30. आपातकाल में व्याप्त भय और उसके परिणाम fear of emergency and its effects
1975 में आपातकाल लगा, उसी अवधि में मेरा स्थानांतरण रेगिस्तानी क्षेत्र से मेरे शहर के पास स्थित कस्बे में हो गया। शहर से मात्र 55 किमी दूर और ट्रैन का साधन होने से डेली अप डाउन की जगह थी। परन्तु आपातकाल के कारण हर मामले में कठोरता बरती जा रही थी। सब कुछ प्रशासन के हाथ में आ गया था। अतः वहां एक कमरा ले लिया था। शुरू में रहने लगे पर परिवार बड़ा था और माँ की सहायता के लिए पत्नी को वहां रखना जरुरी समझ रोजाना आना जाना शुरू हो गया। रोजाना सुबह 8 बजे घर से निकलते थे और रात 9 से 10 बजे लौटते थे। विद्यालय के प्रिंसिपल काफी अच्छे थे पर स्टाफ के साथ विवाद होता रहता था। एक लेक्चरर का तो रोजाना विवाद होता था। देरी से आने और जल्दी चले जाने के आदि उस लेक्चरर के खिलाफ कार्यवाही हुई और उसे अनिवार्य सेवानिवृत्ति दे दी गई। इससे बाकी सारे स्टाफ में भय का वातावरण बन गया।
छोटी छोटी बातों से भी भय लगता था। मैं प्रिंसिपल का पक्ष लेता था। इससे बाकी स्टाफ वाले मुझे बुरा भला कहते थे। एक दिन अवकाश लेने की जरुरत पड़ी , प्रिंसिपल साहब कभी किसी का अवकाश स्वीकृत नहीं करते थे। स्टाफ का एक सदस्य बोला, "बड़ा समर्थक है न तू प्रिंसिपल का, बेटा अब जा छुट्टी लेने, पता चल जाएगा।" वैसे प्रिंसिपल पर मेरा अच्छा इम्प्रैशन था पर फिर भी डर लग रहा था। मैंने एप्लीकेशन प्रिंसिपल सर के सामने रखी। उन्होंने पूछा, "क्या है ?" मैंने कहा , " सर, कल की छुट्टी चाहिए। " उन्होंने चुपचाप स्वीकृति दे दी। स्टाफ के दो तीन सदस्य यह देखने के लिए क्या होता, छुप कर कमरे के दरवाजे के पास कान लगाए थे। जब मैं बाहर आया तो बोले आज तो प्रिंसिपल ने अपनी जन्मपत्री में जूता मार दिया। यह तो एक उदहारण है, ऐसी छोटी छोटी कई बाते थी जिनका भी भय रहता था।
संजय गांधी के पांच सूत्रीय कार्यक्रम का सर्वाधिक जोर था। हर कर्मचारी अधिकारी को कार्यक्रम से सम्बंधित टार्गेट दे दिए गए थे। सबसे अधिक कठिन टारगेट था परिवार नियोजन कार्यक्रम। हर कर्मचारी को प्रतिवर्ष दो दो नसबंदी के केस लाने" थे। जोर जबरदस्ती शुरू हो गई थी। पुलिस विभाग और चिकित्सा विभाग तो इसमें बहुत आगे थे, लेकिन अन्य विभागों की स्थिति अलग थी। हर पांच सात दिन में प्रिंसिपल साहब पूछते नसबंदी केस का क्या हुआ। मेरी भुआ की लड़की ने नसबंदी करवाई तो उसमे मोटिवेटर में मेरा नाम लिखवा लिया। इस प्रकार एक केस तो हो गया पर दूसरा केस आपात्काल की समाप्ति तक भी नहीं ला पाया था। लेकिन शिक्षण से ज्यादा तनाव तो इस एक केस का रहा, कई रातों की नींद हराम हो गई।
स्टाफ में इमरजेंसी की आलोचना होती रहती थी, सभी भाग लेते थे उस चर्चा में, पर किसी ने मेरी शिकायत उच्चाधिकारियों से कर दी। शुरू से ही मैं राजनैतिक दृष्टि से जागरूक रहा हूँ इस लिए चर्चा में बढ़चढ़कर भाग लेता था। मुझे पैतृक शासन पसंद नहीं था। मुझसे जवाब माँगा गया। मेरे जवाब का मुख्य आधार था कि मेरा स्थानांतरण तो इमरजेंसी में ही हुआ है इसलिए मैं तो सत्तारूढ़ पार्टी से ही हूँ। खेर बच गए।
इमरजेंसी ख़त्म हुई, तब जाकर भय का वातावरण दूर हुआ। लेकिन बाद में लगा कि यदि जोर जबरदस्ती नहीं हुई होती , इंदिरा गांधी और संजय गांधी दुबारा जीत कर आ जाते तो पांच सूत्रीय कार्यक्रम सफल हो जाता। आज भारत का स्वरुप दूसरा ही होता। मेरे जैसे लोग जो अनुशासन को सबसे अधिक महत्व देते हैं उसे वे दिन अच्छे लगते हैं पर जोर जबरदस्ती का कोई स्थान नहीं होना चाहिए।
No comments:
Post a Comment