3. सहपाठी क्यों परेशान था?Sahapathi kyon pareshan tha?
कक्षा पांचवी की बात है। मेरा एक सहपाठी था। उसके पिताजी सिनेमा घर में फिल्म प्रोजेक्टर ऑपरेट किया करते थे। उनके पास फिल्म स्ट्रिप्स निकलती रहती थी। फिल्म चलते चलते टूट जाती थी। पुनः सही करने में कुछ टुकड़े बच जाते थे। मेरा मित्र अक्सर फिल्मों की वही स्ट्रिप्स लाकर मुझे दिखाया करता था। बहुत ही प्रतिभाशाली था। कुछ दिन से वह परेशान रहने लगा। उसने फ़िल्म स्ट्रिप्स लाकर दिखाना बंद कर दिया। बीच बीच में स्कूल भी नहीं आता था। एक दिन मैंने उससे पूछा" तू आजकल फ़िल्म क्यों नहीं लाता है?" बहुत बार पूछा तो उसने जवाब नहीं दिया। मैने उसे आश्वासन देते हुए कहा,"देख तू डर मत, मेरे दादा(बड़े भाई का सम्बोधन) आठवी में पढ़ते हैं, अगर कोई कुछ कहेगा तो अपन उनको बुला लेंगे पर तू बता बात क्या है?" आखिर उसे हिम्मत बंधी और उसने जो कुछ बताया वह बात बहुत बाद में कॉलेज में आने पर अर्थात वयस्क होने पर समझ आई।
उसने बड़ी कक्षा के एक लड़के कालू का नाम लिया, मैं भी उस बदमाश लड़के को जानता था। उसने कहा कि कालू उसकी फिल्म छीन लेता था। उसे डराता था। उसे कहता था कि वह उसकी औरत बन जा। शुरू में उसे कुछ समझ नहीं आया कि इसका क्या मतलब था। एक दिन कालू उसे स्कूल से दूर नए बन रहे बाजार की अधबनी दुकान में ले गया। उसे अपने वस्त्र खोलने के लिए कहा और खुद भी ऐसा ही करने लगा। मेरे सहपाठी ने कालू का कहना नहीं माना, वह डर गया और वहां से भाग कर स्कूल आ गया। उसके बाद से कालू रोजाना उसको छेड़ता रहता था। कालू को कई बार मैंने भी अन्य बड़े लड़कों के सामने यह कहते सुना था कि वह लड़का उसकी औरत है। मैंने यह बात मेरे बड़े भाई को बताई, शायद वे इसका मतलब समझते थे। उन्होंने हमारे अध्यापक जी से बात की और कालू को भी धमकाया। कालू डर गया और उसने मेरे मित्र को छेड़ना बंद कर दिया।
मैं उस आयु में इतना ही समझ सका था कि कालू कोई गंदी बात करता था। बाद में मैं प्रकरण को समझ सका था। जब मैं शिक्षक बना तब एक स्कूल में ऐसी घटनाओं की जानकारी प्रिंसिपल साहब को लगी तो उन्होंने हमें पता करने के लिए कहा। काफी गोपनीयता के साथ पता करने पर लगभग 700 विद्यार्थियों में से 100 से अधिक विद्यर्थियों को इस गतिविधि में संलग्न पाया था और उनसे भविष्य में ऐसा न करने का प्रत्येक से व्यक्तिगत रूप सेअलग अलग लिखवा कर लिया था। उनको यह भी बता दिया था कि अगर उन्होंने कुछ किया तो यह लिखा हुआ कागज उनके पिताजी को बता दिया जाएगा। यहां हमने यह सावधानी रखी थी कि इस गतिविधि में संलग्न किसी भी विद्यार्थी को अन्यों के बारे में पता न चले। आज इस इनटरनेट के युग में विद्यालयों में क्या स्थिति होगी कह नहीं सकते। स्कूली शिक्षा के लिए इसको रोक पाना बड़ी चुनौती होगा। वर्ष2005 से 2006 के दौरान किशोरावस्था अथवा यौन शिक्षा सम्बन्धी प्रोजेक्ट में किशोरों के साथ उनकी समस्याओं पर पर चर्चा करते समय कई ऐसी बातों और उनकी भ्रांतियों, समस्याओं का पता चला था जिनमें से कुछ के बारे में कभी कल्पना भी नहीं की थी।
आवश्यकता इस बात की है प्रत्येक पैरेंट को अपने बच्चे अथवा किशोर के प्रति विशेष जागरूक होने की आवश्यकता है, यह अवश्य है कि विशेषकर किशोर आयु की संतानों के पेरेंट्स उस समय अपने कार्यकारी जीवन के सबसे अधिक व्यस्त पड़ाव में से गुजर रहे होते हैं, आपा धापी के इस युग में उनके पास बच्चों की तरफ ध्यान देने के समय का अभाव रहता है। शिक्षा को सर्वांगीण विकास का माध्यम माना जाता है पर किशोरावस्था का यह काल विद्यालयों में अछूता रहता है, वैसे कुछ वर्षों से इस पर चर्चा हो रही है पर अभी भी झिझक कायम है। मैं नहीं जानता मेरी इस बात को किस रूप में लिया जाएगा पर शिक्षा की इस चुनौती की और संकेत करने से अपने आप को न रोक सका।
अगला ब्लॉग - मास्टरजी ने थप्पड़ क्यों मारी ?
No comments:
Post a Comment