Sunday, November 3, 2019

1. kyon badla gaya mera sabse pahle wala vidyalay ?क्यों बदला गया मेरा सबसे पहले वाला विद्यालय ?

1. क्यों बदला गया मेरा सबसे पहले वाला विद्यालय  ?

         1965 में हायर सेकेंडरी की परीक्षा पास करने के उपरान्त कॉलेज में प्रवेश लिया। विज्ञान का विद्यार्थी होने के कारण शिक्षा का माध्यम अंग्रेजी था। उस समय विज्ञान की पढाई हिंदी माध्यम में नहीं होती थी। हायर सैकण्डरी में हमारा माध्यम तो हिंदी था पर फिजिक्स, केमिस्ट्री, और मैथ्स की पुस्तकें अंग्रेजी में ही थीं। बहुत कठिनाई होती थी पढ़ने में, पुस्तकें अंग्रेजी की और लिखना होता था हिंदी में। कॉलेज में आने के बाद हम हिंदी माध्यम के विद्यार्थियों को अंग्रेजी माध्यम में पढ़ना काफी मुश्किल लगता था। अंग्रेजी माध्यम के स्कूलों से आए सहपाठी हमसे आगे चल रहे थे। उन्हें देख कर हीन भावना आ जाती थी। अधिकांश समय मन में यह हीन भावना और परेशानी रहती थी।
        एक दिन साथ में खाना खाते समय ऐसे ही बातों बातों में पिताजी द्वारा पूछा गया कि पढाई कैसी चल रही है, काफी परेशान लग रहा है  तो मैंने कहा पढाई तो ठीक चल रही है पर अंग्रेजी माध्यम होने से समझने में दिक्कत हो रही है। मैंने साथ में यह भी पूछ लिया कि आपने हम लोगों को अंग्रेजी माध्यम के विद्यालयों में क्यों नहीं भर्ती कराया। पिताजी ने बताया कि इसके पीछे दो कारण हैं।  पहला तो यह कि अंग्रेजी माध्यम का एक ही विद्यालय था जिसकी फीस बहुत अधिक थी, सरकारी विद्यालयों में अंग्रेजी माध्यम था नहीं, दूसरा कारण उनके लिए अधिक महत्वपूर्ण था। उन्होंने बताया कि उनके द्वारा मुझे शहर के एक नामवर स्कूल की मोंटेसरी कक्षा में भर्ती कराया गया था। जैसा कि पिताजी बताते थे मैं अच्छे से सीख रहा था। दो तीन माह बीतने पर एक दिन हमें पिकनिक पर ले जाया गया। पिताजी ने बताया था कि जब मैं लौट कर आया तो उन्होंने मेरे से पिकनिक के बारे में पूछा। मैंने बड़े उत्साह से उन्हें बताया था कि हम कहाँ गए थे ,क्या खाया, क्या पिया, कौन कौन से खेल खेले आदि। पिताजी ने मुझसे पूछा था कि तुम्हारे स्कूल से तो वह बगीचा दूर है, इतनी दूर पैदल ले गए थे क्या ? उनके द्वारा यह पूछते ही मैं एकदम से उत्साहित होकर बताने लगा था।
          पिताजी के अनुसार मैंने बताया था कि एक पीले रंग की बस में हमें लेकर गए थे। पर वह बस रास्ते में बंद हो गई थी। बस को स्टार्ट करने के लिए बस के कंडक्टर द्वारा बहुत बार चाबी घुमाई गई पर वह स्टार्ट ही नहीं हुई। (छठे दसक में बस या ट्रक आदि को एक जेड आकार की लोहे की बड़ी छड़ के एक सिरे को इंजन में फंसा कर दूसरे सिरे को पकड़ कर जोर से घुमाना होता था, उसे चाबी कहा जाता था, बैटरी चालित स्टार्टर नहीं होता था ) ड्राइवर साहब  ने कहा था कि तुम सब लोग हाथ जोड़कर  अपने अपने भगवान का नाम लो, हमने सबने ऐसा ही किया फिर भी बस स्टार्ट नहीं हुई। फिर उन्होंने अलग अलग भगवान के नाम लिवाए  फिर भी बस नहीं चली। फिर ड्राइवर साहब ने कहा सब बच्चे मैं कहूं वैसे हाथ रखें और फिर मैं बोलता हूं उन्ही भगवान का नाम लें। हमने वैसा ही किया और बस  एक बार चाबी घुमाने से ही स्टार्ट हो गई। कंडक्टर ने सिर्फ इतना कहा देखा हमारे भगवान का कमाल। पिताजी ने  बताया था कि वही दिन उस स्कूल में मेरा आखिरी दिन था।
        जिस दिन पिताजी ने मुझे यह घटना सुनाई थी उस दिन भी मुझे उसकी कुछ कुछ याद थी, लम्बे मुंह वाली पीली बस, लकड़ी के पटिए वाली बेंचनुमा सीटें, कंडक्टर  द्वारा बार-बार चाबी घुमाना आदि कहीं न कहीं मेरी स्मृति में अंकित थे। पिताजी की मान्यता थी कि इस तरह तो मैं अपने धर्म से विमुख हो जाता इसलिए उन्होंने वह विद्यालय छुड़वा दिया था।
        मैं सोचता हूँ क्या विद्यालय को इस प्रकार से धर्म परिवर्तन का माध्यम बनाया जाना चाहिए, क्या बाल मन को प्रभावित करने के लिए ऐसे ओछे हथकंडे न्यायोचित ठहराए जा सकते हैं ? क्या शिक्षा को इस प्रकार की गतिविधियों से मुक्त किया जाना चाहिए? क्या अच्छी शिक्षा मातृ भाषा में नहीं हो सकती ? डॉ एस एन बोस, जो आइंस्टीन के साथ काम कर चुके थे, जिनके नाम पर बोसोन कण हैं, उन्होंने कहा था यदि विज्ञान का सही विकास चाहते हैं तो  विज्ञान की शिक्षा मातृ भाषा में होनी चाहिए।
         अगले ब्लॉग में पढियेगा क्यों जन्म तिथि गलत दर्ज हुई ?

2 comments:

  1. अच्छा लेख है, इससे हमें पता चलेगा कि हमारे बड़ों ने किस तरह की चुनौतियों का सामना किया, और उस समय की परिस्थितियों को जानने समझने का अवसर मिलेगा!

    ReplyDelete