Thursday, December 19, 2019

19 IAS डायरेक्टर साहब की सहृदयता और व्याख्याता के रूप में पुनर्नियुक्ति IAS director saahab ki sahridayta aur Vyakhyata ke roop me punarniyukti

19  IAS डायरेक्टर साहब की सहृदयता और पुनर्नियुक्ति  Noble Mindedness of IAS director and Reappointment 

           1972 में अस्थाई नौकरी से टर्मिनेशन के बाद में पुनः सहायक शिक्षक का नियुक्ति पत्र आ गया। यह भी बहुत दूर था, शहर से 120 किमी दूर। आवागमन के बहुत कम साधन होने से उस समय उस पहाड़ी क्षेत्र में यह दूरी बस से 6 घंटे में तय कर 4 अगस्त को सहायक अध्यापक पर कार्यभार ग्रहण किया। विज्ञान गणित विषय अध्यापक का स्कूल में पुरजोर स्वागत हुआ। वहां पर डेढ़ माह के कार्यकाल में बच्चों,साथी शिक्षकों, प्रधानाध्यापकजी, अभिभावकों का बहुत स्नेह और सहयोग मिला। उसी दौरान पास ही के कस्बे में मेरा क्लास फेलो भी नियुक्त था। एक दिन वह आया और बोला तू अभी तक यहाँ क्या कर रहा है, मैं यही बताने आया हूँ कि तेरे से जूनियर लोगों को पुनः नियुक्ति मिल गई है तू क्या कर रहा है, पहले पुराने वालों को नियुक्ति मिलती है फिर नयों को। उस समय फोन तो थे नहीं इसलिए वह खुद बताने आया था। 
          मैं शहर में घर पर पहुंचा। निदेशालय में कार्य कर रहे एक दूर के रिश्तेदार  से पिताजी ने बात की। चार पांच दिन बाद उनका पत्र आया कि मेरे रिकॉर्ड में जन्म तिथि गलत अंकित है बोर्ड का सर्टिफिकेट लेकर उसे भेज दो। शहर में एक स्कूल में व्याख्याता का पद रिक्त था  वहां के प्रधानाचार्य से लिखवाकर अपना  सर्टिफिकेट लेकर बस से 13 घंटे की यात्रा कर राज्य के दूसरे छोर पर पहुंचा। धर्मशाला में तैयार होकर शिक्षा निदेशालय पहुंचा। लोगों ने कहा इतनी जल्दी जाकर क्या करोगे ऑफिस में कोई आता ही नहीं है 11 बजे पहले। पर मेरे पास तो समय ही समय था।ऑफिस खुलने के 10 मिनट पहले पहुँच गया। 10 बजने में 5 मिनट रहते एक लाल बत्ती कार आकर पोर्च में रुकी।  
           उसमे से डायरेक्टर साहब निकल कर कमरे में गए। मैं उनको पहले से जानता था क्योंकि प्रथम नियुक्ति के समय उनसे मिल चूका था। 5 मिनट बाद मुझे बुला लिया गया था। जैसा कि कार्यालयों में मिलने का  निर्धारित होता है वैसा कुछ नहीं  था। उन्होंने वह परंपरा हटा दी थी। मैं एप्लीकेशन लेकर अंदर गया। उन्होंने सम्बंधित अफसर को बुलाया, बात हुई, उसे आवश्यक निर्देश देकर मुझे बाहर बैठने हेतु कहा। दरअसल हुआ यह था  कि मेरे पुराने नियुक्ति पत्र की साइक्लोस्टाइल प्रति में जन्मतिथि में 1949 का 1940 बन गया था। अंक 9 अधिक स्याही हो जाने से 0 हो गया था। केवल इस वजह से मेरी नियुक्ति नहीं हुई थी। 
          खेर एक घंटे बाद उन्होंने मुझे बुलाया और कहा कि हमारे कार्यालय की गलती से आपको असुविधा हुई। अब आप अपनी  चॉइस बताएं कहाँ जाना  हैं,  जिस स्कूल का पत्र लाए हैं वहां तो कल ही नियुक्ति दे चुके हैं। उन्होंने चार नाम बताए कि अब यही जगह खाली है। मैंने उनमे से दो का नाम सुना था और दो बिलकुल नए नाम थे। मैंने कहा सर आप जिसे उचित समझे। उनके सामने तीन चार अधिकारी बैठे हुए थे उनमे से एक ने कहा कि इनके लिए फलानी जगह नजदीक रहेगी। उन्होंने मुझसे पूछा, मैंने कहा ठीक है। उन्होंने मुझे इंतजार करने के लिए कहा, तथा सम्बंधित अधिकारी को लंच से पहले मुझे आदेश दे देने हेतु निर्देश दिया। करीब एक बजे उस अधिकारी के पास गया। उसने अभी देते हैं इतनी जल्दी क्या है, कह कर मुझे झिड़क दिया। मैं वापस कर बाहर बैठ गया।
            मैं बैठा हुआ इंतजार कर ही रहा था कि निदेशक महोदय अपने कमरे से बाहर निकले, मुझे देखकर बोले, " क्या हुआ, आदेश नहीं मिले। " मैंने सर हिला दिया।  उन्होंने कहा, "चलो मेरे साथ" , मैं उनके साथ ऑफिस के अंदर गया। उन्होंने सम्बंधित अधिकारी को डाटा।  कहा यह इतनी दूर से आएं हैं। भूखे प्यासे होंगे। दो लाइन का आदेश टाइप करने में कितनी देर लगती है। अभी 15 मिनट में इन्हे आदेश दीजिए। यह कह कर वे चले गए। सम्बंधित अधिकारी हाथ जोड़कर कहने लगा, "दादा भाई मैं दे तो रहा था आदेश, सर के पास क्यों गए। " मैंने कहा, " मैं नहीं गया इनके पास, मैं बाहर बैठा हुआ था, ये निकले और इन्होने मुझे देखकर पूछा था। "          खेर मुझे 15 मिनट में आदेश मिल गए। मैं आदेश लेकर निदेशक महोदय को बताने गया, उन्होने मुझे देखकर कहा," बहुत अच्छे, और सुनो, हमारी गलती की वजह से तुम्हारी पुनः नियुक्ति में देरी हो गई है, दुबारा टर्मिनेशन हो जाएगा, एक काम करना अप्रैल में मुझे एक पोस्ट कार्ड लिख देना ताकि मुझे ध्यान आ आ जाएगा, और हाँ एक बात और सुनों जब भी कहीं तुम्हारे शहर में या आसपास जगह रिक्त हो तो मेरे व्यक्तिगत  नाम से मुझे एक एप्लीकेशन भेज देना। ठीक है अब जाओ भूख लग रही होगी।  wish you  all the best." मैं थैंक्स देकर निकल गया। 
         लौटते वक्त मैं सारे  रास्ते में उनके बारे में ही सोचता रहा एक IAS अधिकारी ऐसा भी  हो सकता है क्या, दो बार उनसे काम पड़ा, समय का पाबन्द, काम को तीव्रता से संपन्न करने वाला, एक अदने से कर्मचारी के प्रति इतना सहृदय , इतना अनौपचारिक। बाद में वे राज्य के मुख्य सचिव बने और केंद्र में भी बहुत ऊँचे पद पर रहे। वे राज्य के बहुत ही लोकप्रिय अधिकारी रहे।  आज भी सोचता हूँ कि काश सारे ही अधिकारी, कर्मचारी ऐसे हो जाएं तो. देश को दुबारा विश्वगुरु बनने से कोई नहीं रोक सकता। इसे लिखने  का उद्देश्य यह भी है कि निजी अथवा सरकारी क्षेत्र के युवा अधिकारी अगर पढ़ें और इससे कुछ सीख ले सकें तो अच्छा रहेगा।
       केवल दो मुलाकातों से ही  मेरे जीवन पर उनकी सबसे अधिक छाप पड़ी। मेरे कार्य करने की शैली बहुत कुछ वैसी  ही हो गई। जिंदगी में कभी कार्यालय देर से नहीं गया। किसी का कोई काम नहीं लटकाया। सबके कामों को शीघ्रता से निपटाने का प्रयास किया।    

No comments:

Post a Comment