Tuesday, December 31, 2019

25. परीक्षार्थी के व्यवहार पर मेरा गुस्सा Behavior of Student and My Anger

25. परीक्षार्थी के  व्यवहार पर मेरा गुस्सा Behavior of Student and My Anger   

                                                 (मुझे छात्र ने दिखाया चाकू )
 1974 की बोर्ड की परीक्षाएं चल रही थीं। मुझे परीक्षा कक्ष में वीक्षक(Invigilator) बना कर भेजा गया। मेरी फाइल में रूम नंबर 6 अंकित था। परन्तु वह 9 भी दिख रहा था। मेरी कठोर व्यक्ति की छवि थी। कई बार छात्रों की धमकियाँ भी मिलती थी। मैं कक्ष 6 से कुछ आगे निकल गया। छात्र ख़ुशी में तालियां बजाने लगे पर मुझे ध्यान आया और मैं पुनः लोटा, बच्चे निराश हो गए। मैंने कक्ष में प्रवेश किया। उसमें एक प्राइवेट परीक्षार्थी भी था। उसे मैंने पहले कभी नहीं देखा था। मैंने सभी से कोई भी कारतूस (नकल की पर्चियों को कहा जाता था ) हो तो मुझे पहले ही दे दो वरना  मैं बाद में छोडूंगा नहीं। कुछ ने पर्ची दे दी।
           पेपर्स वितरित कर दिए थे। एक छात्र जो कि सामान्य से अधिक आयु का दिख रहा था, ने मेरे सामने एक छोटा चाक़ू निकाल कर उस पेपर के साथ टेबल  पर गाड़ दिया। मुझे भयंकर क्रोध आया और उसका चाकू टेबल  में से निकाल कर उसे दिखाते हुए मैं बोला, " पिछवाड़े (असल शब्द कुछ और काम में लिया था जिसका उल्लेख करना शोभनीय नहीं ) में घुसेड़ कर आंतड़ियाँ बाहर निकाल दूंगा। " वह चाकू मैंने बंद कर अपनी जेब में रख दिया। दूसरे सारे लड़के सन्न रह गए थे। उस लड़के ने भी कोई जवाब नहीं दिया। पूरी परीक्षा में उसने कॉपी में कुछ नहीं लिखा। बीच बीच में वह बाहर निकल कर मेरी अनुमति से वरामदे में टहलता हुआ सिगरेटें फूंकता रहा, भयंकर तनाव में रहा, तनाव मुझे भी था कि परीक्षा के बाद वह क्या करेगा। बाद में पता चला कि वह प्रिंसिपल साहब का साला था। 
         कक्ष की दिवार के पास दो छात्र एक दूसरे की कॉपी में झांके बिना रुक नहीं रहे थे तो मैं उन दोनों के बीच में दिवार का सहारा लेकर खड़ा हो गया। चूँकि घूमना बंद कर दिया था तो एक छात्र ने मौका ताड़कर एक कागज़ निकाल कॉपी में रख लिया था। मुझे शक हो गया, मैंने उसे पकड़ा। उसका केस बनाने लगे। प्रिंसिपल साहब आये और उसे धमका  कर छोड़ दिया। मैं बाद में सोचता रहा कि डाट डपट कर तो मैं भी छोड़ सकता था, प्रिंसिपल साहब तो भले बन गए और मैं बुरा। उस दिन के बाद मैंने सीख ले ली कि आइंदा से अहसान ही करना है तो खुद ही करो, जो चीज खुद के हाथ में है उसका मौका दूसरे को क्यों दो। पूरे सेवाकाल में मैंने  इसे अपना फार्मूला बना लिया चाहे शिक्षक रहा या अधिकारी, मैं इसी फॉर्मूले पर चला। 
         जब पूरी  परीक्षा समाप्त हो गई तो वो लड़का मेरे पास आया और मुझे धमकी देकर गया कि मुझे देख लेगा। खेर ऐसी धमकियों के तो स्टूडेंट लाइफ से आदि थे इसलिए कोई अधिक डर नहीं लगा पर चूँकि विवाह हो चूका था इसलिए कुछ कमजोरी तो आ ही गई थी। अपनी इज्जत का डर सताने लगा था। सबसे अधिक समस्याएं, तनाव, परेशानिया, कठिनाइयां परीक्षाओं को लेकर ही भुगतनी पड़ती है। 




No comments:

Post a Comment