Sunday, May 10, 2020

37. मतदान केंद्र पर चुनाव के दौरान गोलियां चलने का भय Fear of bullets at polling booth. 

           पहले तो चुनाव कराना ही अपने आप में भारी तनावभरा होता है, और अगर वह मतदान केंद्र अतिसंवेदनशील हो तो उसका तनाव उस दिन से प्रारम्भ हो जाता है जिस दिन चुनाव केंद्र का आंवटन होता है। अतिसंवेदनशील केंद्र का मतलब है वहां लड़ाई झगडे आदि कुछ भी हो सकता है। पंचायत चुनाव में  ऐसे ही एक  केंद्र पर रिटर्निंग ऑफिसर के रूप में चुनाव कराने सौभाग्य प्राप्त हुआ। लोक सभा की तुलना में विधान सभा, विधान सभा की तुलना में पंचायत चुनाव करना अधिक कठिन होता है। पंचायत में चुनाव रिटर्निंग अफसर को उम्मीदवारों के नामांकन पत्र लेने, उन्हें स्वीकार अस्वीकार करने, चुनाव चिह्न देने , मत पत्र  तैयार करने , चुनाव कराने, मतगणना कराने , रिजल्ट घोषित करने और शपथ दिलवाने तक के कार्य करने होते हैं। इस चुनाव में केंद्र के रिटर्निंग ऑफिसर के पास कलेक्टर के चुनाव सम्बन्धी सभी अधिकार हस्तांतरित होते हैं। 
           जब पहाड़ी क्षेत्र के मतदान केंद्र पर पहुंचे तो वहां का इतिहास मालूम किया। पता चला  कि  प्रमुख दलों की और से चिरप्रतिद्वंदी ही सरपंच का चुनाव लड़ रहे हैं। वे भी साधारण नहीं बल्कि पार्टी में बहुत अच्छा वर्चस्व रखने वाले। पिछले चुनाव में ब  उम्मीदवार की तरफ से की गई गोलीबारी में अ  घायल हो गया था। घायल अ उम्मीदवार चुनाव हारा हुआ था। अ  ने इस चुनाव में चुनौती दे रखी थी कि यदि इस बार भी उसका प्रतिद्वंदी ब  जीता तो उसकी लाश ही पोलिंग बूथ के बाहर आएगी। अब हमारी हालत तो और ख़राब हो गई। रातों की नींद गायब। चुनाव के हर कदम पर अड़चने आयीं। 
         सबसे पहले जब नामांकन स्वीकार करने की बारी आई तो अ उम्मीदवार ने ब के शिक्षा कर बाकी होने के आधार पर नामांकन ख़ारिज करने की बात की , तो ब ने उसके रसीद दिखा दी। दूसरा नाम वापसी के समय हुआ, अ के दबाव में ब के लोग वार्ड पांच का नामांकन जमा नहीं करा पाए थे। पर एक व्यक्ति ने वार्ड पंच का परचा भर  ही दिया था। नाम वापसी के समय से 2 मिनट पूर्व अ के लोग उस उम्मीदवार को पकड़ लाए। मुझसे फॉर्म माँगा मैंने दे दिया। ब नाम वापसी फॉर्म न देने का दबाव बना रहा था पर यह कहकर कि मेरी घडी के हिसाब से अभी समय बाकी है मैंने वह दे दिया। खींचातानी में उम्मीदवार ने फॉर्म भर दिया। तब तक नाम वापसी का समय निकल गया। मैंने फॉर्म लेने से मना कर दिया। दूसरा पक्ष नाराज हो गया। अ का छोटा भाई मेरा क्लास फेलो था , मैंने उसे समझाया, वह नाराज होता हुआ भी मान गया।   
          मतदान वाले दिन  Dy SP के नेतृत्व में एक स्पेशल फाॅर्स मेरे यहाँ थी। जोनल मेजिस्ट्रेट भी वहीँ डेरा डाले हुए थे। मतदान के समय दो गुंडे किस्म के लोग ब के पक्ष में प्रचार कर  रहे थे जो कि गैर कानूनी था। वे दोनों जोनल मजिस्ट्रेट के परिचित थे पर वे कुछ न बोले तथा मुझे बुलाकर उन्हें मना  करने के लिए कहा। मैं भी उन दोनों को अच्छी तरह जानता था। पर मेने अनजान बन कर उन्हें मना  किया। वे वहां से चले गए। 
         मत गणना का समय आया।  मतों की गड्डियां बनाई गई। लगभग बराबर थी। पर गिनती के बाद अ 50 वोटों से जीत गया, हम भीं यही चाह  रहे थे कि वह जीते वरना  गोलियां चल जाती। अ ने अपने आदमियों को बंदूकें लेकर जंगल में पेड़ों पर बैठा रखा था। खैर चुनाव भयंकर तनाव में संपन्न हुआ। उस दौरान और भी कई तनावभरी बातें हुईं जिनका उल्लेख नहीं किया है। कुछ वर्षों के बाद की बात है एक उम्मीदवार ने दूसरे उम्मीदवार के 10 लोगों सड़क पर कुचल कुचल कर मार डाला था। सोचिये कितने खतरनाक लोग थे वे। 

No comments:

Post a Comment