22 . शिक्षक ग्रुप की दादागिरी और मैं ? Dadagiri of Teachers Group
सन 1972 से 1975 के तीन वर्ष मेरी जिंदगी का सबसे अधिक कठिन साथ ही मस्त समय रहा। जब पीछे मुड़कर देखता हूँ तो लगता है कि क्या मैंने ऐसा भी समय निकाला था? रेगिस्तानी क्षेत्र के उस कस्बे में दो दबंग जातियों का बोलबाला था। उनके मध्य विवाद और झगडे होने आम बात थी। विद्यालय भी प्रमुख रूप से इन दबंग जातियों के ग्रुपों में विभाजित था। मैं इनको ज ग्रुप और र ग्रुप कहूंगा। दोंनो में सम्बंधित शिक्षक और छात्र जुड़े हुए थे।
र ग्रुप के शिक्षकों ने मेरे कमरे के सामने एक बिल्डिंग ले रखी थी। उसमे लगभग 15 से 20 बच्चे और तीन अध्यापक रहा करते थे। अध्यापकों का काफी खर्चा बच्चों से निकल जाता था। बच्चे उन शिक्षकों के सपोर्ट से दबंग हो चुके थे। एक दिन शाम को मैं और मेरा मित्र वर्मा जो कि बैंक में कार्यरत था छत पर बैठे हुए थे। सामने की बिल्डिंग से दो बच्चे हमें बुलाने आये। हम वहां गए। वहां तो दारु की महफ़िल जमी हुई थी। हमें जबरदस्ती पीने बैठाया गया। उन्होंने कहा कुछ काम है पहले साथ दो। वर्मा तो पीने का आदि था पर मैंने तो कभी चखी भी नहीं थी। मैंने वर्मा से कान में कहा। उसने कहा ये सब नशे में हैं, मैं तो बहुत आदि हूँ इस चीज का, तू पीने का नाटक करना और मौका देख कर थोड़ा थोड़ा मेरी गिलास में डाल देना। हमने ऐसा ही किया।
मुझे लगा वर्मा को शराब चढ़ गई थी , वो और और की मांग करते हुए हंगामा करने लगा था , उसने एक गिलास भी तौड़ दिया था। शराबियों को भी लगा कि वर्मा को चढ़ गई है। उन्होंने हमें रवाना करने में ही भलाई समझी। हमारे रवाना होने से पहले उन्होंने विज्ञान पार्ट A का एक रिक्त पेपर निकाला और कहा इसमें सही उत्तर भर कर जांच कर अपने हस्ताक्षर कर दो। मैं एकदम से दंग रह गया। हाफ इयरली एग्जाम का पेपर था , मैंने कहा ये आंसर बुक्स तो मैं जांच कर दे चूका हूँ। उन्होंने कहा यह हम देख लेंगे। तब तक इससे बचने का एक उपाय मेरे दिमाग में आ चूका था। मैंने कहा मैंने सारी कापियाँ हरे पेन से जाँची है जो लेब में पड़ा है, आप मुझे यह दे दो मैं कल आपको दे दूंगा। इस प्रकार चतुराई से हम वहां से निकले।
मैंने वर्मा को थाम रखा था, उसे थामे हुए पास ही स्थित उसके कमरे पर छोड़ने जा रहा था। कुछ दूर चलने के बाद वह बोला छोड़ दे मुझे , मैंने कहा तुझे चढ़ गई है, वह बोला मुझे नहीं चढ़ती मैं तो और अधिक पी सकता हूँ। ये तो इन लोगो को डराने के लिए हंगामा किया था मैंने, अब देखना ये अपने को कभी नहीं बुलाएँगे। और बात सही भी हुई, हमें दुबारा कभी भी दारु की महफ़िल में नहीं बुलाया गया।
र और ज ग्रुप से तंग आकर हम दस बारह लोगों का एक शक्तिशाली न्यूट्रल ग्रुप बना चुके थे। सब साथ घूमते थे, वॉलीबाल कबड्डी खेलते थे , व्यायाम करते थे इससे दोनों ग्रुप हमसे भिड़ने से कतराते थे। मैंने दूसरे दिन पेपर नहीं दिया। मेरे ग्रुप ने उनको कह दिया कि इसे कुछ नहीं होना चाहिए।
उसके बाद हमारे 2 साल बिना किसी खास दबाव के गुजरे थे। लेकिन यहाँ की गुटबाजी और खतरनाक माहौल के अनुभव ने मुझे भविष्य के एडमिनिस्ट्रेशन में बहुत मदद की।
No comments:
Post a Comment