10 गणित और केमिस्ट्री के व्याख्याता कैसे थे ? My Lecturers of Mathematics and Physics ?
कई शिक्षक ऐसे भी होते हैं जिनके नकारात्मक व्यवहार से भी अप्रत्यक्ष रूप से बहुत कुछ सीखा जा सकता है ? हालांकि उनका वह व्यवहार आपको बुरा लग सकता है। जैसे कि भगवान दत्तात्रेय ने 23 जीव और निर्जीव वस्तुओं को अपना गुरु मानकर बहुत कुछ सीखा था। मैंने मैथ्स और केमिस्ट्री विषयों के अध्यापक जी से भी ऐसे ही सीख ली थी ।
कक्षा 11, वर्ष 1965 की बात है। मैथ्स के व्याख्याता जी का विद्यालय में बहुत अधिक दबदबा था। उनका व्यक्तित्व ही ऐसा था उस पर वह शिफ्ट इंचार्ज भी थे। प्रिंसिपल साहब तो अक्सर विद्यालय से बाहर ही रहते थे इसलिए विद्यालय संचालन का समस्त भार इन्ही के कन्धों पर था। अत्यधिक कार्यभार के चलते वे कक्षा में आते और बिना कुछ बोले पढ़ाना चालू कर देते थे। ब्लैकबोर्ड की और मुंह करके सवालों को हल करते जाते और हम नोट करते जाते। बीच में कुछ पूछ लिया तो कोई जवाब नहीं देते। बाद में कहते कि अगर कुछ समझ न आया हो तो दूसरे होशियार साथी से पूछ लेना । वे अपने साथ चाक का पूरा डिब्बा लेकर आते थे और 40 मिनट में लगभग पूरा खाली कर देते थे। छोटे टुकड़े से वे लिखते नहीं थे और बीच बीच में ऊँघने वाले या बोलने वाले को जगाने या चुप करने के लिए उनका इस्तेमाल करते थे। मैं सोचता था स्कूल में रोब इनके जैसा ही होना चाहिए। लेकिन यह भी सोचता था कि ये पढ़ाने का तरीका तो ठीक नहीं। हमारी समस्याओं का समाधान तो करना चाहिए। permutation combination तथा binomial theorem तो बाद में काकाजी के एक मित्र शिक्षक के यहाँ सीखने जाना पड़ा था हालांकि वहां भी कुछ पल्ले नहीं पड़ा था ।
केमिस्ट्री के व्याख्याता महोदय पढ़ाते तो थे पर समझ में नहीं आता था, इसकी एक बानगी देखिये जब उनसे किसी chemical equation के लिए पूछते यह कैसे हुआ तो कहते रट लेना।सर रट नहीं सकते तो कहते कि बिना इसके भी जवाब लिख सकते हो तब भी पास तो हो ही जाओगे। लेकिन जिस वजह से वे मुझे अच्छे नहीं लगते थे उसका कारण व्यक्तिगत था। हम पुरानी कापियों के बचे हुए पन्नों से कॉपी बना लेते थे। एक दिन क्लास वर्क की ऐसी ही कॉपी में किया गया काम उनको दिखाया तो उस कॉपी को उन्होंने हेलीकॉप्टर बना कक्षा के बाहर फेंक दिया और बोले भीखमंगे हो क्या ? उनके इन शब्दों ने मुझे बहुत आहत किया। क्या यह व्यवहार उचित था? बाद में मेरा मन केमिस्ट्री के अध्ययन में लगता ही नहीं था और सदैव उनके वे शब्द गूंजते रहते थे । केमिस्ट्री इसीलिए मेरा सबसे कमजोर विषय रहा वैसे ये विषय मुझे पसंद भी नहीं था।
शिक्षक बनने के बाद मेरे दिमाग में हमेशा ये गुरुवृंद कौंध जाते थे और मैं इनके जैसा व्यवहार करने से बचता था।
No comments:
Post a Comment