Tuesday, December 31, 2019

24. बोर्ड परीक्षा में पहली ड्यूटी का कटु अनुभव? Bitter Experience of First Board Examination Duty

24. बोर्ड परीक्षा में पहली ड्यूटी का कटु अनुभव? Bitter Experience of First Board Examination Duty   

                            ( फ्लाइंग स्क्वाड ने एक ही कमरे में पकडे 20 नकलची )
आठवे दसक की बात है। सेकेंडरी बोर्ड की परीक्षाओं में नक़ल करने और परीक्षा केंद्र में नकल  कराने की शिकायतें मिलने लग गईं  थी। बोर्ड द्वारा फ्लाइंग स्क्वाड(उड़न दस्ता ) लगाया जाना प्रारम्भ ही हुआ होगा। ये परीक्षा में नक़ल न हो इसको सुनिश्चित करते थे। हमारे स्कूल के बारे में भी पहले से शिकायतें थी पर मुझे इसकी जानकारी नहीं थी। चूँकि मैं स्कूल के सीनियर स्टाफ का सदस्य था, नौकरी की अवधि के हिसाब से नहीं, पद से  व्याख्याता होने के कारण, मुझे सुपरवाइजर (परिवेक्षक)लगाया गया था। रूम में इनविजिलेटर(वीक्षक ) लगाए जाते थे जो पूरे समय कमरे में निगरानी करता है । तीन या चार कमरों पर एक सुपरवाइजर लगाया जाता है जो उन कक्षों में परीक्षा के सुचारु संचालान  के लिए जिम्मेदार होता है। विद्यालय का प्रिंसिपल Examination Superintend (केंद्राधीक्षक ) कहलाता है। 
         1973 की उस बोर्ड परीक्षा में मुझे कक्ष क्रमांक 1,2,3 की जिम्मेदारी दी गई थी। परीक्षा का तीसरा दिन था, स्कूल की बाउंड्री के पास गेट पर एक जीप रुकती दिखी , प्रिंसिपल साहब ने सभी सुपरवाइजर को सतर्क हो जाने को कहा, मैं भी शीघ्रता से अपने कमरों पर पहुंचा, उन कक्षों  से गेट सीधा दिखाई देता था और वे सबसे दूर थे। अचानक कमरा नंबर तीन पर पहुंचते से ही इंविजिलेटर ने मेरे हाथ में कई सारी नक़ल के लिए लाइ गई पर्चियां पकड़ा दी, कमरा नंबर 1 और 2 ने कुछ नहीं दिया। मैं भागता हुआ बिल्डिंग के पीछे गया और वहां खाली पड़े मटके में वे पर्चियां डाल दीं। दौड़ता हुआ वापस अपने कक्षों के सामने आ गया। इस दौरान उड़न दस्ते के तीन व्यक्ति कक्ष क्रमांक 3, 4 और 5 में तलाशी लेने पहुँच चुके थे। 
        तलाशी के दौरान कमरा नंबर 4 के  24 में से  20 बच्चों के पास नकल की पर्ची मिली। कमरा नंबर तीन और चार में स्थानीय शिक्षक थे जो लिबरल थे और नक़ल करने में सहयोग कर रहे थे। आवश्यक कार्यवाही करने के बाद उड़न दस्ता जा चूका था। हम सुपरवाइजर को बुलाया गया। हमें डाँट पड़ी, जिसके कमरे से पर्चियां पकड़ी गई उसको अधिक सुनना पड़ा। फिर मुझसे प्रिंसिपल साहब ने पूछा कि कमरा नंबर तीन मे जो व्यक्ति है वो तो नक़ल कराने में बदनाम है, ये कैसे हो सकता है कि उसमे एक भी लड़का नहीं पकड़ा गया ।  तब मैंने सारी बात बता दी। प्रिंसिपल साहब ने कहा कि तुम्हारी तक़दीर अच्छी है जो तुम पर उनकी निगाह नहीं पड़ी वर्ना तुम्हारी नौकरी का यह आखिरी दिन होता। तुम्हारी किसी बात को नहीं सुना जाता। मैंने कहा वो तो उन सर की गलती थी प्रिंसिपल सर ने कहा कि वो बहुत शातिर आदमी है उसने पर्चियां तुम्हे थमा दी, पर्चियां तो तुम्हारे हाथ में थी। इंविजिलेटर तो कोई भी बहाना बना देता, हाथ तो तुम्हारे रंगे  थे। खेर बच गए आइन्दा ध्यान रखना कभी दूसरे की गलती की सजा तुम्हे न मिल जाए। जीवनं के कार्यक्षेत्र  में तुम अभी आये ही हो, यहाँ कईं  धूर्त किस्म के लोगों से पाला पड़ेगा। 
         शाम को 7 बजे रेडियो पर प्रादेशिक समाचार सुन रहा था, उसमे हमारे गाँव का नाम सुर्ख़ियों में था। बताया जा रहा था बोर्ड के उड़न दस्ते ने फलाने गाँव में 20 परीक्षार्थी को नक़ल करते हुए पकड़ा। उस दिन के बाद मैं अपने से सम्बन्धित कमरों में बच्चों की तलाशी पहले ही ले लेता था।  चूँकि केंद्र बदनाम हो गया था, परीक्षा के बाकी बचे 10 दिनों में चार पांच बार उड़नदस्ता आया पर उनके कुछ हाथ नहीं लगा। लगता भी कैसे,प्रिंसिपल साहब, शिक्षक, गाँववाले सब  सतर्क हो गए थे। गाँव वालों ने तो अपनी तरफ से पक्की व्यवस्था कर ली थी, जैसे ही गाँव में कोई जीप घुसती दिखती वहां से मोटर साइकिल पर संदेशवाहक आ जाता था। हालांकि इस कारण से  कई बार तो बिना वजह तनाव हो गया था।  बाद में जब प्रिंसिपल बना और बोर्ड परिक्षा का संचालन करना पड़ा तो हर स्कूल में परिवीक्षकों का एक इंटरनल दस्ता बना कर उन्हें अपने साथ लेकर सब परीक्षार्थियों की तलाशी ले लेता था।   
         आज सोचता हूँ कि यदि उड़नदस्ते के किसी सदस्य ने मुझे देख लिया होता तो क्या होता? मुझे क्या करना चाहिए था ? यदि कागज़ न लेता तो भी मेरी ही कमी दिखती और मुझे दोषी माना जाता। 

No comments:

Post a Comment