29 मानो या न मानो, बद्दुआ का असर होता ही है ! Believe it or not, Evil wishes have bed effect
1973 की बात है। श्री कल्ला मेरे स्कूल में प्रिंसिपल रह चुके थे। मेरे वहां ज्वाइन करने से 2 माह पहले ही उनका ट्रांसफर हुआ था। लेकिन चूँकि रिटायरमेंट के 2 साल ही बाकी थे वे वहां से जाना नहीं चाहते थे। उनको उस स्कूल से बहुत लगाव था। सरल प्रकृति के ईंमानदार व्यक्ति श्री कल्ला ने अपने स्वयं के 10000 रुपयों से स्कूल में 2 कमरों का निर्माण कराया था। उस समय ये बहुत बड़ी रकम थी। उन्होंने अपना ट्रांसफर कैंसिल करवा लिया। परन्तु शिक्षकों के र गुट ने उन्हें ट्रांसफर पर जाने के लिया मजबूर किया। जुलाई माह में रेगिस्तान की तपती रेत पर गिरा कर उस गुट के ख़ास गुंडे किस्म के लड़कों से पिटवाया गया। कोई शिक्षक उस गुट के डर से उन्हें बचाने नहीं गया। उन्हें जूतों की माला पहना. काला मुंह कर एवं गधे पर बैठा कर विदा किया गया था उनका अपराध यह था कि एक पीटीआई के फर्जी यात्रा बिलों का भुगतान करने से मना कर दिया था। उनके स्थान पर तत्कालीन प्रिंसिपल श्री गर्ग आये थे। एक साथ मोर्चा न खोल कर श्री गर्ग ने तीन साल में धीरे धीरे कर के साम, दाम,दंड, भेद की नीति का उपयोग कर उन ग्रुप को छिन्न भिन्न कर दिया था।
परन्तु श्री कल्ला की बद्दुआओं का असर बाद में देखने को मिला। जिसको हम सबने अनुभव किया। इस र गुट में चार टीचर्स प्रमुख थे। एक शिक्षक जो हमारे विद्यालय में उस समय भी था उसे दहेज़ के झूंटे आरोप में जेल हो गई। जेल के दौरान उसकी दोनों किडनी फ़ैल हो गई, अस्पताल में हम उससे मिलने गए तो वह फूट फूट कर रोने लगा, उसके मुंह से निकलने वाले शब्द थे मुझे कल्ला साहब के साथ बदसलूकी की सजा मिली है। कुछ दिनों बाद उसकी डेथ हो गई।
दूसरा जिस पीटीआई की वजह से छात्रों द्वारा श्री कल्ला जी की पिटाई की गई थी उसके साथ तो बहुत ही बुरा हुआ। उसका ट्रांसफर हमारे यहाँ से हो चूका था। वह पास ही के गाँव में था। एक दिन वह ऊँट पर बैठा हुआ बाजार से गुजर रहा था। मार्ग में कुछ लड़कों ने ऊंट की नकेल खींच कर उसको भड़का दिया। ऊंट ने उस शिक्षक को गिरा दिया। जिस जगह गिरा उसी जगह पर एक फ्रूट जूस की दुकान थी। लड़कों ने फलों के खोके के पटिये निकाल कर उनसे उसे पीटना चालु कर दिया। वह बचने के लिए दुकान पर ग्राहको के बैठने के रखी बेंच के नीचे घुस गया। लड़कों ने उसके पैरों को ही निशाना बना लिया। जो सबसे चौकाने वाली बात थी वह यह थी कि वे लड़के उसके वे ही खास लड़के थे जिन्होंने श्री कल्ला की पिटाई की थी। लोगों ने बचाया। पर तब तक पावों में काफी घाव हो गए थे। वह अस्पताल में भर्ती हुआ। गैगरिन हो गया था दोनों पैर जांघों के यहाँ से काट दिए गए थे। हमें जब पता चला तो हाल चाल पूछने गए तो उसके मुंह से जो शब्द निकले वह थे, " मैं अपनी करनी का फल भुगत रहा हूँ। "
तीसरा शिक्षक साइकिल पर स्कूल से घर जा रहा था उसको ट्रक ने टक्कर मार दी। उसकी रीढ़ की हड्डी में चोट लगने से वह लकवाग्रस्त हो गया। चौथा शिक्षक जो हमारे स्कूल में ही था वह पागल सा हो गया था। वह अक्सर तीनों मौतों के लिए खुद को जिम्मेदार मानता था, वह कहता था वह चाहता तो सज्जन व्यक्ति श्री कल्ला के साथ हुए घटनाक्रम को रोक सकता था पर वह मूक दर्शक बना रहा इसलिए वह घटना हुई और श्री कल्ला जैसे धार्मिक व्यक्ति की बददुआ नहीं लगती। लेकिन इस सबसे बड़ी बात, कल्ला साहब ने टक्कर में घायल शिक्षक की आर्थिक मदद की, दोनों पांव कटने से विकलांग शिक्षक के घर जाकर हर संभव मदद का आश्वासन दिया।
कुल मिलाकर मैं तो इसी निष्कर्ष पर पहुंचा कि सरल, साधू प्रकृति के इंसान को यदि बेवजह कष्ट पहुँचाया जाएगा तो उसका फल इसी जन्म में भुगतना ही पड़ेगा। मेरी तो यह भी मान्यता है कि यदि आपने कोई अच्छे कर्म किये हैं तो उसका सुफल मिलेगा और बुरे कर्म किये हैं तो उसे भुगतना ही पड़ेगा। यहाँ जोड़ बाकी नहीं होती, अच्छे कर्म करने से बुरे कर्म समाप्त नहीं होते। बस यह जरूर है कि मन को कुछ शांति मिल जाती है। लेकिन अंत में यदि बद्दुआओं का असर होता है तो क्या दुआओं का असर नहीं होगा ? अवश्य होता है।
Excellent read and good learning. One should follow ethics & Morales, Karma pays either ways
ReplyDelete