Saturday, December 7, 2019

20. मेरे नए विद्यालय का पहला रोचक दिन Interesting First Day of My New School

20. मेरे नए विद्यालय का पहला रोचक दिन Interesting First Day of My New School  

         अपने शहर से ट्रैन और बस से 18 घंटे और 360 किमी की यात्रा के बाद राज्य के सुदूर रेगिस्तानी अंचल के ग्रामीण क्षेत्र  में पहुंचा। गाँव की एक मात्र धर्मशाला में अँधेरी और सीलन भरी एक कोठरी में अपना सामान रखा। कुए पर नहाने गया, तो वहां पर झगड़ा हो रहा था।  एक हट्टी कट्टी महिला एक कृशकाय पुरुष की  बाल्टी और धोवने ( बल्ले टाइप का लकड़ी का कपडे कूटने का साधन ) से धुलाई कर रही थी। लोग मजा ले रहे थे ,उनकी चर्चा से पता लगा कि वे पति पत्नी थे। मैं चुपचाप बिना नहाए ही वापस आ गया।  हाथ मुंह धोकर तैयार होकर  पता पूछता हुआ स्कूल पहुंचा।
         प्रिंसिपल साहब बिराजमान थे, सीधा उनसे मुलाकात की।  उनका व्यवहार विचित्र और क्रोधित करने वाला था। वे माँ बहिन की गाली देते हुए बोले हम तुम्हारा 15 दिन से इंतजार कर रहे हैं। उनके इस व्यवहार से मेरा चेहरा क्रोध से लाल हो गया। मैं कुछ बोलता उससे पूर्व मेरे पास बैठे एक शिक्षक ने हलके से मेरा हाथ दबा दिया। मैं चुप रहा। मुझे बहुत गुस्सा आता था, बड़ी कठिनाई से क्रोध पर काबू किया। उन्होंने कहा अपना जोइनिंग दे दो। 
         पास में बैठे शिक्षक जो कि सीनियर मोस्ट लेक्चरर श्री जोशी जी थे, मुझे स्टाफ रूम में ले गए। उन्होंने मुझे समझाया कि प्रिंसिपल साहब की गालियां निकालने की आदत है बुरा मत मानना। वो बिना गाली दिए बात ही नहीं कर सकते थे। बाद मैं मेने भी यह बात नोट की थी। वे प्रेयर असेंबली में भी गालियां देते हुए ही बात करते थे। एक साल हो जाने के बाद मैं जब बहुत अधिक उनके साथ इनफॉर्मल हो गया था तब पूछा था कि सर आपकी गालियां देने की आदत कैसे पड़ी तो उन्होंने बताया था कि उनके पिताजी रेलवे इंजन के ड्राइवर थे , रेलवे लोको कॉलोनी में माहौल ही ऐसा था इसलिए बचपन से पड़ी वह आदत जाती ही नहीं , और अब इसे छोड़ने का प्रयास करना ही छोड़ दिया। खेर स्टाफ रूम में बैठे अन्य शिक्षकों से मेरा परिचय कराया गया।  उनमे एक चेहरा जाना पहचाना लगा, और एकदम से ध्यान आया,अरे! यह तो वही व्यक्ति है जिसकी पत्नी उसकी पिटाई कर रही थी। बाद में मैंने किसी से इस घटना का जिक्र किया तो उसने कहा ये तो उस शिक्षक के साथ अक्सर होता है। 
        स्टाफ रूम में अचानक जोशी जी आए और उन्होंने मुझे ग्यारहवीं कक्षा में भेजा। लड़के भयंकर हल्ला कर  रहे  थे , लड़के मुझ जैसे एक और लड़के को शिक्षक की जगह देखकर तालियां पीटने लगे, मेजे थपथपाने लगे, आर्ट्स की कक्षा थी, मैंने पूरी कक्षा की तरफ निगाह घुमाई, मुझसे  उम्र में बड़े और कद काठी में भी मजबूत कई लड़के दिखाई दिये। दो तीन मिनट बाद जब शोर कुछ कम हुआ तो मेरे मुंह से निकला, " ये वीर भूमि है, यहाँ से काफी लोग शहीद हुए हैं, ऐसी वीर भूमि में ये ताली पीटने वाले कहाँ से आ गए। " एकदम से पिनड्रॉप साइलेंस। फिर चर्चा हुई, अपना परिचय दिया, उनका परिचय लिया। पीरियड ख़त्म हुआ। स्टाफ रूम में पहुंचा तो एक शिक्षक ने पूछा की कैसे चुप किया, सबसे शैतान कक्षा है।  मैंने बताया तो वो मेरा चेहरा देखते रह गए। प्रिंसिपल सर को पता लगा तो उन्होंने बधाई दी। पहले ही दिन विद्यालय मेरा इम्प्रैशन अच्छा पड़ा। विज्ञान  के छात्र ही नहीं कला वर्ग के छात्र भी मुझे पूरा आदर देते थे। हालांकि बाद में मैंने सोचा यदि मेरे मुंह से अचानक निकले इस वाक्य को लड़के बुरा मान जाते तो क्या होता। 
         स्कूल की छुट्टी के बाद अकेला ही धर्मशाला पहुंचा, स्टाफ के किसी भी सदस्य या प्रिंसिपल साहब ने यह नहीं पूछा कि कहाँ ठहरे हो, कहाँ भोजन किया आदि। मुझे उस विद्यालय की याद आ गई जहाँ से मैं आया था, वहां कितने सहयोगी थे सब। नई  जगह पर नए व्यक्ति को सहयोग देना चाहिए या नहीं? स्कूल में नए टीचर को क्या पहले ही दिन किसी शैतान कक्षा में झोंक देना उपयुक्त है? मन अलग ही प्रकार की वितृष्णा से भर गया था। पहली रात  मछरों के बीच बीती थी।
21.  
           

No comments:

Post a Comment