5.क्या गुरूजी का छात्र से वह व्यवहार उचित था ? kya guruji ka chhatr se wah wyawhaar uchit tha?
आठवीं कक्षा की बात है। कक्षा में कई बड़े बड़े सहपाठी थे ,कद काठी में भी और उम्र में भी। इतने बड़े थे कि मुझे जो कि उनके सामने बहुत ही छोटा था उसे वे बैठे बैठे ही गोद में उठाकर इधर से उधर बैठा देते थे। वर्ष 1962 की बात है, उस जमाने में बड़ी उम्र के बच्चे होना सामान्य बात थी। एक कारण तो यह था कि आम जन के परिवारों में कइयों की पहली पीढ़ी पढ़ रही थी, दूसरा कारण यह था कि परीक्षा में फ़ैल अधिक होते थे। लेकिन एक विशेष कारण और था और वह था बच्चों को जान बुझ कर कक्षा में रोके रखना , और वे ख़ुशी ख़ुशी उसी कक्षा में तीन तीन ,चार चार साल तक पढ़ने को तैयार रहते थे, उनके दर्शन विद्यालय में कभी कभी ही होते थे, पर जिस दिन वे आते पूरे ग्रुप में एक साथ, जिस दिन वे आते कक्षा में बहुत उधम करते थे शिक्षक परेशान हो जाते। तो फिर उनको जान बुझ कर विद्यालय में प्रवेश क्यों दिया जाता था ? कारण विचित्र भी है और रौचक भी। टूर्नामेंट में खेलने हेतु अच्छे अनुभवी खिलाडी उपलब्ध रहे बस यही उनके विद्यालय में रहने का कारण था। वे सिर्फ टीम में शामिल करने के लिए होते थे। तो एक दिन वह ग्रुप आया हुआ था, अध्यापक जी उस ग्रुप से परेशान थे, अध्यापक जी गुस्से में थे पर उस ग्रुप पर उनका बस नहीं चल रहा था। उस ग्रुप से अलग एक अच्छी कद काठी और बड़ी उम्र का छात्र और था। वह दिमागी रूप से कमजोर था, वो शायद मानसिक रूप से retarted था। वह भी अन्यों के साथ उधम कर रहा था। वो केवल उनकी नक़ल कर रहा था, समझ नहीं थी उसको, मानसिक रूप से कमजोर होना उसके हाथ में नहीं था, परन्तु अध्यापक जी ने अपना गुस्सा कह दो, बल्कि फ़्रस्ट्रेशन कहना उचित होगा उसे उस विद्यार्थी पर निकाला।
अध्यापक जी उसे दीवार के पास ले गए, उसके बाल पकड़ कर उसके सर को कई बार दीवार पर ठोका। शैतान ग्रुप तालियां बजा रहा था सीटियां बजा रहा था। मुझे उस लड़के पर बहुत दया आ रही थी। वैसे बहुत सीधा लड़का था, उसका दिमाग काम नहीं करता था। भला उसको क्यों मार रहे थे? मैं सोच रहा था इसका दिमाग पहले ही कमजोर था इससे उसका दिमाग और कमजोर नहीं हो जाएगा ? क्या वह पागल नहीं हो जाएगा ?बदमाश लड़कों को अध्यापक जी कुछ क्यों नहीं कहते ? मुझे आज भी वह दृश्य याद आ जाता है और मैं सोच में पड़ जाता हूँ। क्या उन अध्यापक जी का वह व्यवहार उचित था ? वैसे बता दूँ वे अध्यापक जी वही अध्यापक जी थे जिनके हाथ से मैंने अपनी जिंदगी की पहली थप्पड़ का स्वाद चखा था।
अगले ब्लॉग में :
6.क्या नौवीं कक्षा में प्रवेश के समय नए विद्यालय के प्रशासन का वह निर्णय उचित था ?Kya Nauvi kaksha me prawesh ke samay naye vidyalay ke prasahasan ka wah nirnay uchit tha?
No comments:
Post a Comment