Monday, November 25, 2019

7.अध्यापक जी जिन्हे मैं आज भी क्यों नापसंद करता हूँ ? Adhyapak ji jinhe main aaj bhi napasand karta hun?

7.अध्यापक जी जिन्हे मैं आज भी क्यों नापसंद करता हूँ ? Adhyapak ji jinhe main aaj bhi kyon napasand karta hun?  

       मैंने ब्लॉग 6 में कक्षा 9 के अध्यापक जी की बात करी थी।  चूँकि हमारी कक्षा के 30 छात्रों में से 20 अनुतीर्ण छात्र थे और वो भी शैतान किस्म के, कोई भी अच्छे शिक्षक हमारी कक्षा में पढ़ाने से कतराते थे। अतः एक ही शिक्षक को 6  विषय के अध्यापन का काम सौंप दिया गया। सभी महत्वपूर्ण विषय वे पढ़ाते थे। कक्षा में प्रथम पीरियड में आते और छठे पीरियड तक रहते थे। प्रथम कालांश एवं छठे  कालांश का आधा समय तो अटेंडेंस लेने में व्यतीत कर देते थे। धीरे धीरे एक एक नाम पुकारते , कुछ लड़कों से बातचीत करते, कुछ का मजाक बनाते और समय व्यतीत करते थे। अटेंडेंस लेने के बाद किसी एक छात्र को चाकस्टिक लेने भेज देते,चाक आती तब तक इधर उधर की बातें करते। शैतान बच्चे उन्हें छेड़ते रहते थे पर उनको कुछ भी कहने की हिम्मत उनकी नहीं होती थी।
      फिजिक्स के पीरियड में स्पेसिफिक हीट से संबंधित एक सूत्र MST=MST लिख देते और सम्बंधित न्यूमेरिकल प्रश्न दे देते। कुछ बच्चे करते कुछ नहीं करते, फिजिक्स में इतना ही मुझे याद है जो शायद उन्होंने पढ़ाया था या फिर पहले एक मांह में दूसरे अध्यापक जी द्वारा पढाई गई सामग्री याद थी। केमिस्ट्री में रासायनिक सूत्र निकालने का प्रश्न देते थे, C = 12, O =16 , N=14, H=1 आदि लिख देते और अणु भार निकालने के लिए दे देते थे। गणित में क्वाड्रेटिक इक्वेशन हल करने के लिए दे देते थे।  दरअसल यही मुझे याद है जो उन्होंने पढ़ाया था। ये उनके शिक्षण की एक झलक है।
         प्रश्न देने के बाद वो अपना अध्ययन करने बैठ जाते थे। छात्र कब क्या कर  रहे हैं उनका ध्यान नहीं होता था। ऐसे में शैतान लड़के अपनी हरकतों से बाज नहीं आते थे। मेरे पीछे एक शैतान लड़का बैठता था। मार पीट करने में बहुत आगे था, दादा टाइप का लड़का था। एक दिन उसने चुपके से जाकर अध्यापकजी के पीछे ब्लैकबोर्ड पर उनका निक नाम जो कि छात्रों न रखा हुआ था लिख दिया।  सारी कक्षा जोर से हँस पड़ी। अध्यापकजी का ध्यान भंग हुआ। 
        " क्यों हँस रहे हो ?" शैतान लड़के ने जो कि वापस आ कर अपनी सीट पर बैठ गया था उसने ब्लैक बोर्ड की और संकेत किया ? उधर देखते ही उनका पारा चढ़ गया। "किसने लिखा "? सब चुप और गंभीर। पर मैं मुस्कुरा रहा था। मुझे उन्होंने खड़ा होने और जवाब देने के लिए कहा। दादा किस्म का लड़का मुझे फेंट(अँगुलियों में पहनने का एक लोहे का अस्त्र ) दिखाकर डरा रहा था। खुली  धमकी थी कि नाम लिया तो खैर नहीं। मैं डर गया , चुपचाप खड़ा रहा।
         अध्यापक जी उठकर मेरे पास आये, उन्होंने उस लड़के को अपने पीछे से निकल कर आते देख लिया था पर उसको कुछ कहने की हिम्मत उनमें  नहीं थी , मेरे पास आते से ही एक थप्पड़ उन्होंने जड़ दी।  " इसमें हंसने की क्या बात है? ". मैं कैसे कहता कि लड़कों ने आपका नाम ही हँसने जैसा रखा है। मेरी जिंदगी का यह तीसरा थप्पड़ था। मुझे गुस्सा आ रहा था, बेवजह मुझे मार पड़ी थी, पर कक्षा में सबसे छोटा होने से उन्होंने मुझे ही अपना फ़्रस्ट्रेशन निकालने के लिए टार्गेट बनाया था। बाद में व्याख्याता  बन कर मैं उसी विद्यालय में आया था, वह महाशय अभी भी उसी विद्यालय में थे, चूँकि मैं सीनियर व्याख्याता था अतः मुझे टाइम टेबल का इंचार्ज बनाया गया। बदला कहो या मेरा फ़्रस्ट्रेशन, जब भी कोई शिक्षक अवकाश पर होता उसके रिक्त कालांशों में उन अध्यापक जी को भेज देता था। अब भला ऐसे शिक्षक को जिसके शिक्षण से मेरा भविष्य बदल गया , जिसने  अनावश्यक मुझे थप्पड़ मारा, मैं उसे कैसे माफ़ कर सकता था। हालाँकि एक विद्यालय में बाद में जहाँ मैं प्रिंसिपल था वहां उन अध्यापक जी की पुत्री मेरे स्टाफ में थी।  उसको मैंने भरपूर सहयोग दिया था। मेरे मन में उसके प्रति सदैव अच्छे भाव रहे।
          अगले ब्लॉग में विद्यालय के अनुशासनप्रिय प्रिंसिपल सर।  

No comments:

Post a Comment