9. भौतिकी के अध्यापक जी से मैंने क्या सीखा ! What I Learned From Physics Teacher !
वर्ष 1965 में जैसे तैसे कक्षा ग्यारह में पहुँच गया था। यह वर्ष बोर्ड परीक्षा का था। तीन वर्ष के पाठ्यक्रम की एक साथ ढाई घंटे में परीक्षा होनी थी। इस प्रकार की परीक्षा के लिए किस प्रकार से पढ़ाई करें कोई बताने वाला नहीं था। सबकुछ अध्यापकजी के मार्गदर्शन के अनुसार ही करना था। विद्यालय क्षेत्र के इलाके में फिल्म की शूटिंग चलती रहती थी। कक्षा के लड़के शूटिंग देखने चले जाते थे। कभी कक्षाएं चलती कभी नहीं चलतीं। कुल मिलाकर आधे दिन भी कक्षाएं नहीं चलीं। कोर्स बहुत बाकी चल रहे थे। अनुतीर्ण रहे छात्र अध्यापकजी के यहाँ प्राइवेट ट्यूशन के लिए छुप छुप कर जाते थे। हाँ छुप छुप कर ट्यूशन पढ़ना। क्योंकि ट्यूशन पढ़ना पढाई में कमजोर होने की निशानी थी। ट्यूशन पढ़ने जा रहा है अर्थात पढाई में कमजोर है। वैश्य जाती से होने से यह माना जाता था, और आज भी माना जाता है कि यह बंदा पैसे वाला होगा।
तो भौतिकी के अध्यापकजी ने देखा कि यह लड़का तो ट्यूशन के लिए पकड़ा जाना चाहिए। उस समय ट्यूशन का चलन शुरू ही हुआ था और कुछ शिक्षक भी ट्यूशन शुरू कर चुके थे। आजकल तो ऐसे शिक्षकों की संख्या बढ़ गई है जो अपने छात्रों को ट्यूशन करने के लिए मजबूर करते हैं। तो साहब हमारे भौतिकी के अध्यापक जी ने किसी न किसी बहाने मुझे कक्षा में प्रताड़ित करना प्रारम्भ कर दिया। मैं कक्षा की सबसे आगे वाली पंक्ति में बैठता था, वैसे मैं सदैव कक्षा हो या मीटिंग या प्रशिक्षण सदैव फ्रंट बेंचर ही रहा हूँ, पीछे बैठना मुझे बिल्कुल पसंद नहीं है। पीछे मैं वंही बैठता हूँ जहाँ मज़बूरी में जाना पड़ता है, या बीच में उठकर भागने का प्रोग्राम होता है। खैर , चूँकि आगे ही आगे बैठता था तो अध्यापक जी के अच्छी पहुँच में रहता था। वो अक्सर कहा करते थे, " मुझसे लिखवा के लेले तू कभी फिजिक्स में पास नहीं हो सकता।" वो इतनी बार ऐसा बोल चुके थे कि जैसे ही वो यह बोलना प्रारम्भ करते कि मुझसे लिखवा ...... बाकी का वाक्य कक्षा के दूसरे लड़के समवेत स्वरों में पूरा कर देते। आखिर ट्यूशन नहीं करनी थी तो की नहीं।
साल बीतने आया, परीक्षा के 10 दिन बचे थे फिजिक्स के दूसरे पेपर यानि कि Electricity and Magnetism में एक भी चैप्टर नहीं पढ़ाया गया था। तो 4 दिन के लिए कक्षा 11 के चारों सेक्शंस को एक साथ बुलाया गया. चार चार घंटे की एक्स्ट्रा क्लास ली गई और कोर्स पूरा कर देने की फॉर्मेलिटी पूरी कर ली गई। अब भला आने वाले 6 दिन में क्या याद करें ?उस जमाने में तो एक के बाद एक पेपर लगातार होते थे कोई गैप भी नहीं होता था, किसी किसी दिन दो पेपर्स भी होते थे, आज तो पहली कक्षा में पढ़ रही मेरी पोती के मासिक टेस्ट /परीक्षा में भी गैप होता है। शायद उस समय के छात्रों को अधिक इंटेलीजेंट माना जाता था! खैर साहब, जैसे तैसे ग्यारहवीं पहली ही Attempt में पास हो गए, यह एक बड़ी उपलब्धि थी, मेरे से कहीं अधिक बड़े दो अंकल 3 और 7 Attempt में मेट्रिक की परीक्षा पास कर सके थे।
M.Sc. Physics होने के बाद जब मैं फिजिक्स का लेक्चरर बन गया तो एक दिन अकस्मात् ही उन अध्यापक जी से मुलाकात हो गई, वो साइकिल पकडे पैदल चल रहे थे, मैंने नमस्कार किया, साइकिल से उतरा, वो देखते से ही पहचान गए, मेरा नाम लेकर पूछा क्या कर रहे हो, मैंने जवाब दिया वही काम जो आप कर रहे हैं अर्थात फिजिक्स पढ़ाता हूँ, फिर मैंने उनको याद दिलाया, "आप कहते थे सर कि मैं कभी फिजिक्स में पास नहीं हो सकता पर आज मैं वही विषय पढ़ा रहा हूँ।" वे हंसने लग गए थे। वे बोले, "अच्छा बताओ फिर कैसे पास हो गए और यहाँ तक पहुँच गए।" मैंने कहा, "सर मैंने ठान लिया था कि और विषय में भले ही फ़ैल हो जाऊं पर फिजिक्स में तो पास होकर सर को गलत सिद्ध करना ही है।" वे हंसने लगे और बोले, "देखा यह सब मेरे कहने के कारण ही हुआ" और उन्होंने मेरी मेहनत का सारा श्रेय खुद ले लिया।
तो ऐसे थे मेरे भौतिकी के अध्यापक जी। पर मैंने उनसे बहुत कुछ सीखा। पहला किसी भी बच्चे को ट्यूशन के लिए प्रताड़ित नहीं करना। स्कूल में पूरी ईमानदारी और मेहनत से पढ़ाना,अपनी कक्षा के बच्चे की ट्यूशन न लेना। किसी बच्चे को यह नहीं कहना कि तू यह नहीं कर सकता बल्कि यही कहना कि तुम चाहो तो कर सकते हो। कोर्स को पर्याप्त समय पूर्व समाप्त कर देना ताकि रिविजन के लिए पर्याप्त समय मिल जाए। इन बातों को मैंने सदैव अपनाया।
No comments:
Post a Comment