15. M.Sc. प्रवेश की रोचक दास्तान Interesting Story of M Sc Admission
B.Sc. final में अच्छे प्रतिशत बने थे। University में छठी पोजीशन थी। M.Sc. Physics में कुल 14 सीटें थी। एक सीट गर्ल्स के लिए आरक्षित थी। उस समय तक उच्च शिक्षा में SC /ST के लिए आरक्षण का प्रावधान नहीं किया गया था। पिताजी को काकाजी लोगों ने राय दी कि इसे टीचर की अच्छी नौकरी मिल जाएगी आगे पढाने से क्या लाभ। मेरे बहुत आग्रह करने पर पिताजी ने स्वीकृति दे दी। फॉर्म फिजिक्स और केमिस्ट्री दोनों में प्रवेश के लिए भर दिया गया। मेरे ग्रेजुएट कॉलेज के फिजिक्स के सर भी मेरे प्रवेश के लिए प्रयासरत थे और पूरी तरह से आश्वस्त थे कि मेरा एडमिशन फिजिक्स में हो ही जाएगा। पर लिस्ट निकलने से पहले पता चला कि हमारी यूनिवर्सिटी के छात्रों के लिए केवल 6 सीटें ही थी, शेष ओपन थी, उनके लिए कोई भी आवेदन कर सकता था। अब टेंशन हो गया क्योंकि एडमिशन के लिए कोई अलग फार्मूला निर्धारित किया गया था।
लिस्ट निकाली गई। फिजिक्स की लिस्ट में नाम नहीं था परन्तु केमिस्ट्री की लिस्ट में नाम था। भारी निराशा का समय था। फीस भरने की अंतिम तिथि को केमिस्ट्री के लिए फीस भरी गई। केमिस्ट्री की क्लासेज लगना प्रारम्भ हो गई थी। मेरा मन लग नहीं रहा था। फिजिक्स की दूसरी लिस्ट निकाली गई क्योंकि कुछ बाहरी लड़कों ने प्रवेश नहीं लिया था। लिस्ट देखने गया। लिस्ट में मेरा नाम नहीं था। वहां एक छात्र नेता खड़ा था जो एडमिशन के नए फॉर्मूले से लिस्ट के नामों को चेक कर रहा था। वह भी प्रवेश चाहता था। मैंने उसको गणना करते देखा। उसके फॉर्मूले के अनुसार तो मेरा एडमिशन हों जाना चाहिए था। मेरा उससे कोई पूर्व परिचय नहीं था लेकिन मैंने उससे बात की। उसने भी गणना की और मेरे से कम प्रतिशत वालों का नाम लिस्ट में था।
उसको पहले से कुछ शक था, उसको मेरा उदाहरण मिल गया, वो भड़क गया, वह मुझे लेकर कॉलेज डायरेक्टर के पास गया और उनसे भिड़ गया। उसने कहा आप फर्जीवाड़ा कर रहे हैं। काफी बहस हुई। डायरेक्टर साहब ने जांच का आदेश दिया। शाम को घोषित लिस्ट कैंसिल कर नई लिस्ट जारी की गई जिसमें मेरा और उसका का नाम भी था। दूसरे दिन पहला काम मैंने क्लास बदलने का किया। फीस ट्रांसफर हो गई। मेरे मन की मुराद मिल गई।
यदि वह छात्र नेता न होता तो क्या होता ? जांच से पता चला कि डिपार्टमेंट के एक क्लर्क के भाई के एडमिशन के लिए हेरा फेरा की गई थी जिसकी जानकारी किसी को नहीं थी। इससे एक बात निश्चित हो गई कि बाबू अफसर की आँखों में धूल झोंक सकते हैं। अधिकारी को सतर्क रहने की आवश्यकता है केवल बाबू पर भरोसा करना उचित नहीं। इस बात को मैंने जीवन भर ध्यान में रखा। ऐसे कई मौके आए जब मैंने अपने मातहतों /Subordinate Staff and Officers को गड़बड़ करते पकड़ा।
अगले ब्लॉग में -
16. M.Sc. Final में ससपेंड क्यों हुआ ? Why I was Suspended in M.Sc. Final?
No comments:
Post a Comment