35. आधी रात में भूत ने मेरे घर का दरवाजा खटखटाया At mid night ghost knocked the door of my home
वर्ष 1986 में बस्ती से दूर कब्रिस्तान के पास स्थित क्वार्टर में रहते हुए कुछ और ऐसी घटनाएं हुईं जिनको शेयर करने का लोभ नहीं रोक पा रहा हूँ। आधी रात को अचानक जोर जोर से घर का दरवाजा भड़ भड़ाने की तेज आवाज से नींद उड़ी। घडी देखी रात के एक बज रहे थे। इतनी रात को कौन हो सकता है, डर लगा। कोई सर सर कर बुला रहा था। खिड़की में से झाँक कर देखा, पूछा, " कौन है? " घबराई आवाज में कोई बोलै, " सर मैं ! मैं गजेंद्र सिंह, गणित टीचर। जल्दी दरवाजा खोलिये सर !" तब तक मुझे उसकी शक्ल दिखाई दे गई थी। फटाफट दरवाजा खोला, उसने अंदर घुसते से ही दरवाजा बंद कर चिटकनी चढ़ा दी थी।
मैंने पूछा, " इतनी रात को, क्या बात है ?" वह बोला , " कुछ लोग भूत-भूत, चोर- चोर चिल्लाते हुए मेरे पीछे लट्ठ आदि लेकर आ रहे हैं। " इतने में कुछ लोगों के नजदीक आने का शोर सुनाई दिया। उन्होंने दरवाजा खटखटाया, मैंने खिड़की में से झांक कर पूछा, " क्या है ?" वे लोग बोले कि आपके इधर एक भूत आया है, हम उसके पीछे आएं हैं। मैंने कहा था कि भूत ऐसे आते हैं क्या? ऐसे अपने लट्ठों से वे डर जाते हैं क्या ? वो कैसा दिख रहा था ? उनमे से कोई बोला था सर लम्बा चौड़ा सफ़ेद कपड़ों में, कोई चोर भी हो सकता है , हमने उसे कब्रिस्तान में देखा था। मैंने कहा, " हाँ आया है, मेरे पास बैठा है, अपने लठ्ठ वगैरह रख दो तो मिलवाऊं " यह कहते हुए दरवाजा खोला। गजेंद्र सिंह को आगे कर कहा था कि यह रहा आपका भूत। 10 -12 लोग थे वे। उसको देखकर सबके सब हंसने लगे।
वास्तव में हुआ यह था कि वह अच्छा लम्बा-जम्बा जाट था , हमेशा खादी का सफ़ेद कुरता पाजामा पहनता था, , शौच के लिए जंगल में जा रहा था, घड़ी नहीं रखता था, चांदनी रात के कारण वह सुबह हो गई समझ गया था , डरपोक नहीं था, भूत प्रेत में विश्वास नहीं करता था, वह समय बचाने के लिए कब्रिस्तान में से गुजर रहा था, किसी ने उसे वहां देखा और अंधविश्वासी लोगों ने उसे भूत समझ लिया।
दरअसल गाँव में सरकारी कर्मचारियों के आवास न होने से दूर से आने वाले लोगों को समस्या रहती है। आवास अगर बने भी होते हैं तो बस्ती से दूर जहाँ एकांत में कोई रहना नहीं चाहता , उनका रखरखाव भी सही नहीं होता है। आप लोगों में अधिकांश के लिए ऐसी स्थितियों की कल्पना करना भी कठिन है।
No comments:
Post a Comment