34. लूटने का सिस्टम और भूत लग जाने का भय - system of loot and fear ghost.
वर्ष 1985 में जब एक अच्छे खूबसूरत शहर से ठेठ आदिवासी क्षेत्र के छोटे से गाँव में पहुंचा तो आवास एक बड़ी समस्या के रूप में सामने आया। विद्यालय से जुड़े छात्रावास में कुछ दिन गुजारे। उसमे रहना क़ानून सम्मत नहीं था। विद्यालय के पास ही क्वार्टर बने हुए थे उसमें से एक लिया। बिजली थी नहीं क्योंकि उन् क्वार्टर में कोई रहता नहीं था। उसके दो कारण थे पहला तो वह बस्ती से दूर बने थे और दूसरा कब्रिस्तान की जमीं से जुडी जमीन पर बने हुए थे। लोग डर के कारण नहीं रहते थे। बिजली का कनेक्शन स्कूल से लिया। टॉयलेट चालू अवस्था में नहीं थे। आवास की तलाश की थी पर बड़ी मुश्किल से चार पांच पक्के घरों में कहीं किराये पर कमरा उपलब्ध नहीं था। इतने छोटे गाँव में लम्बी अवधी के लिए रहने का काम पहली बार पड़ा था। चुनावों में लगने वाली ड्यूटी के कारण चार पांच राते ऐसे गाँव में गुजारने का अवसर मिला था। इसलिए शौच के लिए जंगलों में जाने की आदत हो गई थी। कई पाठको को तो इस चीज का अनुभव ही नहीं होगा। आज तो छोटे बच्चों को इधर उधर बैठने के लिए कहो तो नहीं बैठते है।
रोज जंगल में जाते थे। जंगली जानवरों का डर रहता था। मैं जंगल में कुछ ज्यादा ही दूर चला जाता था। एक बार किसी शुभचिंतक ने आगाह किया कि जंगल में शौच या घूमने के लिए अकेले मत जाओ और अधिक दूर मत जाओ। मैंने कहा बस्ती के पास तो आवागमन रहता है। उसने कहा, " जंगली जानवर का इतना डर नहीं जितना यहाँ के आदिवासियों का है। " मैंने पूछा, " आदिवासियों का कैसा डर ?" उसने कहा, "इन आदिवासियों में कई लुटेरे किस्म के लोग होते हैं। और अंगूठी चैन पहनकर तो बिलकुल भी मत जाओ!" मैंने कहा, " अरे यार लूट ही तो लेंगे और क्या करेंगे।!" वह बोला , " आपको यहाँ का लूट का सिस्टम पता नहीं है। " मैंने कहा , " लूट का भी सिस्टम होता है क्या !" वह बोला , " हाँ , लूट का अनोखा सिस्टम है, यदि आपने कहा कि ये ले ले और मुझे जाने दे , तो जानते हो वह क्या करेगा ? वह कहेगा हम मेहनत का कमाते हैं और यूँ कहकर दो चार जड़ देगा। उसकी मेहनत हो गई। " मैंने कहा , "पिटाई करना मेहनत है !" "हाँ उनके अनुसार यह मेहनत ही है."उसका जवाब था। खेर साहब अंगूठी चैन उतार कर रख दी और क्वार्टर के टॉयलेट को चालू करवाने का उपक्रम शुरु किया।
दूसरी घटना और भी रोचक है। रात के अंधेर में शौच की इच्छा हुई। रात 2 बज रहे थे। जंगल में जाने का सवाल ही नहीं था। क्वार्टर एक टेकरी पर बना हुआ था। रात में क्वार्टर के पीछे लगभग सो सवासो मीटर उतर कर एक खडडा देखकर उसमे निपट कर आया। सुबह उठकर उस तरफ निगाह डाली तो वह खडडा तो कोई कब्र निकली। अब भयंकर टेंशन हो गया। हालांकि मुझे भूत प्रेत में बिलकुल भी विश्वास नहीं है पर आठ दस दिन तो बहुत तनाव रहा यह सोचकर कि कहीं मुझे भूत न लग जाए। क्योंकि लोगों का ऐसा विश्वास है कि ऐसी जगहों पर लघुशंका आदि करने से प्रेतात्मा आप पर हावी हो जाते है। लोगों को बताया। कुछ टोटके सुझाए। पर मैंने कुछ नहीं किया। इसी डर से घर में भी नहीं बताया कि कोई उपचार टोटका न बता दे। खेर काफी समय बाद यह भय दूर हुआ।
No comments:
Post a Comment