11. कॉलेज की प्रथम क्लास का कटु अनुभव ! college ki pratham class ka katu anubhaw!
1965 में हायर सेकेंडरी उत्तीर्ण की और कॉलेज में एडमिशन का टेंशन शुरू हुआ। चूँकि रॉयल डिवीज़न अर्थात थर्ड डिवीजन में परीक्षा पास की थी तो सरकारी कॉलेज में एडमिशन का चक्कर पड़ना ही था। सरकारी कॉलेज में प्रवेश के लिए मिनिमम 48 प्रतिशत अंक चाहिए थे और मेरे लगभग 47 प्रतिशत अंक ही आये थे इसलिए उस कॉलेज का एडमिशन फॉर्म भी नहीं मिला। उसके अलावा एक ही निजी कॉलेज था जहाँ विज्ञान संकाय 2 साल पूर्व प्रारम्भ किया गया था। हालांकि फीस अधिक थी पर पिताजी ने प्रवेश की अनुमति यह सुनाते हुए दी थी कि यदि पढाई ढंग से की होती तो महंगे प्राइवेट कॉलेज में एडमिशन नहीं लेना पड़ता। तो साहब एडमिशन के टेंशन से निकले तो कॉलेज का सीनियर लड़कों का रैगिंग का डर। पर रैगिंग ज्यादा नहीं हुई क्योंकि पर्सनलिटी अच्छी थी, कक्षा 9 का प्रार्थना की पंक्ति में सबसे आगे खड़ा होने वाला छोटा लड़का कक्षा 11 में आते आते सबसे पीछे खड़े होने वाला स्कूल का सबसे लम्बा लड़का हो गया था।
एडमिशन के आठ दस दिन बाद क्लास लगना शुरू हुई। क्लास का पहला दिन, पहला पीरियड गणित का, क्लास में और साथी शोरगुल कर रहे थे। रिपीटर्स भी काफी थे। मैं आगे ही आगे बैठा था। मेरे पास में हायर सेकंडरी का मेरा एक मित्र शैलेश जिसकी की साइकिल पर बैठ कर मैं कॉलेज आता था वो बैठा था।(मेरे पास साइकिल नहीं थी) हमारे पीछे दिनेश उधम कर रहा था। उसने कक्षा में पड़ी झाड़ू उठाई और जोर से हमारे साइड में बैठे एक लड़के पर फेंकी। हम दोनों और वह लड़का एक दम से झुक गए। झाड़ू मिसाइल की तरह कमरे के दरवाजे पर उसमें कदम रख चुके गणित विषय के प्राध्यापक महोदय के सीने पर पड़ी। गणित के सर आग बबूला होते हुए कक्षा में प्रवेश हुए। पहले तो हम नए विद्द्यार्थी उनको स्टूडेंट ही समझे थे पर जब वे क्रोधित हुए और दिनेश वगैरह दुबक गए तब समझ में आया कि ये तो सर हैं। उनके हाथ में हाजिरी रजिस्टर था। गुस्से से उसे टेबल पर पटका और हमारी तरफ देखते हुए पूछा किसने की यह हरकत। सब चुप। सर ने मुझे और शैलेश को खड़ा किया और ये जानते हुए भी कि दिनेश की हरकत है उन्होंने हमें 7 दिन तक कक्षा में न आने का सस्पेंशन आदेश सुना दिया। हमने बहुत निवेदन किया पर उन्होंने एक न सुनी।
हम दोनों कक्षा के बाहर आ गए और आगे की स्ट्रेटेजी क्या हो उस पर विचार विमर्श करते रहे। उनका पीरियड ख़त्म होने के बाद अगले पीरियड में कक्षा में जा सके। दिनेश हमारे पास आया। उसने कहा डरो मत कुछ न होगा, तुम लोग अलग से मिलकर रिक्वेस्ट कर देना मान जाएंगे, अभी एक साल ही हुआ है इनको लेक्चरर बने हुए। हमने उसकी सलाह के अनुसार अकेले में मिलने का सोचा। सारे पीरियड हो जाने के बाद हम सर का कॉलेज में ही इंतजार करते रहे। फिर हमने सोचा यहाँ तो और भी लोग रहेंगे तो कहीं और जाकर बात करते है। हम कॉलेज से निकल कर एक रेस्ट्रॉ के सामने खड़े हो गए। ध्यान रखने के बावजूद सर हमारे सामने से साइकिल पर गुजरते दिखे। मैं एकदम से शैलेश की साइकिल पर बैठा, शैलेश ने घबराहट में तेजी से साइकिल दौड़ाकर एकदम से सर की साइकिल के आगे रोक दी, सर हड़बड़ाकर हमसे टकराते टकराते बचे। वे हमें देखकर घबरा गए। उनका वह डर हमसे न छुप सका, हम गए तो हाथ जोड़कर माफ़ी मांगने, पर अब दृश्य दूसरा था। हम ने तेज आवाज में उनसे बात की। धमकाया। इतने में सामने से अन्य प्राध्यापक आते हुए दिखाई दिए। हम खिसक लिए।
दूसरे दिन हम क्लास में जाकर बैठ गए , सर आए , हाजिरी ली, हमारा नाम आने पर भी कुछ न बोले। पीछे से दिनेश शैतान बोला, तुमको 7 दिन के लिए निकाला हुआ है, इस पर भी सर कुछ न बोले। खैर हम नियमित क्लास अटेंड करते रहे। लेकिन इस घटना का सहपाठियों पर तगड़ा प्रभाव पड़ा, हमारा बिना बात ही पहले दिन से ही रुतबा जम गया।
मैं सोचता हूँ क्या किसी शिक्षक को बिना सामने वाले की बात सुने सजा दे देना चाहिए? पहले ही दिन का यह अनुभव ऐसा था कि रातभर नींद नहीं आयी, यह सोच कर कि घर वालों को पता लगा तो क्या होगा , शुरू की 7 दिन की पढाई छूटने का कितना नुकसान होगा। यह भी एक विचार आता है कि क्या शिक्षक को ऐसे डर जाना चाहिए ?
अगला ब्लॉग 12. सहपाठी की संगत का असर !
No comments:
Post a Comment