Saturday, April 18, 2020

32.  प्रधानाध्यापक पद पर चयन और ज्वाइन करने की दुविधा 

              मैंने बहुत तैयारी के बाद PSC (Public Service Commission) या लोक सेवा आयोग की  प्रधानाध्यापक हेतु आयोजित RES परीक्षा में भाग लिया। 250 पद के लगभग 110000 शिक्षकों ने परीक्षा में भाग लिया। 2 माह बाद रिजल्ट आया और 750 सफल रहे उम्मीदवारों की मेरिट सूची जारी की गई जिसमें  मेरा नाम भी था। 3 माह बाद इंटरव्यू की  डेट्स डिक्लेर की गई। चूँकि शहर में पोस्टिंग थी. फिजिक्स का व्याख्याता होने से ट्यूशन भी अच्छी  खासी आ जाती थी तथा शहर में भौतिकी के व्याख्याता के रूप में अच्छी  प्रतिष्ठा थी अतः मैं प्रधानाध्यापक बनकर शहर छोड़कर जाना नहीं चाहता था। मैंने इंटरव्यू में नहीं जाने का निर्णय किया अतः कोई तैयारी  भी नहीं की। 
             इंटरव्यू से एक दिन पहले स्टाफ रूम में चाय के समय हमारे प्रिन्सिपल साहब ने पूछा कि कल आपका इंटरव्यू है तैयारी करली  होगी ? मैंने कहा , " सर , मैं नहीं जा रहा हूँ। "  " क्या! " उनके मुंह से आश्चर्य से निकला। वह बोले, " 150 के स्टाफ में से तुम्हारा अकेले  का नंबर आया है, समझते हो कि क्या मूर्खता करने जा रहे हो? तुमको जाना पड़ेगा , और यदि कल स्कूल में आ गए तो तुम्हारी लीव लगा दूंगा। " उनकी इस झिड़की के बाद मैंने अपना मानस बदला और शाम की ट्रैन से रवाना हो गया। 
           तैयारी तो कुछ भी नहीं की थी और चयन हो जाए इसकी भी कोई ईच्छा नहीं थी। सुबह 10 बजे लोक सेवा आयोग के दफ्तर में पहुँच गया। कुछ समझ में आये उसके पहले ही साक्षात्कार के लिए आवाज पड़  गई क्योंकि उस दिन के बेच में मेरा नाम पहला ही था। इंटरव्यू बेधड़क निश्चिंत होकर दिया क्योंकि असफल होने का डर था ही नहीं। चूँकि मैं स्कूल की और विभाग की विभिन्न गतिविधियों में जुड़ा रहता था अतः बहुत सारी   जानकारियां थी। साक्षात्कार अच्छा हुआ। लगभग 2 माह बाद फ्री समय में स्कूल में कैरम खेल रहा था, एक साथी चिल्लाया कि अरे आपका रिजल्ट आ गया।  मुझे कोई उत्सुकता नहीं थी और सोच रहा था नाम न आये तो अच्छा।  उसने मेरा रोल नंबर पूछा। मैंने बता दिया। उसने देखकर कहा आपका चयन हो  गया है। मेरिट में 82 वा स्थान है। अब टेंशन चालू हो गया। 
          नियुक्ति आदेश आने के बाद मैंने प्रार्थना पत्र देकर जोइनिंग डेट को आगे सरकवा  लिया ताकि और सोच सकूँ। मेरे मन ने कहा  ज्वाइन नहीं करना ही ठीक रहेगा। इस दुविधा का पता प्रिंसिपल साहब को लग गया था। उन्होंने मुझे बुलाया और समझाया। उन्होंने पूछा, " क्या आप इसी विभाग में आगे भी नौकरी करना चाहोगे ?" "हाँ" मैंने जवाब दिया।  उन्होंने आगे कहा, " आज आपको मौका मिला है, आपने यह अवसर खो दिया तो आप बहुत पिछड़ जाओगे। " उनकी जिस बात ने मुझे सबसे अधिक सोचने के लिए मजबूर किया वह थी , " भविष्य में यदि आपका कोई जूनियर जिसको आप यहाँ आदेश देते हैं, आपका बॉस बन कर आ गया और उसने कोई आदेश दिया तो आपको कैसा लगेगा, इस बात पर विचार कर निर्णय लेना। "  
         घर आकर मैंने बहुत सोचा और मैं इसी निष्कर्ष पर पहुंचा कि अपने जूनियर का सहायक होना मेरे आत्मसम्मान को चोट पहुंचाएगा, मैं फ़्रस्ट्रेशन में आ जाऊँगा। दूसरे दिन मैंने प्रिंसिपल सर से कहा कि मुझे रिलीव कर दें। 
         बाद में 10 +2 स्कीम अगले साल से लागू हो गई।  फिजिक्स के व्याख्याता का महत्व और बढ़ गया क्योंकि इंजीनियरिंग और मेडिकल में सीधे हायर सेकंडरी के बाद एडमिशन होने लग गए थे। आज सोचता हूँ कि अपनी ख्याति के अनुरूप मैं आर्थिक दृष्टि से बहुत कमाई करता और शायद किसी अच्छे कोचिंग संस्थान का संचालक होता। मेरा एक मित्र जो कि कोटा में एक नामवर कोचिंग संस्थान में अच्छे प्रशासनिक स्तर पर कार्यरत है उसने  बाद में मुझे अपने शहर में इंस्टिट्यूट की शाखा खोलने का प्रस्ताव किया था पर मेरी धारा बदल चुकी थी।  खैर  यह तो If-but वाली फ़ालतू की  बात है, ऐसा होता तो क्या होता और वैसा होता तो  क्या होता। लेकिन व्यक्ति को दूरदृष्टि रखना चाहिए।  हाँ  यह बात जरूर है अपनी प्रकृति के अनुरूप मैं अपने जूनियर की अधीनता तो अवश्य ही नहीं सहन कर सकता था। 

No comments:

Post a Comment