Tuesday, December 31, 2019

23.मुझ पर लगा रिश्वत लेने का आरोप ! Charge of Bribe

23. मुझ पर लगा रिश्वत लेने का आरोप ! Charge of Bribe 

        मई माह की 15 तारीख को गाँव वालों के हंगामे से डर  कर, स्थानीय शिक्षकों को रिजल्ट घोषित करने का कहकर सुबह 9  बजे की बस से प्रिंसिपल साहब सहित सारा बाहरी स्टाफ बस से चला जाता था। एक बार तो बस समय से रवाना नहीं हुई और स्कूल में रिजल्ट भी जल्दी घोषित कर दिया गया था, बस पर भीड़ पहुँच गई थी, बस भी स्टार्ट हो चुकी थी, हमने कहा, "जल्दी चलो", ड्राइवर बोला, "साहब ये पत्थर मार कर कांच वगैरह तोड़ देंगे।"  हमने कहा, "हम भरपाई कर देंगे तुम तो अभी चलो।" जैसे तैसे हंगामे के बीच निकल सके थे। चूँकि रिजल्ट स्ट्रिक्ट होता था इसलिए गाँव में आक्रोश रहता  था जो डेढ़ महीने में ठंडा पड़  जाता था। 
        सन 1973 का जुलाई के महीने का पहला सप्ताह। प्रिंसिपल साहब ने मुझे बुलवाया। वो बोले, " डी के, ये लड़का क्या कह रहा है। " मैंने लड़के की तरफ देखा , वह हड़बड़ाने , घबराने लगा। प्रिंसिपल साहब बोले, "यह कह रहा है कि इसे पास करने के लिए तुमने 40 रूपए लिये फिर भी फ़ैल कर दिया। " मुझे गुस्सा आया, " मैंने कब लिए तुझसे पैसे। " लड़का बोला आपने नहीं लिए, चौधरी सर कह रहे हैं कि उन्होंने मुझे पास करने के लिये 2 किलो घी आपको दिया था। " 
        प्रिंसिपल सर ने चौधरी को बुलाया। उसने माना कि उसने खुद ने मेरा नाम लेकर पैसे लिए थे। उसने अपनी गलती मानी और प्रिंसिपल सर से और मुझसे माफ़ी मांगी। प्रिंसिपल सर ने उसे डाटते हुए सारे स्टाफ को चाय नास्ता करने की सजा दी। पर मैंने तो और सजा सोच ली थी। मैंने अपने ग्रुप से बात की। हमें मालुम था कि वह सुबह रेत के टीलों के पीछे शौच के लिए जाता था। सुबह हम तीन लोग उसका पीछा करते हुए टीले के पीछे पहुंचे। उसकी खूब धुनाई की। वह पावों में लोट लोट कर माफ़ी मांगने लगा।  हमने उससे पूरा वाकया पूछा। उसने बताया कि एक दिन जब मैं मार्क लिस्ट में अंक भर रहा था तो उसने उस लड़के के रोल नंबर के सामने 100 में से 36 अंक लिखे हुए देख लिए थे, तो उसने सोचा था कि लड़के को पास किया गया है इसलिए इससे पैसे लिए जा सकते हैं। पर गलती से उसने गलत नंबर देख लिए थे। इसलिए वह लड़का फ़ैल हो गया था। 
      लेकिन इससे मुझे एक सीख मिली। मैंने बाद में कभी भी किसी के सामने अंक नहीं भरे। उत्तरपुस्तिकाएं प्राप्त होते से ही एक दो दिन में जांच कर जमा करा देता था ताकि सिफारिश आये तो कह सकते थे कि मैंने तो कॉपी जांच कर दे दी है। एक शिक्षक के लिए सबसे चुनौतीपूर्ण समय  परीक्षा का ही होता है , कई तरह के दबाव होते हैं, रिजल्ट मेन्टेन करने का स्कूल प्रशासन का दबाव, परिचितों और साथी शिक्षकों का दबाव, स्वयं का दबाव, परीक्षा कक्ष में दबंग परीक्षार्थियों का दबाव, नागरिकों का दबाव आदि। जिन लोगों का इस काम से पाला न पड़ा हो वे इस तनाव को नहीं समझ सकते। 

No comments:

Post a Comment