21 नए विद्यालय के केमिस्ट्री के लेक्चरर Chemistry Lecturer of New School
. सितम्बर 1972 में नए कस्बे में आए तीसरा दिन था। धर्मशाला में ही ठहरा हुआ था। कहाँ रहा जाए कोई सलाह नहीं मिल रही थी। इतने अव्यावहारिक लोगो से पहली बार पाला पड़ा था। विद्यालय में चौथा पीरियड चल रहा था और कक्षा 11 को फिजिक्स पढ़ा रहा था। मात्र 4 विद्यार्थी थे। कक्षा अपनी प्रयोगशाला में ही ले रहा था। इतने में एक प्रभावी शानदार पर्सनालिटी ने क्लास में बेधड़क प्रवेश किया। बच्चे खड़े हो गए। मैं समझ गया कोई हस्ती है। आते से ही हाथ मिलाने के लिए आगे बढ़ाते हुए उसने कहा, " I am R.N. Jain. lecturer in chemistry, welcome ." पहली बार कोई आत्मीयता से मिला, बाकी तो किसी को कोई लेना देना ही नहीं था जैसे। एक कुर्सी खींच कर बैठ गए। मैंने भी अपना परिचय दिया। इंटरवल हो गया था। उसने पूछा कहाँ रह रहे हो। मैंने अपना दुखड़ा रोया। उसी समय दो लड़कों को और मुझे साथ लेकर धर्मशाला पहुंचे। वहां से मेरा सामान लिया और उनके कमरे पर ले जा कर रख दिया। उनके इस व्यवहार ने मुझे उनका मित्र बना दिया। हालांकि उम्र में मुझसे सात आठ साल बड़े ही होंगे पर मस्त व्यक्ति लगे।
उनके साथ रहते हुए तीन दिन हुए होंगे। उस दिन उनका प्रिंसिपल साहब से कोई विवाद हो रहा था, जोर जोर से चिल्लाने की आवाज आ रही थी। मैं कक्षा में पढ़ा रहा था वहां से प्रिंसिपल साहब के चेंबर का नजारा साफ़ दिखाई दे रहा था। कुछ हाथापाई की नौबत आती दिखी तो मैं दौड़ता हुआ वहां पहुंचा, और भी लोग आ गए थे, जैन के हाथ में पेपर वेट था और वह प्रिंसिपल साहब को मारने के लिए तैयार था, एक शिक्षक ने उसे पकड़ा मैंने उसके हाथ से पेपर वेट छिना। वह जोर जोर से हाँफ रहा था। बी पी हाई हो गया था। स्टाफ रूम में ले जाकर लेटाया। उसके कुछ मित्र आकर ले गए। बीच बीच में उसके हाल चाल पता करते रहे। छुट्टी के बाद मैं कमरे पर बैठा हुआ था कि अचानक उसका आगमन हुआ। उसने आते से ही गालियां देते हुए मेरा सामान निकाल कर बाहर फेंकने लगा ,पास वाले कमरे में रहने वाले बैंक क्लेर्क ने मेरा सामान अपने कमरे में रखवाया और मुझे गुस्सा न करने के लिए समझाया, गत तीन दिनों में उससे अच्छा परिचय हो गया था, हम उम्र था। कुछ देर बाद जैन वापस आया और माफ़ी माँगते हुए मेरा सामान जबरदस्ती अपने कमरे में ले गया।
दिसंबर महीने की बात है एक दिन हमारे कमरे के सामने से प्रिंसिपल साहब निकल रहे थे उन्होंने मुझे आवाज दी। मैं कुछ जवाब देता उससे पहले ही जैन ने एक एक- दो किलोग्राम का बड़ा पत्थर उठाकर प्रिंसिपल साहब पर फैका। वे झुक कर बच गए। उनके झुकने से पत्थर वहां से गुजर रहे कुत्ते के लगा, प्रिंसिपल साहब के साथ दो तीन व्यक्ति और थे, वे उन्हें वहां से ले गए। कुत्ते को जाकर देखा वह मर गया था। विभागीय कार्यवाही की गई और जैन को पास के कस्बे में डेप्यूट कर दिया गया। एक दिन रात 2 बजे वह टैक्सी लेकर आया और मुझसे कहा मेरी पत्नी और दोनों बच्चे जल गए हैं और मुझे शीघ्र पहुंचना है मेरे पास पैसे नहीं हैं। मेरे पास भी पैसे नहीं थे मेने असमर्थता व्यक्त कर दी थी। वह नाराज होकर चला गया था।
उसकी दो पत्नियां थी जिनमे पहली व्याख्याता जो कि मेरे शहर के ही एक प्रतिष्ठित व्यक्ति की बहन थी और दूसरी एक बैंक में अधिकारी थी पर दोनों को एक दूसरे के बारे में पता नहीं था। बैंक अधिकारी पत्नी को जब पता लगा तो उसने पुलिस कार्यवाही की। जैन को गिरफ्तार करने की प्रक्रिया की आशंका का आभास होते से ही वह गायब हो गया। कुछ वर्षों तक उसका पता न चला। उसकी डिग्री भी फर्जी निकली थी। वह मेरे पास titration का solution बनाने की विधि पूछता रहता था मुझे ताज्जुब होता था कि यह कैसा M.Sc. है ? उसे बर्खास्त कर दिया गया था। बाद में और भी जानकारियां मिली थी उसके बारे में, वो रिफायनरी के फोटो लेते गिरफ्तार किया गया था इस कारण 6 महीने तक डिब्रूगढ़ की जेल में रह चूका था, विभागीय प्रामणीकरण के बाद वह छूटा था। उसे जासूस समझ लिया गया था।
सन 1982 की बात है, मैं अपने ही शहर में आ चूका था, एक दिन उसके बारे में समाचार पत्र में पढ़ने में आया कि रेलवे स्टेशन पर उसे VIP कोटे में शहर के नए Dy S.P. के रूप में रिजर्वेशन कराते पकड़ा गया था।
ख़ैर उसकी कहानी बहुत लम्बी है उस पर तो अच्छा खासा छोटा उपन्यास लिखा जा सकता है। पर उसकी एक निशानी उसका पलंग जो मैंने उससे ख़रीदा था, आज भी मेरे घर पर कबाड़ में पड़ा हुआ है।
कुछ ही मुलाकातों से किसी का मूल्याङ्कन नहीं किया जा सकता है। पता नहीं आईएएस आदि में आधा घंटे के साक्षात्कार में क्या मूल्याङ्कन करते हैं?
कुछ ही मुलाकातों से किसी का मूल्याङ्कन नहीं किया जा सकता है। पता नहीं आईएएस आदि में आधा घंटे के साक्षात्कार में क्या मूल्याङ्कन करते हैं?
No comments:
Post a Comment