह से सही उक्ति तो क्या थी पता नहीं पर उनका भावार्थ था " कितनी भी पहरेदारी बैठा दो, गुड़ के ढेर में से चीटियां गुड़ ले ही जाएंगी" या " पानी में तैरने वाली मछली को पानी पीने से नहीं रोक सकते" . हमारे प्रोजेक्ट में भ्रष्टाचार के बहुत अधिक अवसर थे। 
              प्रोजेक्ट में कार्य करने की 6 साल की अवधि में  मेरे हाथों 300 से अधिक पैरा टीचर्स का चयन किया गया था। बड़ी आसानी और सहजता से 10000 रु प्रति चयन लिए जा सकते थे। 400 से अधिक ट्रेनिंग कैंप को कम से कम एक लाख रु प्रति कैंप दिए गए। उनका निरीक्षण  मेरे द्वारा होता था। सहयोगी सहर्ष कमीशन देने को तत्पर रहते थे। पर प्रोजेक्ट का शीर्ष नेतृत्व बेहद ईमानदार था, उनका प्रयास यही रहा था कि नीचे तक ईमानदार और कर्मठ व्यक्ति ही प्रोजेक्ट से जुड़ें । 
             चूँकि राज्य स्तरीय शीर्ष नेतृत्व ईमानदार था अतः हम सब मिलकर भ्रष्टाचार के अवसरों को कम करने का निरंतर  प्रयास करते रहते थे। जैसे ही किसी प्रक्रिया में भ्रष्टाचार की गंध आती उसमे सुधर करते थे। सबसे अधिक भ्रष्टाचार के  अवसर  पैरा टीचर के चयन से लेकर नियुक्ति में रहते थे। चयन में राजनेताओं की दखल अंदाजी देखकर उनके द्वारा पैसा बनाने का पता लगने पर हमने गांव वालों के सामने ही परीक्षा लेकर , कापियां जांचकर तथा उनको दिखाकर चयन करना प्रारम्भ किया फिर भी वे भोले इंसानों को फंसा ही लेते थे जिसका हमारे पास कोई तौड़ नहीं था, केवल चयनित को जागरूक करने के। प्रशिक्षण के बाद परीक्षा के माध्यम से पास करने में भ्रष्टाचार जिसका एक उदाहरण पिछले ब्लॉग में दे चूका हूँ। चयनित लोगों की सूची मेरे हस्ताक्षर से जाती थी, उसमे भी लोग पैसा लेने का प्रयास करते थे यह कह कर कि ऊपर तक कमीशन भिजवाना पड़ेगा। इसलिए चयन के समय और प्रशिक्षण में सबको बता दिया जाता था कि किसी के चक्कर में आने की जरुरत नहीं है। परन्तु फिर भी कुछ तो चक्कर में पड़ ही जाते थे। 
           नियुक्ति का अधिकार सम्बंधित ब्लॉक अधिकारी का था वह महीनों तक आदेश जारी नहीं करता था और पैसे लेता था। राज्य स्तर पर इस समस्या पर गहन विचार विमर्श के बाद हम इस निष्कर्ष पर पहुंचे कि नियुक्ति आदेश राज्य सस्तर  पर ही जारी क्र दिए जाएं और निचले स्तर पर केवल आदेश डिलीवर करने का काम ही रहे। नीचे  के सरकारी अधिकारी आदेश रोक लेते और पैसा बनाते। इसका समाधान यह निकाला कि आदेश को एक सप्ताह में देने के लिए पाबन्द किया गया। फिर भी कह नहीं सकते कि आदेश डिलीवर करने वाला पैसा नहीं लेता होगा जैसे कि पहले पासपोर्ट की डाक लाने वाला डाकिया इनाम मांग ही लेता था। 
         नियुक्ति प्रक्रिया में भ्रष्टाचार के उक्त उदाहरण से यह स्पष्ट करने का प्रयास किया है कि भ्रष्टाचार को पूर्णतः रोक पाना असंभव कार्य है। इतना सब होने और पूर्ण ईमानदारी रखने के बाद भी लोग कहते थे कि सर ने प्रोजेक्ट में बहुत पैसा बनाया है तभी तो मकान बना रहे हैं। 
              
     

45. प्रोजेक्ट छोड़ने की मज़बूरी Compulsion of leaving the Project

45. प्रोजेक्ट छोड़ने की मज़बूरी Compulsion of leaving the Project 

                   जैसा कि गत  ब्लॉग में बता चूका हूँ कि जिस किसी भी प्रोजेक्ट में जनता की भागीदारी होती है उसमें  राजनीति अवश्य आएगी, राजनीति मतलब राजनेता की दखलंदाजी। पर कभी कभी प्रोजेक्ट में कार्यरत किसी व्यक्ति के हितों पर कुठाराघात हो तो भी समस्या होती है। प्रोजेक्ट में काफी पैसा होता है और उसमे भ्रष्ट तबका सेंध लगाने की मंशा रखता है। मेरे प्रोजेक्ट में भी काफी पैसा था। ट्रेनिंग्स का आयोजन किया जाता था। हर वर्ष लगभग 40 ट्रेनिंग कैंप होते थे।   बीसवीं शताब्दी के आखिरी दशक की बात है यह।  उस समय एक ट्रेनिंग कैंप के लिए कम से कम एक लाख रुपये आवंटित किये जाते थे।
               ट्रेनिंग कैंप के आयोजन का दायित्व फील्ड में कार्यरत हमारे सहयोगी उठाया  करते थे। उनको राज्य मुख्यालय से प्राप्त चेक देने का दायित्व हमारा था परन्तु राज्य मुख्यालय पर कार्यरत एक अकाउंटेंट चेक लेकर आता था और अकेले कमरे में बुलाकर प्रत्येक सहयोगी से कुछ राशि लेकर चेक देता था।  मुझे  इस बात की जानकारी होने पर मैंने उसकी शिकायत कर दी। उसका हमारे यहाँ आना बंद कर दिया गया। 
               हमारे प्रोजेक्ट में ट्रैनिंग आयोजन के लिए NGO का सहयोग भी लिया जाता था। एक राजनेता द्वारा संचालित ऐसा ही एक NGO था जहाँ ट्रेनिंग के समापन पर परीक्षा ली जा रही थी । इस परीक्षा की समाप्ति पर सफल होने वालों को पैरा टीचर की नियुक्ति दी जानी थी।  वहां के कार्मिकों ने प्रशिक्षणार्थियों से पैसे लेकर पेपर आउट करा दिए थे। मुझे इस बात की जानकारी मिली तो मैंने उक्त परीक्षा को कैंसिल करके दूसरी परीक्षा लेने के आदेश दे दिए। साथ ही सभी पैसे लौटाने के मौखिक निर्देश दे दिए थे। बाद में उस NGO को अघोषित रूप से ब्लैक लिस्टेड कर दिया था। इसी प्रकार से एक अन्य NGO द्वारा ट्रेनिंग में अच्छा खाना न देने की बार बार प्राप्त होने वाली शिकायत को ध्यान में रखकर उसे भी कैंप देना बंद कर दिया था। इस प्रकार और भी कुछ लोग मुझसे दुखी थे। 
              मुख्यालय मेरे से प्रभावित था अतः मुझे हटाने की उक्त लोगो की कोशिश काम नहीं आ रही थी। उक्त प्रकार के सभी पीड़ित लोगों ने मीडिया का सहारा लिया। राज्य के दो प्रमुख समाचार पत्रों में मेरे बारे में और अन्य जिनसे  दुखी थे उनके बारे में हर महीने पंद्रह दिन में कहानियां  छपने लगी। लगभग एक साल तक चले इस अभियान से तंग आकर मैंने राज्य मुख्यालय से अनुरोध किया कि मुझे अब इस कार्य से मुक्ति प्रदान करें। न चाहते हुए भी मुख्यालय ने मुझे प्रोजेक्ट से हटने की स्वीकृति प्रदान कर दी।
               कुल मिलाकर इसी निष्कर्ष पर पहुंचा कि सरकारी विभाग में ईमानदारी से काम करना अत्यंत कठिन काम है। साथ ही मेरी इस धारणा को भी बल  मिला  कि अपने सम्पर्कों से मीडिया को ख़रीदा जा सकता है।   
              

44. राजनेता की दादागिरी Dadagiri of Politician 

               किसी भी प्रोजेक्ट में काम करना रूटीन के कामों से अलग होता है। सब कुछ टाइम बाउंड होता है नित नए काम आते हैं। उनकी Planning, Implementation, Review and Monitoring, Research and Evaluation आदि कार्यों को सम्पादित करना होता है। यदि आपका मार्गदर्शक कुछ नहीं समझता हो तो और समस्या आ जाती है। यदि प्रोजेक्ट में जनप्रतिनिधियों की भागीदारी लेनी हो तो कार्य अधिक दुष्कर और चुनौतीपूर्ण हो जाता है। मैं भी शिक्षा के एक विश्व प्रसिद्द प्रोजेक्ट में Coordinator पद पर कार्यरत था। उसमे Para Teachers (ऐसा शिक्षक जो शिक्षक होने की योग्यता नहीं रखता है ) का चयन और उनकी ट्रेनिंग , विद्यालय विहीन गॉंवो में स्कूल खोलना आदि कार्य किये जाते थे।
             एक बार मैं पैरा  टीचर के चयन के लिए एक ब्लॉक में गया था। स्थानीय राजनेता की भयंकर दखलंदाजी थी। उसने अपने लोगों का चयन करवाने के लिए दबाव डाला। उसने मेरे साथ दुर्व्यवहार किया।  मैंने पुलिस थाने में शिकायती पत्र दिया। थानेदार ने FIR नहीं लिखी। बल्कि मुझे राय दी कि आप तत्काल यहाँ से चले जाओ ,ये नेता बहुत खतरनाक है, यह राज्य के गृहमंत्री का खास आदमी है। मैं रात में अपने सहायक की मोटरसाइकिल पर आड़े टेढ़े रास्तों से बस स्टैंड पहुंचा था क्योंकि उस राजनेता के गुर्गे मेरी तलाश में थे। भयंकर तनाव में था।
            मैंने अपने अधिकारियों से बात की। उन्होंने पूरा सहयोग दिया। राज्य के शिक्षा सचिव से बात की, उन्होंने कलेक्टर से बात की।  मैंने अन्य अधिकारियों के साथ जाकर प्रॉपर FIR लिखवाई। तत्काल कार्यवाही हुई। चूँकि राजनेता गृह मंत्री का ख़ास आदमी था अतः उसको कार्रवाई की भनक लग गई।  वह व्यक्ति Under Ground हो गया। कई तरीके काम में लिए।  चार दिन तक वह छुपता फिरा, आखिर गृह मंत्री का दबाव काम आया और वह बच गया।
           अनुभव यही रहा कि राजनैतिक दबाव में ईमानदारी से काम करना बहुत ही कठिन है।जो लोग कहते हैं कि अधिकारी भृष्ट होते हैं उनसे यही कहना है कि ईमानदार अधिकारी राजनैतिक दबाव में काम नहीं कर सकता  है या उसको भी बहती मैली गंगा में हाथ धोने के लिए मजबूर होना पड़ता है। राजनेता अधिकारी  के नाम पर पैसा ऐंठ लेते हैं तो अधिकारी राजनेता के नाम पर।  
            

12. सहपाठी की संगत का असर ! Effect of Company of the Class Fellow !

12. सहपाठी की संगत का असर ! Effect of Company of the Class Fellow  !

        कॉलेज में Three Year Degree Course जिसे संक्षेप में TDC कहा जाता था  के लिए प्राइवेट कॉलेज में दाखिला लिया था।  फर्स्ट ईयर में एक नए रिपीटर स्टूडेंट दिनेश से पाला पड़ा जिसका मैं पिछले ब्लॉग में जिक्र कर चूका हूँ। । Adolescence Age group में होने से ज्यादा अक्ल तो थी नहीं सो उसके साथ अच्छी दोस्ती हो गई। किस से दोस्ती रखनी चाहिए और किससे नहीं कुछ समझ नहीं थी। दिनेश की बातों में बड़ा मजा आता था। अच्छा कद होने से NCC Naval Wing में मेरा चयन हो गया था।    उस समय यानि 1965 -66 में NCC अनिवार्य थी। Naval Wing का चार्म सबसे अधिक था, सफ़ेद झक्क यूनिफार्म आकर्षित करती थी। केवल 24 लड़के ही सेलेक्ट किये जाते थे। इससे भी सहपाठियों पर अच्छा  प्रभाव पड़ा था। कई दोस्त बन गए थे पर दिनेश में कुछ अलग ही बात थी। उसके साथ रहने से सीनियर स्टूडेंट्स भी अच्छे से मिलते थे। दिनेश को कॉलेज में पांचवा साल था। दो साल में उसने PUC(Pre University Course) किया था और First ईयर में ये उसका तीसरा साल था। उसके सहपाठी Post Graduate में पढ़ रहे थे। हमें पढाई के लिए परेशान होता देख कहता था कि हिंदी  मीडियम स्टूडेंट्स के लिए First Year is Known as Rest Year . दिमाग के किसी कोने में उसकी यह बात पड़ी हुई थी। 
       कब एग्जाम आ गए पता ही नहीं लगा। Exams की तैयारी ठीक ही हुयी थी पर वैसी नहीं जैसी होनी चाहिए थी। पूर्णतः Self Study से तैयारी की थी यहाँ तक की गाइड बुक्स का सहारा भी नहीं लिया था क्योंकि उन्हें अच्छा नहीं माना जाता था। परीक्षा देने जाते वक्त दिनेश रास्ते में इंतजार करता हुआ मिलता था। रास्ते में वह बताता था कि आज अमुक अमुक प्रश्न आएँगे, कभी उनमे से कई  प्रश्न आ जाते थे.हमको आश्चर्य होता था कि उसे कैसे पता चलता था पर वह नहीं बताता था। फिजिक्स के दोनों पेपर्स और मैथ्स के  तीन पेपर्स हो चुके थे।  मैथ्स का दूसरा पेपर मेरी अपेक्षा के अनुसार नहीं हुआ था। मैं परेशान था। दिनेश ने कहा कि मेरी बात मान और ड्रॉप करदे।    मैंने कहा मैं ऐसे नहीं कर सकता। केमिस्ट्री के दो पेपर बचे थे। पहला पेपर दिया। साढ़े चार प्रश्न अच्छे से कर दिए।दिनेश ने कहा, "चल उठ चलते हैं।" मैंने कहा, "आता हूँ आप चलो ।" मेरे दिमाग में उसकी बातें घूमने लगी. उसने समझाया था कि यदि कम प्रतिशत आए तो इंजीनियरिंग में एडमिशन नहीं होगा। घर वाले Percentage Improve  करने के लिए रिपीट नहीं करने देंगे और B.Sc. करना पड़ेगी जिसका कोई फायदा नहीं। परीक्षा ड्राप कर  देने से अगले साल अधिक प्रतिशत अंक ले आऊंगा यह सोच कर केमिस्ट्री में हल किये हुए प्रश्न काट दिए और कॉपी के पहले पेज पर नोट लिख दिया कि Please don't waste your time in examining the copy. इसी प्रकार दूसरे पेपर में भी पुरे समय बैठा चार प्रश्न एकदम सही किये और काट दिए। 
        अब तो जो होना था हो गया।  घर में यही बताया कि केमिस्ट्री के पेपर्स अच्छे नहीं  हुए हैं। 2 महीने बाद Result आया। केमिस्ट्री में Supplementary आयी। ये कैसे हो गया, फ़ैल की जगह इस परिणाम की तो अपेक्षा ही नहीं थी। चार पांच दिन बाद मार्क्स शीट आई।  केमिस्ट्री में जीरो  जीरो अंक, बाकी विषयों में 60 प्रतिशत से कहीं अधिक अंक थे। केमिस्ट्री के 0 अंको को सम्मिलित करते हुए 58 प्रतिशत अंक बन रहे थे। यदि केमिस्ट्री के उत्तर काटे नहीं होते, पास मार्क्स भी जुड़ते तो 64 प्रतिशत बनते। इंजीनियरिंग में मन माफिक ब्रांच मिलती, यह मेरे कॉलेज में अधिकतम प्रतिशत होता। यही सब सोचते हुए घर आकर बहुत देर तक फूट फूट कर रोता  रहा। अपने हाथों अपने पैरों पर कुल्हाड़ी मारने के मुहाँवरे का इससे अच्छा उदाहरण क्या होगा। पिताजी को सब बताया। उन्होंने कहा कि जो हो गया हो गया, अब आगे की सोचो। यूनिवर्सिटी के इतिहास में यह एक स्पेशल केस था ,इतनी अच्छे प्रतिशत होने से Supplementary घोषित किया गया। छुट्टियों के बाद परीक्षा दी पर पास नहीं हो सके। फर्स्ट ईयर रिपीट करना पड़ा। 
          किशोरावस्था में संगत का बहुत अधिक प्रभाव पड़ता है। केवल दिनेश की संगत ने जीवन की धारा ही बदल दी। यदि पहली बार में ही पास हो जाता तो इंजीनियर बनता। मैंने इस बात का बाद में अपने बच्चों की पढाई के समय ध्यान रखने का प्रयास किया, अपने छोटे पुत्र को इंजीनियरिंग में भर्ती करते समय मैंने इस बात का ध्यान रखा कि हॉस्टल में उसका रूम पार्टनर अच्छा हो और सौभाग्य से ऐसा हो भी गया। कुल मिलाकर यह कहना उचित होगा कि पैरेंट्स बच्चे की संगत के प्रति जागरूक रहें विशेषकर अडोलेसेन्स आयु में हालांकि इस समय पेरेंट्स अपने जॉब में सबसे अधिक व्यस्त होते हैं, पर समय निकालना ही होगा।
अगले ब्लॉग में 
13. इंजीनियरिंग कॉलेज में प्रवेश क्यों न ले सका ? Engineering college me prawesh kyon na le saka ?