Friday, April 24, 2020

33.पदौन्नति पर कार्यग्रहण की रौचक दास्ताँ Padaunnati par karygrahan ki rauchak dasatan

33.पदौन्नति पर कार्यग्रहण की रौचक दास्ताँ Interesting story of Joining on Promotion 

               लोक सेवा आयोग से लिखित परीक्षा और इंटरव्यू के बाद व्याख्याता से RES में चयन हुआ और सेकेंडरी स्कूल के प्रधानाध्यापक पद पर  नियुक्ति हुई। नहीं चाहते हुए भी आखिर बहुत सोच विचार और मानसिक द्वन्द के बाद ज्वाइन करने का निर्णय लिया। आदिवासी क्षेत्र के सुदूर ग्राम जिसको की जिले का कालापानी माना जाता था वहां ज्वाइन करना था। 
              13 जुलाई ,1985 को प्रातः 5 बजे शहर से बस पकड़ कर 8 बजे एक कस्बे में पहुंचा। यहां से दूसरी बस पकड़नी थी। गाँव में जाने वाली उस बस को देखा तो टेंशन हो गया। ऐसी बस की तो कोई कल्पना भी नहीं कर सकता था। बस की खिड़कियों   के कांच नहीं थे ,उसकी जगह टाट के परदे लटक रहे थे। हलकी हलकी बारिश शुरू हो गई थी तो बस में जाकर बैठा। फटी हुई सीटें जिनमें से जगह जगह स्पंज झांक रहा था। धीरे धीरे वह बस ठसाठस भर गई। सवारियां छत पर भी चढ़ गयीं थी। मैं सोचने लगा क्या वाकई 38 साल हो गए हमको आजाद हुए और ये विकास हुआ?
             बस एक झटके के साथ रवाना हुई। बस का ऊपरी हिस्सा अर्थार्थ छत का हिस्सा चरमराहट की आवाज के साथ पीछे की और झुका लगा कि अभी टूट जाएगा। ब्रेक लगते तो यह हिस्सा आगे जाता। न्यूटन का पहला नियम यानी जड़त्व का नियम याने Law of Inertia याद आने लगा , कितना सटीक उदाहरण है ये बच्चों को नियम समझाने के लिए यह विचार कौंधा था।  बाद में इस उदाहरण को पढ़ाने के दौरान खूब मजे ले लेकर उपयोग में भी  लिया था। लगभग 2 घंटे में  27  किमी दूरी तय कर हिचकोले खाती , आगे पीछे झुकती , उछलती कूदती, शरीर की पूरी मशक्कत कराती हुई जंगल की रानी अपने गंतव्य पर पहुंची, जी हाँ बस का नाम था जंगल की रानी।
            चूँकि शनिवार था, वापस लौटने का विचार करके आया था इसलिए केवल एक बैग के अलावा कुछ नहीं था पास में। वह बेग हाथ में झुलाता  हुआ पूछता हुआ स्कूल की और बढ़ा।  स्कूल के रास्ते में स्कूल से कुछ ही पहले एक कुआ था। उसकी पक्की मुंडेर पर चॉक से बड़े बड़े अक्षरों में लिखा था ' स्कूल  का बाबू चोर है ". दिमाग में एक जोर का झटका लगा, ये क्या चक्कर है यार, क्या सबसे पहले इससे भिड़ना पड़ेगा ? 
            स्कूल में पहुंचे, अपना परिचय दिया, सारा स्टाफ एकत्र हो गया , 35 व्यक्तियों का स्टाफ था, एक दो जने खुसर पुसर कर रहे थे ये तो एकदम लड़का सा लग रहा है। हालांकि उम्र 35 हो चुकी थी पर दीखता कम ही उम्र का था। इस उम्र के कम ही लोग चयनित होते थे। तो  उनको आश्चर्य हो रहा था। वहां एक दो युवाओं को छोड़कर सभी 40 से ऊपर के शिक्षक लग रहे थे। 5 कमरों का स्कूल, 90 छात्र , मैं तो बड़ी बड़ी स्कूल में रह चूका था जहाँ एक एक सेक्शन में 60 छात्र होते थे  तथा  से 800 से 2500 तक छात्र होते थे।  अजीब सी कुंठा ने घेर लिया। विचार आया अभी जोइनिंग फाड़  दूँ और पुनः अपने शहर चला जाऊं। पर इस शर्म ने कि लोग मजाक बनाएंगे इस फूहड़ विचार को त्याग दिया। सबसे पहला आदेश चपरासी  को दिया कि जाकर कुए की दिवार पर लिखी बात को मिटा के आओ, उनके साथ एक युवा शिक्षक को भेजा। स्टाफ सम्बंधित बाबू की और देखकर हंसने लगा था। 
             खेर शाम को लौटते वक्त यही सोचता रहा कि हमें अभी विकसित होने में पचासों  साल और लगेंगे। सारे रास्ते यह सोचता रहा कि गलत निर्णय  है। पर अब पछताए क्या होत जब चिड़िया चुग गई खेत। 
           
          

No comments:

Post a Comment