41. वह दुर्घटना जो कभी नहीं भूल सकता
वर्ष 2000 की बात है, राज्य स्तरीय संस्थान में एक शैक्षिक प्रायोजना में उप निदेशक के पद पर कार्यरत था। बहुत व्यस्त रहता था। चूँकि यह एक प्रोजेक्ट था जिसमे आये दिन नए काम करना होते थे , हर बार नई प्लानिंग, इम्प्लीमेंटेशन , रिव्यु , इवैल्यूएशन और मॉनिटरिंग की स्ट्रैटिजी बनानी होती थी। निरंतर ट्रेनिंग का आयोजन करना होता था। मेरे साथ 10 अधिकारी और थे। अधिकांश मेरे पूर्व परिचित थे , तीन तो मेरे क्लास फेलो और मित्र ही थे। उनसे काम लेना आसान नहीं होता था।
उन्हीं में से एक थे श्री जफ़र। श्री जफ़र को प्रायोजना में काम करते हुए छः सात साल हो गए थे। वह प्रोजेक्ट से हटना चाहते था। प्रायोजना के काम से सभी को महीने में 10 से 15 दिन तक टूर पर रहना होता था। टूर पर ये लोग सामान्यतः निजी वीडियो कोच से यात्रा करते थे। मैं उनसे कहा करता था कि जब रेल की सुविधा है तो उसका उपयोग किया करो पर वे अपने हिसाब से ही चलते थे। श्री जफ़र ने एक बार मुझसे राज्य की राजधानी जाने का अनुरोध किया, उन दिनों एक महत्वपूर्ण कार्य चल रहा था तो मैंने दो दिन बाद जाने की सलाह दी। पर उन्होंने एक दिन बाद ही जाने का निश्चय किया था। मैंने पूछा था कि क्यों जाना चाहते हो तो उन्होंने कहा बस आखिरी यात्रा पर जा रहा हूँ अपना ट्रांसफर कराने, इस बार स्थाई रूप से चला जाऊँगा। पता नहीं क्यों मैंने कहा था वीडियो कोच से मत जाना।
श्री जफ़र और एक और अधिकारी श्री अनिल ने निर्धारित दिन यात्रा पर जाने की स्वीकृति ले ली थी। मैं सो रहा था, रात को चार बजे फोन की घंटी बजी। इतनी रात को किसका फोन हो सकता है? सोचता हुआ चौंक कर उठा। फील्ड में कार्यरत हमारे एक कार्यकर्ता का फोन था। उसने बताया कि जिस वीडियो कोच में दोनों अधिकारी यात्रा कर रहे थे वह पलटी खा गया है, जिसमे श्री जफ़र गंभीर रूप से घायल हुए हैं। हम उनको लेकर एम्बुलेंस से शहर लौट रहे हैं। जिस जगह एक्सीडेंट हुआ था वह शहर से 3 घंटे की दुरी पर थी। मैं उसी हिसाब से हॉस्पिटल पहुँच गया था। मेरे पहुँचने के 10 -15 मिनट वह एम्बुलेंस आ गई थी। इमरजेंसी में लेकर गए, डॉक्टर्स ने उन्हें मृत घोषित कर दिया था। भयंकर शॉक लगा। सर चकराने लगा। 5 मिनट सामान्य होने में लगे।
बाद में श्री अनिल से बात हुई। उन्होंने सारी घटना की विस्तार से जानकारी दी। बताया कि हमें सरकारी बस में लास्ट में जगह मिल रही थी इसलिए जफ़र ने जोर देकर वीडियो कोच से यात्रा करने का कहा। वीडियो कोच में भी उन्होंने पूरी तरह से सुरक्षित सीट का चयन किया था। श्री अनिल को खिड़की के पास बैठाया और खुद अंदर वाली सीट पर बैठे। जब बस ने पलटी खाई तो एकमात्र उन्ही की डेथ हुई। सीट की साइड का हैंडल उनके फेफड़ों में घुस गया था। श्री अनिल खिड़की के बाहर उछाल से निकल गए थे। मैंने उनके समस्त क्लेम उनके परिवार को शीघ्रता से दिलवा दिए थे। निजी बस का क्लेम बहुत बाद में मिला था।
क्या अचेतन में मुझे ऐसी किसी दुर्घटना का आभास हो गया था जो मैंने उन्हें सचेत किया था ? क्या जिसकी मौत आई हो, कितनी भी सुरक्षा करो, वह होगी है ? उनके ये शब्द आज भी मेरे दिमाग में घूमते हैं बस आखिरी यात्रा पर जा रहा हूँ अपना ट्रांसफर कराने, इस बार स्थाई रूप से चला जाऊँगा।
No comments:
Post a Comment