6.क्या नौवीं कक्षा में प्रवेश के समय नए विद्यालय के प्रशासन का वह निर्णय उचित था ?Kya Nauvi kaksha me prawesh ke samay naye vidyalay ke prashasan ka wah nirnay uchit tha?
मुझे मिडिल स्कूल से उच्च विद्यालय में प्रवेश लेना था। किस विद्यालय में प्रवेश लिया जाए और क्या विषय लिए जाएं इसका निर्णय मुझे ही करना था, घर में कोई गाइड करने वाला नहीं था। वर्ष 1962 की बात है, उस समय फैकल्टी का चयन नवीं कक्षा में ही करना होता था। कोई गाइड करने वाला नहीं था। उस समय शहर में तीन सरकारी विद्यालय थे, दो हाई स्कूल और एक हायर सेकेंडरी स्कूल। गणित विषय में सदैव 100 % अंक आते थे। अतः मुझे साइंस और गणित विषयों से विशेष लगाव था इसलिए साइंस फैकल्टी में जाना निश्चित किया पर विद्यालय का निर्णय अध्यापकों के मार्गदर्शन के अनुसार किया। घर से दो किलोमीटर दूर स्थित विद्यालय का चयन किया जबकि अन्य दोनों विद्यालय अपेक्षाकृत पास में थे।
चूँकि विद्यालय का अच्छा नाम था उसमें विज्ञान संकाय में प्रवेश के लिए प्रथम श्रेणी में उत्तीर्ण होना अनिवार्य था। यह कोई टेंशन नहीं था क्योंकि मैं एक नामवर सरकारी मिडिल स्कूल का टॉपर था। प्रथम श्रेणी में लगभग 10 विद्यार्थी लिए गए। कक्षा नाइन्थ ए आवंटित हुई। पहले दिन से ही पढाई में मजा आने लगा। फिजिक्स, केमिस्ट्री और गणित विषय के अध्यापक जी बहुत ही अच्छे थे। एक दिन पता चला कि कक्षा में विद्यार्थियों को एक सेक्शन से दूसरे सेक्शन में भेजा जा रहा है। हमारे सेक्शन में हम नए 10 छात्रों को छोड़कर 20 ऐसे छात्रों को बदला गया। नए आने वाले 20 छात्र वो थे जो अन्य दो सेक्शन के अनुतीर्ण हुए थे। प्रशासन ने यह सोचकर कि हम 10 प्रतिभाशाली छात्र उन शैतान छात्रों के साथ रहकर भी अच्छे से पढ़ लेंगे यह निर्णय किया था। पर प्रशासन का यह निर्णय हमारे भविष्य के लिए टर्निंग पॉइंट सिद्ध हुआ। कुछ अच्छे बच्चों ने सेक्शन बदलवा लिया। पर मैं तो समझता ही नहीं था।
इतने सारे शैतान लड़कों के कारण कोई भी अच्छे शिक्षक क्लास लेने को तैयार नहीं हुए। फिर ऐसे शिक्षक लगाए गए जिनकी छवि अच्छी नहीं थी। पहले पीरियड से छठे पीरियड तक एक ही अध्यापक जी आते थे। वे फिजिक्स, केमिस्ट्री, ऑप्शनल मैथ्स, कम्पलसरी मैथ्स, कम्पलसरी विज्ञान और सामाजिक शास्त्र विषय पढ़ाते थे, क्या पढ़ाते थे पता नहीं, पर आज तक मैं यह सोच सोचकर हैरान रहता हूँ कि उस समय के सिलेबस को देखते हुए मैं पास कैसे हुआ था, मुझे तो कुछ आता ही नहीं था। शायद शुरू के एक महीने की अच्छी पढाई के कारण ही पास हुआ । वह हायर सेकेंडरी का तीन वर्षीय कोर्स था परीक्षा कक्षा ग्यारह में होनी थी, परीक्षा में तीन साल का कंटेंट आता था। कक्षा नवीं की यह कमजोरी आखिरी पढाई तक परेशान करती रही।
प्रश्न यह है कि क्या स्कूल प्रशासन का वह निर्णय उचित था? क्या वह 10 प्रतिभाशाली बच्चों के भविष्य के साथ घातक प्रयोग नहीं था? क्या उनका भविष्य परिवर्तित नहीं हुआ होगा ? पेरेंट्स को भी इस बात के लिए जागरूक होने की आवश्यकता है, विद्यालय कैसा है, उसका प्रशासन कैसा है, कैसी कक्षा है, सहपाठियों का क्या स्तर है, उनका बैक ग्राउंड क्या है आदि सब देखा जाना चाहिए, अब तो संतानें भी एक या दो होती हैं अतः उनका ख्याल किया ही जा सकता है।
अगले ब्लॉग में उन अध्यापक जी के बारे में।
No comments:
Post a Comment